Last Updated:
इंदौर के एक गरबा पंडाल में लकड़ी को अनुचित तरीके से धक्का देने और दुर्व्यवहार करने का वीडियो वायरल हुआ है. वीडियो में दिख रहे व्यक्ति की पहचान राजमाता जीजाबाई मंडल के भाजपा अध्यक्ष के रूप में हुई है. कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता ने भाजपा और पुलिस से कड़ी कार्रवाई की मांग की है.
इंदौर के गरबा पंडाल में लड़की से बदसलूकी का वायरल वीडियो.
रिपोर्ट: मिथिलेश गुप्ता
Indore News: मध्य प्रदेश के इंदौर शहर से एक गरबा पंडाल का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. इस वीडियो में एक मासूम लकड़ी के साथ दुर्व्यवहार और उसे अनुचित तरीके से धक्का देते हुए देखा जा सकता है.
भाजपा मंडल अध्यक्ष का वीडियो वायरल
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस वीडियो में लड़की से अभद्रता करने वाले व्यक्ति की पहचान उजागर हो गई है. वीडियो में दिख रहा व्यक्ति राजमाता जीजाबाई मंडल का भाजपा मंडल अध्यक्ष कमल चौहान बताया जा रहा है. सार्वजनिक गरबा पंडाल में हुए इस दुर्व्यवहार की चौतरफा निंदा की जा रही है.
कांग्रेस ने भाजपा पर साधा निशाना
घटना की खबर सामने आते ही विपक्षी दल कांग्रेस ने भारतीय जनता पार्टी पर तीखा हमला बोला है. मध्य प्रदेश कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता अमित चौरसिया ने इस पूरे मामले को लेकर भाजपा की चुप्पी पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं. उन्होंने भाजपा इंदौर महानगर अध्यक्ष सुमित मिश्रा को घेरते हुए पूछा कि वे इस मामले पर अब तक शांत क्यों हैं.
तत्काल बर्खास्तगी और पुलिस कार्रवाई की मांग
कांग्रेस प्रवक्ता अमित चौरसिया ने मांग की कि आरोपी मंडल अध्यक्ष कमल चौहान को तुरंत पार्टी से बर्खास्त किया जाए. साथ ही उन्होंने इंदौर के पुलिस कमिश्नर से इस घटना पर सख्त संज्ञान लेने और दोषी नेता पर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है.
भाषणों से नहीं, कार्रवाई से साबित होती है सुरक्षा
कांग्रेस प्रवक्ता ने भाजपा के ‘लव जिहाद’ से जुड़े बयानों का जिक्र करते हुए पार्टी पर तंज कसा. उन्होंने कहा कि बेटियों की सुरक्षा केवल भाषण देने से साबित नहीं होती, बल्कि इसके लिए धरातल पर ठोस कार्रवाई करनी पड़ती है. उन्होंने सवाल उठाया कि अपनी पार्टी के नेता द्वारा लड़की से अभद्रता किए जाने पर भाजपा सख्त कदम कब उठाएगी?