Lucknow News : सुशांत गोल्फ सिटी में भीषण हादसा, मकान में जा घुसा ट्रक, स्टीयरिंग में फंसे चालक को बचाया

Lucknow News : सुशांत गोल्फ सिटी में भीषण हादसा, मकान में जा घुसा ट्रक, स्टीयरिंग में फंसे चालक को बचाया


Last Updated:

UP News : लखनऊ में एक शख्स की जान जाते जाते बच गई. सुशांत गोल्फ सिटी के खुदई बाजार में सुबह हादसा हो गया. एक ट्रक मकान में जा घुसा, जिससे चालक फंस गया. विशेष उपकरणों की मदद से चालक का रेस्क्यू कर अस्पताल भेजा गया.

Zoom

लखनऊ में बड़ा हादसा होते-होते बचा.

लखनऊ: यूपी की राजधानी के सुशांत गोल्फ सिटी थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया. यहां ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने मकान में जा घुसा. हादसे के बाद ट्रक का चालक स्टीयरिंग में बुरी तरह फंस गया. सूचना मिलने पर अग्निशमन विभाग की टीमें तत्काल मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद चालक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया. इसके बाद उसे एंबुलेंस की मदद से उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा गया. हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई.

अग्निशमन विभाग का कहना है कि आज सुबह 5 बजकर 3 मिनट पर फायर स्टेशन पीजीआई के वॉचरूम को ट्रक दुर्घटना की जानकारी मिली. बताया गया कि सुल्तानपुर रोड स्थित खुदई बाजार, सुशांत गोल्फ सिटी में एक ट्रक दुर्घटनाग्रस्त हो गया है और उसका चालक वाहन के अंदर फंसा हुआ है. सूचना मिलते ही प्रभारी अग्निशमन अधिकारी पीजीआई के नेतृत्व में एक एफक्यूआरवी और फायर स्टेशन हजरतगंज से एक एमडीआरवी यूनिट को तत्काल भेजा गया.

बुरी तरह फंसा चालक स्टीयरिंग 

मौके पर पहुंची अग्निशमन विभाग की टीम ने देखा कि ट्रक सड़क किनारे बने एक मकान में घुसा हुआ था. दुर्घटना के कारण चालक स्टीयरिंग में बुरी तरह फंस गया था और उसे बाहर निकालना बहुत मुश्किल होने वाला था. हालत को देखते हुए फायर सर्विस कर्मियों ने विशेष उपकरणों की मदद से रेस्क्यू अभियान शुरू किया. प्रभारी अग्निशमन अधिकारी पीजीआई के कुशल निर्देशन में टीम ने सावधानीपूर्वक कार्रवाई करते हुए चालक को ट्रक से सकुशल बाहर निकाल लिया. इसके बाद उसे एंबुलेंस से नजदीकी अस्पताल भेज दिया गया, जहां उसका उपचार कराया जा रहा है.

हादसे में घायल चालक की पहचान लखनऊ के गंगागंज के रहने वाले रोहित पुत्र राजकुमार के रूप में हुई है. दुर्घटनाग्रस्त ट्रक का पंजीकरण नंबर UP32JN3841 बताया गया है. ट्रक कानपुर से बाराबंकी की ओर जा रहा था, तभी खुदई बाजार के पास यह दुर्घटना हो गई.



Source link