रोहित-वैभव पर पूछे गए कड़े सवाल, परफेक्ट जवाब देने वाला ही बनेगा चीफ सिलेक्टर
Last Updated:
भारतीय क्रिकेट टीम में अजीत अगरकर के चीफ सिलेक्टर पद से हटने के बाद उनकी जगह लेने के लिए नए उम्मीदवारों का इंटरव्यू हुआ. इस इंटरव्यू में वैभव सूर्यवंशी और रोहित शर्मा को लेकर उम्मीदवारों से कड़े सवाल पूछे गए. इस इंटरव्यू में रोमेश पोवार, सलील अंकोला और वसीम जाफर जैसे पूर्व क्रिकेटर शामिल हुए.
रोहित शर्मा और वैभव सूर्यवंशी
नई दिल्ली: भारतीय क्रिकेट टीम के मुख्य चयनकर्ता पद के लिए इंटरव्यू की प्रक्रिया पूरी हो गई है. अजीत अगरकर का कार्यकाल पूरा होने के बाद चयन समिति में यह पद खाली हुआ है, जिस पर फिलहाल प्रज्ञान ओझा अंतरिम मुख्य चयनकर्ता के रूप में जिम्मेदारी संभाल रहे हैं. इंटरव्यू प्रक्रिया पूरी होने के बाद ओझा के पूर्णकालिक कार्यभार संभालने का रास्ता भी लगभग साफ हो गया है. इसके साथ ही सिलेक्शन कमिटी में पांचवें चयनकर्ता कौन होंगे, इस पर भी जल्द ही बीसीसीआई की क्रिकेट सलाहकार समिति (सीएसी) की ओर से फैसला लिया जाएगा.
‘हिंदुस्तान टाइम्स’ की रिपोर्ट के मुताबिक, मुंबई के दो पूर्व भारतीय क्रिकेटरों रमेश पोवार (2 टेस्ट, 31 वनडे) और सलिल अंकोला (1 टेस्ट, 20 वनडे) में से किसी एक को चयन समिति का पांचवां सदस्य बनाया जा सकता है. रिपोर्ट के अनुसार, चयनकर्ता पद के लिए हुए इंटरव्यू के दौरान सीएसी ने उम्मीदवारों से रोहित शर्मा के वनडे भविष्य को लेकर तीखे सवाल किए. इसके अलावा, वैभव सूर्यवंशी को प्लेइंग इलेवन में लगातार मौका नहीं मिलने के मामले पर भी उम्मीदवारों से उनकी राय जानने की कोशिश की गई.
रोहित और वैभव को लेकर क्या सवाल पूछे गए?
चयनकर्ता पद के इंटरव्यू के दौरान उम्मीदवारों से यह भी पूछा गया कि अपनी क्षमता और टीम में निरंतरता के बावजूद वैभव सूर्यवंशी को प्लेइंग इलेवन में क्यों नहीं शामिल किया जा रहा है. इंटरव्यू लेने वाले पैनल यह समझना चाहते थे कि इस मामले में उम्मीदवारों का दृष्टिकोण क्या होगा.
इसके साथ ही, उम्मीदवारों के सामने एक काल्पनिक परिस्थिति भी रखी गई, जिसमें यदि चोट के कारण भारत को शुभमन गिल की सेवाएं गंवानी पड़ें, तो उनके विकल्प के रूप में टीम की कमान संभालने के लिए उनके दिमाग में कौन-से खिलाड़ी बतौर बैक-अप कप्तान मौजूद हैं. साथ ही रोहित शर्मा का वनडे टीम में क्या भविष्य है इस पर भी चर्चा हुई.
वनडे टीम में रोहित की जगह को लेकर फंसा है पेंच
भारत के वनडे टीम में ओपनर बल्लेबाज रोहित शर्मा की जगह को लेकर पेच फंसा हुआ है. रोहित शर्मा वनडे विश्व कप 2027 में खेलेंगे या फिर नहीं ये एक बड़ा मुद्दा बन हुआ है. क्योंकि पूर्व चीफ सिलेक्टर अजीत अगरकर ने रोहित को टीम में रखने के पक्ष में नहीं थे. शायद इस वजह से भी अगरकर के कार्यकाल को आगे नहीं बढ़ाया गया. यही कारण है कि इंटरव्यू में उम्मीदवारों से रोहित को लेकर राय जानने की कोशिश की गई.