Last Updated:
मध्य प्रदेश के बुरहानपुर जिले में शारदीय नवरात्रि के अवसर पर 500 से अधिक पंडालों में मां दुर्गा की प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं. भक्त गरबा और डांडिया खेलकर माता रानी की आराधना कर रहे हैं. जिले में 500 से अधिक पंडालों में विराजीं मां दुर्गा के दर्शन और गरबा-डांडिया के आयोजन नवरात्रि के उत्साह को खास बना रहे हैं. चारों ओर जय माता दी के जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना हुआ है.
बुरहानपुर. मध्य प्रदेश के बुरहानपुर जिले में शारदीय नवरात्रि पर्व को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है. जिले में 500 से अधिक पंडालों में मां दुर्गा की प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं. इन पंडालों में माता रानी अलग-अलग स्वरूपों में विराजमान हैं. जो श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है. सुबह से लेकर शाम तक पूजा-अर्चना के लिए भक्तों की आवाजाही जारी है वहीं रात होते ही गरबा और डांडिया की धूम देखने को मिल रही है. पूरा जिला भक्ति आस्था और उत्सव के रंग में रंगा नजर आ रहा है.
लोकल 18 की टीम को समिति के आकाश ने जानकारी देते हुए बताया कि नवरात्रि के अवसर पर शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक विभिन्न समितियों द्वारा आकर्षक पंडाल सजाए गए हैं. कहीं मां दुर्गा के पारंपरिक स्वरूप के दर्शन हो रहे हैं. तो कहीं विशेष सजावट और झांकियों के माध्यम से भक्तों को आकर्षित किया जा रहा है. पंडालों में आकर्षक विद्युत सज्जा और धार्मिक वातावरण श्रद्धालुओं को अपनी ओर खींच रहा है. भक्त माता रानी के दर्शन कर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना कर रहे हैं.
गरबा-डांडिया में दिख रहा उत्साह
नवरात्रि के दौरान शाम होते ही विभिन्न पंडालों और आयोजन स्थलों पर गरबा-डांडिया की रौनक बढ़ जाती है. महिलाएं, युवतियां और अन्य श्रद्धालु पारंपरिक परिधानों में सजकर गरबा खेलते नजर आ रहे हैं. रंग-बिरंगे कपड़ों और पारंपरिक वेशभूषा में भक्त मां दुर्गा की आराधना कर रहे हैं. ढोल और संगीत की धुन पर गरबा करते श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बनता है.
भक्ति और उत्सव का संगम
नवरात्रि के नौ दिनों में पूजा-पाठ आरती और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से श्रद्धालु मां दुर्गा की भक्ति में लीन हैं. विभिन्न समितियों द्वारा आयोजित कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में लोग भाग ले रहे हैं. यह पर्व धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक मेल-मिलाप और सांस्कृतिक परंपराओं को भी बढ़ावा दे रहा है.