Basmati Rice Cooking Tips: बासमती चावल के दाने खुशबूदार और लंबे होते हैं. आमतौर पर ये घरों में किसी खास मौके पर बनाया जाता है, क्योंकि इसकी उपस्थिति खाने की थाली में स्वाद के साथ सुंदरता को भी जोड़ती है. लेकिन बासमती चावल को पकाते समय थोड़ी सावधानी बरतनी जरूरी होती है, वरना इसके दाने टूट जाते हैं या कई बार चावल जरूरत से ज्यादा गल जाते हैं, जिससे उनका स्वाद और बनावट दोनों बिगड़ जाते हैं. इसकी एक बड़ी वजह चावल पकाते समय पानी की सही मात्रा का ध्यान न रखना है.
ऐसे में अगर आप भी चाहते हैं कि घर पर बने बासमती चावल लंबे, मुलायम और खिले-खिले बनें, तो पानी और चावल का सही अनुपात जानना जरूरी है. अच्छी बात यह है कि इसके लिए आपको किसी खास उपकरण की जरूरत नहीं है. बस एक कप बिना भिगोए बासमती चावल और सही मात्रा में पानी लेकर आप आसानी से स्वादिष्ट चावल बना सकते हैं. आइए जानते हैं चावल पकाने का सही तरीका और कुछ जरूरी कुकिंग टिप्स.
1 कप बासमती चावल में कितना पानी डालें?
अगर आप बिना भिगोए बासमती चावल को गैस पर ढककर पकाना चाहते हैं, तो एक कप चावल के लिए दो कप पानी इस्तेमाल करें. ये अनुपात सामान्य सफेद बासमती चावल को पकाने के लिए परफेक्ट माना जाता है. हालांकि, चावल की किस्म, उसकी उम्र और बर्तन के अनुसार पानी की जरूरत थोड़ी बदल सकती है.
खिले-खिले बासमती चावल बनाने का तरीका
चावल को अच्छी तरह धोएं- सबसे पहले एक कप बासमती चावल को दो से तीन बार पानी से धो लें. इससे चावल की सतह पर मौजूद अतिरिक्त स्टार्च निकलने में मदद मिलती है और चावल के आपस में चिपकने की आशंका कम हो सकती है.
सही मात्रा में पानी डालें- अब एक भारी तले वाले बर्तन में धुले हुए चावल और दो कप पानी डालें. स्वाद के लिए थोड़ा नमक भी मिला सकते हैं. चाहें तो कुछ बूंदें घी की डालें.
पहले पानी को उबलने दें- बर्तन को गैस पर रखें और पानी में उबाल आने दें. इसके बाद आंच धीमी कर दें और बर्तन को ढक्कन से अच्छी तरह ढक दें.
धीमी आंच पर पकाएं- चावल को लगभग 12-15 मिनट तक धीमी आंच पर पकने दें. बीच-बीच में ढक्कन खोलने से बचें, क्योंकि इससे भाप बाहर निकलती है और चावल पकने में अधिक समय लग सकता है. समय चावल की किस्म और बर्तन के अनुसार बदल सकता है. जब दानें सॉफ्ट हो जाएं तो एक्स्ट्रा पानी को निकाल लें. वहीं यदि आप इसे कुकर में पका रहे हैं, तो आंच को धीमा रखकर पहली सींटी आने का इंतजार करें.
कुछ देर ढककर रखें- चावल को तुरंत कुकवेयर से न निकालें. इसे अच्छी तरह से सेट होने दें. 5-10 मिनट के बाद इसे सर्व करें .
चावल बनाते समय इन बातों का रखें ध्यान
चावल पकाते समय बार-बार चम्मच चलाने से बचें, क्योंकि इससे दाने टूट सकते हैं. पानी का अनुपात सही रखें और चावल को धीमी आंच पर पकाएं. अगर चावल अधपके लगें और पानी पूरी तरह सूख गया हो, तो थोड़ा गर्म पानी डालकर कुछ देर और पकाया जा सकता है.