MP-CG TOP NEWS: CM डॉ. मोहन यादव आज आंध्र प्रदेश के दौरे पर, विजयवाड़ा उत्सव में होंगे शामिल

MP-CG TOP NEWS: CM डॉ. मोहन यादव आज आंध्र प्रदेश के दौरे पर, विजयवाड़ा उत्सव में होंगे शामिल


MP News in Hindi: अगर आप मध्य प्रदेश की हर हलचल से अपडेट रहना चाहते हैं, तो एमपी की ताजा खबरें पढ़ने के लिए हमारे साथ बने रहें. यहां आपको भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, जबलपुर जैसे प्रमुख शहरों के समाचार और सभी जरूरी अपडेट देंगे. इसके अलावा राजनीति, अपराध, मौसम, प्रशासन, क्षेत्र के विकास से जुड़ी और काम की खबरें भी मिलेंगी. चलिए जानते हैं आज मध्य प्रदेश में क्या-क्या है खास. मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की लेटेस्ट खबरें… 

उज्जैन में बबीता जी का गरबा अंदाज, ‘जय महाकाल’ के जयकारों से गूंजा पंडाल
उज्जैन में शुक्रवार रात टीवी अभिनेत्री मुनमुन दत्ता ने सिंधी समाज के गरबा महोत्सव में शिरकत की। ‘तारक मेहता का उल्टा चश्मा’ में बबीता जी का किरदार निभाने वाली मुनमुन दत्ता पार्क पैलेस में आयोजित कार्यक्रम में गरबे की धुन पर थिरकती नजर आईं. उनके मंच पर पहुंचते ही पंडाल में उत्साह बढ़ गया. प्रशंसकों ने उनके साथ सेल्फी लेने के लिए भीड़ लगा दी. इस दौरान अभिनेत्री ने ‘जय महाकाल’ के जयकारे लगवाए, जिससे पूरा पंडाल गूंज उठा. कार्यक्रम में महिलाओं, युवतियों और पुरुषों ने पारंपरिक गरबे की शानदार प्रस्तुतियां दीं। मुनमुन दत्ता की मौजूदगी महोत्सव का मुख्य आकर्षण रही.

शिवरीनारायण मेले में चाकूबाजी का मुख्य आरोपी गिरफ्तार
छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले के शिवरीनारायण मेले में चाकूबाजी और जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी दीप केंवट उर्फ दीप भाई (18) को गिरफ्तार किया है. चप्पल-जूते की दुकान पर मोलभाव को लेकर शुरू हुआ विवाद गाली-गलौज के बाद हिंसक हमले में बदल गया. हमले में क्रेमरेज यादव गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि बीच-बचाव करने पहुंचे करन यादव के सिर में चोट आई. पुलिस ने मामले में तीन विधि से संघर्षरत बालकों को भी पकड़ा है. आरोपियों से तीन स्टील के चाकू, लकड़ी और खून के निशान वाले कपड़े जब्त किए गए हैं. मुख्य आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है. यह कार्रवाई एसपी विजय कुमार पाण्डेय के निर्देश पर शिवरीनारायण पुलिस ने की.

पत्नी अदिति के साथ बाबा महाकाल के दरबार पहुंचे अभिनेता मोहित रैना
टीवी सीरियल ‘देवों के देव महादेव’ में भगवान शिव की भूमिका निभाकर मशहूर हुए अभिनेता मोहित रैना शनिवार को पत्नी अदिति के साथ उज्जैन पहुंचे. यहां उन्होंने श्री महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग मंदिर में बाबा महाकाल के दर्शन किए और भस्म आरती में शामिल होकर भगवान का आशीर्वाद लिया.

गरबा पंडाल में दो मुस्लिम युवकों की एंट्री पर हंगामा, FIR की मांग
भोपाल में रायसेन रोड स्थित एक निजी कॉलेज परिसर में चल रहे गरबा कार्यक्रम के दौरान दो मुस्लिम युवकों के पकड़े जाने पर हंगामा हो गया. बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने दोनों युवकों को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया. आरोप है कि युवक तिलक लगाकर गरबा पंडाल में पहुंचे थे. घटना के बाद मौके पर विवाद की स्थिति बन गई. हिंदू संगठनों से जुड़े युवकों ने आयोजकों और पकड़े गए युवकों के खिलाफ FIR दर्ज करने की मांग की. मामले में पुलिस की कार्रवाई को लेकर जानकारी सामने आना बाकी है.

जांजगीर-चांपा: भुईगांव की बेटी ने नीदरलैंड के युवक से रचाई शादी
छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले के पामगढ़ ब्लॉक स्थित भुईगांव की 25 वर्षीय क्रिस्टीना नथेनियल ने नीदरलैंड के 32 वर्षीय क्रिस्टीयान एन्ड्रीयश वरबूम को अपना जीवनसाथी चुना है. दोनों 16 अक्टूबर को विवाह बंधन में बंधे. अपर कलेक्टर एवं विवाह अधिकारी प्रमोद कुमार गुप्ता के समक्ष तीन गवाहों की मौजूदगी में विवाह की कानूनी प्रक्रिया पूरी की गई और विवाह प्रमाण-पत्र जारी किया गया. गांव की बेटी और विदेशी युवक की शादी जिले में चर्चा का विषय बनी हुई है. हालांकि, दोनों की मुलाकात कहां हुई और उनकी प्रेम कहानी कैसे शुरू हुई, इसकी जानकारी अभी सामने नहीं आई है.

