Last Updated:
Bastar Dussehra Rath Accident: बस्तर दशहरा की रथ परिक्रमा के दौरान अचानक रूट बदलने से रथ बिजली के पोल से जा टकराया. पोल गिरते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई और कई लोग घायल हो गए. गनीमत रही कि बिजली की चिंगारियों से कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ. पूरी घटना सीसीटीवी में कैद हो गई है.
बस्तर दशहरा में रथ बिजली के पोल से टकराया.
Bastar News: बस्तर दशहरा की रथ परिक्रमा के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया. रथ परिक्रमा के समय सड़क के किनारे लगा बिजली का पोल रथ से टकराकर नीचे गिर गया. पोल सीधे वहां खड़े श्रद्धालुओं और लोगों के ऊपर आ गिरा. इस घटना से मौके पर अचानक अफरा-तफरी मच गई. अपनी जान बचाने के लिए लोग इधर-उधर भागने लगे.
यह पूरी घटना पास में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई है. पोल गिरने के कारण वहां खड़े कई लोगों को चोटें आई हैं. हादसे के दौरान बिजली के तारों से तेज चिंगारियां निकल रही थीं. गनीमत यह रही कि कोई भी व्यक्ति इन चिंगारियों की चपेट में नहीं आया. अगर ऐसा होता, तो कोई बड़ा हादसा हो सकता था.
तो इसलिए हुआ हादसा!
रथ परिक्रमा का रूट अचानक बदल जाने से एक स्कूटी सवार भी रथ की चपेट में आने से बाल-बाल बच गया. वहां मौजूद सुरक्षा बल के जवानों ने मुस्तैदी दिखाते हुए स्कूटी सवार को तुरंत बाहर निकाला. बताया जा रहा कि रथ खींचने वाले कुछ शरारती लोगों ने अचानक रथ का रूट बदल दिया था. उन्होंने तेजी से पॉवर हाउस चौक की तरफ रथ को खींचा. इसी वजह से यह हादसा हुआ.
पुलिस को करनी पड़ी अपील
घटना के तुरंत बाद मौके पर तैनात पुलिस जवानों ने व्यवस्था संभाली. उन्होंने भीड़ को वहां से हटाया और स्थिति को नियंत्रित किया. जवानों ने रथ खींचने वाले लोगों को समझाते हुए श्रद्धा से रथ परिक्रमा करने की अपील की. काफी देर बाद रुकी हुई रथ परिक्रमा को पूरा कराया गया.