आकाश आनंद को मिलने लगा वो सबकुछ, जो बुआ से चाह रहे थे, यूपी चुनाव से पहले बसपा में बढ़ा कद

आकाश आनंद को मिलने लगा वो सबकुछ, जो बुआ से चाह रहे थे, यूपी चुनाव से पहले बसपा में बढ़ा कद


लखनऊः बहुजन समाज पार्टी की सुप्रीमो मायावती ने रविवार को ट्वीट कर आकाश आनंद की अहमियत को पार्टी में बढ़ाने का फैसला किया है. आकाश आनंद जिस चीज को वर्षों से पार्टी में ढूंढ रहे थे, वह उन्हें धीरे-धीरे मिलता जा रहा है. दरअसल, यूपी में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले आकाश आनंद के हाथों मायावती कमान सौंपती जा रही हैं. मायावती ने ट्वीट कर बताया कि 28 अक्टूबर को जिला बुलन्दशहर में, 02 नवम्बर को जिला सहारनपुर में, 20 नवम्बर को जिला अयोध्या में, 22 नवम्बर को जिला आगरा में तथा दिनांक 29 नवम्बर 2026 को ज़िला कानपुर नगर में जनसभा को संबोधित करेंगे. इसके अलावा आगामी 26 नवम्बर 2026 को ’संविधान दिवस’ के मौके पर पंजाब स्टेट में बी.एस.पी. द्वारा आयोजित ’विचार संगोष्ठी समारोह’ में वे मुख्य अतिथि होंगे.

आकाश आनंद के चुनाव कार्यक्रमों की दी जानकारी
बसपा सुप्रीमो मायावती ने ट्वीट कर लिखा, ‘जैसाकि सर्वविदित है कि श्री आकाश आनन्द, अपने रिश्तेदार श्री अशोक सिद्धार्थ द्वारा राजनीति से संन्यास लिये जाने के उपरान्त, अब बी.एस.पी. के राष्ट्रीय संयोजक के रूप में काफी सूझबूझ व परिपक्वता (मैच्युरिटी) प्रदर्शित करते हुये बी.एस.पी. पार्टी व मूवमेन्ट के कार्यों को, परिवार व रिश्ते-नाते आदि के ऊपर प्राथमिकता देते हुये, अपनी ज़िम्मेदारी को निभाने में काफी मेहनत व तेज़ी से लग गये हैं, जबकि ’बहुजन समाज’ के लोगों को उनसे पूरी अपेक्षा भी है. इसी क्रम में श्री आकाश आनन्द आगामी दिनांक 28 अक्तूबर 2026 को ज़िला बुलन्दशहर में, 02 नवम्बर को जिला सहारनपुर में, 20 नवम्बर को ज़िला अयोध्या में, 22 नवम्बर को ज़िला आगरा में तथा दिनांक 29 नवम्बर 2026 को ज़िला कानपुर नगर में बी.एस.पी. द्वारा आयोजित जनसभा को सम्बोधित करेंगे.’

संविधान दिवस पर पंजाब में चीफ गेस्ट होंगे आकाश आनंद
इसके अलावा उन्होंने ट्वीट कर लिखा, ‘साथ ही, आगामी 26 नवम्बर 2026 को ’संविधान दिवस’ के मौक़े पर पंजाब स्टेट में बी.एस.पी. द्वारा आयोजित ’विचार संगोष्ठी समारोह’ में वे मुख्य अतिथि के रूप में अपने विचार व्यक्त करेंगे. इसके बाद वे देश में दलितों, अति-पिछड़ों व अन्य उपेक्षित बहुजनों के मसीहा परमपूज्य बाबा साहेब डा. भीमराव अम्बेडकर के महापरिनिर्वाण (पुण्यतिथि) दिवस पर आगामी 06 दिसम्बर 2026 को उत्तराखण्ड राज्य के ज़िला हरिद्वार में आयोजित विचार संगोष्ठी समारोह/जनसभा को भी सम्बोधित करेंगे.’

‘बसपा में जो अप्रिय घटनाएं हुईं, उसके जिम्मेदार अशोक सिद्धार्थ’
अपने ट्वीट में मायावती ने आगे लिखा, ‘इस प्रकार से श्री आकाश आनन्द द्वारा बी.एस.पी. पार्टी व मूवमेन्ट के कार्यों में पूरे जी-जान से अब लग जाने से एक बार पुनः यह साबित होता है कि पिछले दिनों जो भी अप्रिय घटनाक्रम हुए हैं तो उसके लिये श्री आकाश आनन्द कम व उनके रिश्तेदार श्री अशोक सिद्धार्थ ज़्यादा ज़िम्मेवार हैं, तभी इनको पार्टी से बाहर करके राजनीति से भी सन्यास लेने की सलाह दी गयी. किन्तु स्वार्थी तत्वों द्वारा लोगों को क़िस्म-क़िस्म के हथकण्डे अपनाकर वरग़लाने का काम अभी भी लगातार जारी है, जिससे पार्टी के सभी लोग ज़रूर सावधान व सतर्क रहें और श्री आकाश आनन्द को साैंपे गये सभी पार्टी कार्यक्रमों को पूरे तन, मन, धन से लग कर उन्हें जरुर सफल बनायें.’

‘अशोक सिद्धार्थ की वापसी में रत्ती भर सच्चाई नहीं’
मायावती ने ट्वीट कर बताया, ‘साथ ही, इन अफवाहों पर बिल्कुल भी ध्यान ना दें कि श्री आकाश आनन्द की तरह श्री अशोक सिद्धार्थ को भी पूर्व की तरह पार्टी में पुनः वापस ले लिया जायेगा. ऐसी अफवाहों में रत्ती भर भी सच्चाई नहीं है अर्थात् अब श्री अशोक सिद्धार्थ को किसी भी स्थिति में व किसी भी क़ीमत पर फिर से पार्टी में पुनः वापिस नहीं लिया जायेगा. यहाँ यह भी उल्लेखनीय है कि श्री आनन्द कुमार के छोटे बेटे श्री ईशान आनन्द, जो वकालत की अपनी पढ़ाई लंदन से पूरी कर चुके हैं, वे भी मेरे (पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष के) दिशा-निर्देशन में, एक सक्रिय कार्यकर्ता के रूप में बी.एस.पी. के दिल्ली स्थित केन्द्रीय कार्यालय में ख़ासकर पार्टी के चुनाव व अन्य पेपरवर्क आदि से सम्बंधित कार्यों में भी सहयोग करेंगे.’



Source link