गरबा पंडालों में महिला पुलिस की खास निगरानी, सांस्कृतिक वेशभूषा में की चेकिंग
उज्जैन में नवरात्रि के दौरान महिलाओं और युवतियों की सुरक्षा के लिए पुलिस अलर्ट है. महिला पुलिसकर्मियों ने सांस्कृतिक वेशभूषा में गरबा पंडालों में पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी. वहीं, 15 अक्टूबर की रात नानाखेड़ा क्षेत्र में तीन युवतियों ने युवकों द्वारा पीछा किए जाने की शिकायत डायल 112 पर की. सूचना मिलते ही FRV-24 और शक्ति स्क्वॉड की टीम पांच मिनट में मौके पर पहुंची. जांच के बाद पुलिस ने तीनों युवतियों को सुरक्षित उनके घर पहुंचाया. पुलिस ने नवरात्रि के दौरान महिलाओं की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए निगरानी बढ़ा दी है.

भोपाल में वोटर लिस्ट में फिर जुड़ेंगे नाम, 71 हजार मतदाताओं को राहत
भोपाल में SIR अभियान के दौरान हटाए गए 4.50 लाख नामों में से 71 हजार मतदाताओं के नाम फिर से वोटर लिस्ट में जुड़ गए हैं. अब 2 नवंबर से विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (SSR) की प्रक्रिया शुरू होगी. इसके तहत नए मतदाताओं के नाम जोड़ने और गलत नाम हटाने का काम किया जाएगा. मतदाता सूची में नाम जुड़वाने या अपडेट कराने के लिए अब 2003 का रिकॉर्ड देना जरूरी नहीं होगा. 12 नवंबर को ड्राफ्ट वोटर लिस्ट जारी होगी. इसके बाद 12 नवंबर से 11 दिसंबर तक दावे और आपत्तियां दर्ज की जा सकेंगी. वहीं, 4 जनवरी 2027 को अंतिम मतदाता लिस्ट प्रकाशित की जाएगी.

सड़क पर बंधी रस्सी बनी जानलेवा, बाइक सवार युवक की मौत
अंबिकापुर में जागरण के लिए सड़क पर बांधी गई रस्सी से टकराने पर बाइक सवार एक युवक की मौके पर मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक घायल हो गया. घायल का अस्पताल में इलाज जारी है. घटना से नाराज मृतक के परिजनों और मुस्लिम समाज के लोगों ने देर रात कोतवाली पहुंचकर विरोध जताया और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग की. पुलिस ने FIR दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है.

CM डॉ. मोहन यादव आज आंध्र प्रदेश के दौरे पर, विजयवाड़ा उत्सव में होंगे शामिल
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज 17 अक्टूबर को आंध्र प्रदेश के दौरे पर रहेंगे. वे विजयवाड़ा, मंगलगिरी और अमरावती में विभिन्न स्थानीय कार्यक्रमों में शामिल होंगे. शाम को श्री कनक दुर्गा मंदिर में दर्शन-पूजन करेंगे और विजयवाड़ा उत्सव में भी शामिल होंगे. मुख्यमंत्री सुबह विजयवाड़ा एयरपोर्ट पहुंचेंगे. इसके बाद होटल ताज विवांता में स्थानीय कार्यक्रम में शामिल होंगे. दोपहर में मंगलगिरी और अमरावती में मुलाकात और अन्य कार्यक्रम प्रस्तावित हैं. शाम को मंदिर दर्शन और विजयवाड़ा उत्सव में शामिल होने के बाद वे रात 8:30 बजे भोपाल के लिए रवाना होंगे. उनके रात 10:15 बजे निवास पहुंचने का कार्यक्रम है.

भोपाल में नवरात्रि की सप्तमी पर मां कालरात्रि की पूजा, मंदिरों में उमड़े श्रद्धालु
भोपाल में शारदीय नवरात्रि के सातवें दिन मां कालरात्रि की विशेष पूजा-अर्चना की जा रही है. करुणाधाम मंदिर सहित शहर के प्रमुख देवी मंदिरों में सुबह से ही श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं. मंदिरों में विशेष सजावट और धार्मिक आयोजनों के बीच माता के जयकारों से माहौल भक्तिमय बना हुआ है. भक्त मां के दरबार में शीश नवाकर परिवार की सुख-समृद्धि, खुशहाली और भय-संकट से मुक्ति की कामना कर रहे हैं.

मैहर मां शारदा धाम में नवरात्रि पर उमड़े श्रद्धालु, सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
शारदीय नवरात्रि की सप्तमी पर मां दुर्गा के सातवें स्वरूप मां कालरात्रि की पूजा-अर्चना की जा रही है. मैहर स्थित मां शारदा मंदिर में दर्शन के लिए हर दिन हजारों श्रद्धालु पहुंच रहे हैं. भक्तों की भारी भीड़ को देखते हुए मंदिर परिसर और दर्शन मार्ग पर पुलिस बल तैनात किया गया है. प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए व्यापक इंतजाम किए हैं, ताकि भक्त आसानी से मां के दर्शन कर सकें.



Source link