उत्तराखंड मौसम: प्रदेश भर में अगले 4 दिन खिली रहेगी चटक धूप, 23 व 24 अक्टूबर को उत्तरकाशी, चमोली समेत इन जिलों में बर्फबारी के आसार

उत्तराखंड मौसम: प्रदेश भर में अगले 4 दिन खिली रहेगी चटक धूप, 23 व 24 अक्टूबर को उत्तरकाशी, चमोली समेत इन जिलों में बर्फबारी के आसार


Uttarakhand Aaj Ka Mausam 19 October: देवभूमि उत्तराखंड में आज से ठीक चार दिनों तक चटक धूप खिली रहेगी. धूप खिलने से पर्वतीय इलाकों में ठंड से राहत मिलेगी. साथ ही, मैदानी इलाकों में मौसम पूरी तरह शुष्क और साफ बना रहेगा. मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून ने प्रदेश के सभी 13 जनपदों देहरादून, हरिद्वार, उधम सिंह नगर, नैनीताल, अल्मोड़ा, बागेश्वर, पौड़ी गढ़वाल, टिहरी गढ़वाल, चंपावत, पिथौरागढ़, उत्तरकाशी, चमोली और रुद्रप्रयाग में अगले चार दिनों तक किसी तरह का अलर्ट जारी नहीं किया है.

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक 22 अक्टूबर तक राहत के बाद 23 अक्टूबर से पहाड़ी जिलों में मौसम करवट लेने वाला है. 23 अक्टूबर को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली और पिथौरागढ़ के ऊंचाई वाले इलाकों में कहीं-कहीं बहुत हल्की से हल्की बारिश और 3500 मीटर या उससे अधिक ऊंचाई वाले स्थानों पर बर्फबारी की संभावना जताई गई है. इसके साथ ही गर्जन और आकाशीय बिजली चमकने का अंदेशा भी जताया गया है. वहीं 24 अक्टूबर को इस दायरे में बागेश्वर जिला भी शामिल हो जाएगा, जबकि राज्य के बाकी सभी जिलोंमें मौसम शुष्क बना रहेगा.

देहरादून, हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर में कैसा रहेगा मौसम?
देहरादून, धर्मनगरी हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर में 19 से 22 अक्टूबर तक मौसम पूरी तरह साफ और शुष्क रहेगा. इन मैदानी जिलों में दिनभर खिलने वाली धूप के चलते दोपहर का तापमान सुखद और सुहावना बना रहेगा, जबकि रात के पारे में हल्की गिरावट के साथ सुबह और देर शाम धुंध व हल्की ठंडक महसूस होगी. किसी तरह की बारिश या तेज हवाओं का कोई अलर्ट नहीं है.

नैनीताल, अल्मोड़ा और पौड़ी गढ़वाल में खिली धूप का असर
नैनीताल, अल्मोड़ा, रानीखेत, पौड़ी और टिहरी में भी आने वाले चार दिनों तक मौसम एकदम साफ रहने का अनुमान है. इन हिल स्टेशनों में दिन के समय चटक धूप खिलने से पर्यटकों को सुहावने मौसम का आनंद मिलेगा और स्थानीय लोगों को ठंड से राहत पहुंचेगी. हालांकि शाम ढलते ही पहाड़ी हवाओं के कारण तापमान में तेजी से गिरावट आएगी, जिससे गर्म कपड़ों की जरूरत महसूस होगी.

उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग और पिथौरागढ़
उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग और पिथौरागढ़ में आज 19 अक्टूबर से 22 अक्टूबर तक मौसम शुष्क रहेगा. हालांकि आज कुछ सीमित ऊंचे इलाकों में छिटपुट बादलों और 3800 मीटर से ऊपर हल्की बर्फबारी या बूंदाबांदी का आंशिक असर दिख सकता है, लेकिन व्यापक तौर पर चार दिन मौसम साफ रहेगा. इसके बाद 23 और 24 अक्टूबर को बदरीनाथ, केदारनाथ, यमुनोत्री और गंगोत्री के 3500 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले शिखरों पर हल्की बर्फबारी और निचले इलाकों में हल्की बारिश व बिजली कड़कने की संभावना है.



Source link