Last Updated:
Diwali Festival Gold-Silver Sale: दिवाली का सीजन आने वाला है, लेकिन हर बार की तरह इस बार ज्वेलरी की दुकान पर ग्राहकों की भीड़ देखने को नहीं मिल रही. रेट गिरने के बाद भी ग्राहकों का रूझान खरीदारी की ओर नहीं बढ़ रहा है, जानते हैं इसके पीठे की वजह.
सोने-चांदी के भाव
देहरादून: फेस्टिव और वेडिंग सीजन वो समय होता है, जब अमूमन लोगों का रूझान रहता है कि वो सोने और चांदी की खरीददारी करें. मगर आपको जानकार हैरानी होगी कि पिछले एक हफ्तें में सोने-चांदी की कीमतों में गिरावट दर्ज हुई है. उसके बावजूद लोगों का रूझान सोने-चांदी की ज्वैलरी खरीदने में नहीं देखा जा रहा है. ग्राहकों को अब भी सोने और चांदी के ज्यादा भाव लग रहे हैं. ग्राहक अब भी उम्मीद में हैं कि कहीं सोने का भाव और ना गिर जाए.
आंकड़े बताते हैं कि सितंबर महीने में सोने का आयात 81.27% घटकर 1.8 अरब डॉलर का रह गया, जबकि चांदी का आयात 49.11% गिरकर 66.50 करोड़ डॉलर का रह गया. जानकार बताते हैं कि कीमती धातुओं पर सीमा शुल्क में भारी बढ़ोतरी के कारण आयात में यह गिरावट आई है.
क्या हैं 24, 22 और 18 कैरेट गोल्ड और चांदी के दाम?
देहरादून में सर्राफा बाजार के ज्वैलर्स के मुताबिक, पिछले कुछ दिनों में गोल्ड और ज्वैलरी की डिमांड में कमी आई है. कमल ज्वैलर्स के नवीन रस्तोगी बताते हैं कि 24 कैरेट सोने की कीमत 1,47,400 रुपए प्रति 10 ग्राम है. जबकि 22 कैरेट गोल्ड 1,35,350 रुपए ,18 कैरेट गोल्ड 1,12,35 रुपए प्रति 10 ग्राम के भाव पर बिक रहा है. वहीं 14 कैरेट गोल्ड की कीमत 88,700 रुपए प्रति 10 ग्राम है. चांदी की बात की जाए तो चांदी की कीमत 2 लाख 15 हजार रुपए किलो पहुंच गई है.
हल्की वजन की ज्वैलरी को प्राथमिकता
वहीं सर्राफा व्यापारी बताते हैं कि लोगों की पंसद सिल्वर और हल्के वजन की ज्वैलरी तक पहुंच गई है. ज्यादातर लोग लाइट वेट ज्वैलरी को प्राथमिकता दे रहे हैं. खास बात यह है कि सोने और चांदी के दाम में पिछले कुछ दिनों में 3 से 4 हजार रुपए की कमी देखी गई, लेकिन उसके बावजूद लोग सोने-चांदी को खरीदना पंसद नहीं कर रहे हैं. अब देखना यह होगा कि दिवाली फेस्टिवल के दौरान सोने-चांदी की खरीदारी में कितना उतार-चढ़ाव देखने को मिलता है.