Last Updated:
Saudi Arabia Flights Cancel by Indian Airlines: सऊदी अरब और यमन के हूती विद्रोहियों के बीच भारतीय विमानन कंपनियों ने उड़ानें रद्द करने की अवधि बढ़ा दी है. एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस की रियाद, जेद्दा और दम्माम के लिए उड़ानें 20 अक्टूबर तक निलंबित रहेंगी.
भारतीय कंपनियों ने कैंसिल की सऊदी अरब की फ्लाइट.
Saudi Arabia Flight Cancel: सऊदी अरब में सुरक्षा से जुड़ी स्थिति को देखते हुए भारतीय विमानन कंपनियों ने वहां के लिए अपनी उड़ानों पर रोक बढ़ा दी है. एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस ने रियाद, जेद्दा और दम्माम के लिए आने-जाने वाली उड़ानें 20 अक्टूबर 2026 तक रद्द रखने का फैसला किया है. वहीं इंडिगो और अकासा एयर ने भी सऊदी अरब के कुछ शहरों के लिए अपनी सेवाएं अस्थायी रूप से बंद रखने की घोषणा की है.
एयरलाइंस ने यात्रियों को सलाह दी है कि वे हवाई अड्डे के लिए रवाना होने से पहले अपनी उड़ान की स्थिति जरूर जांच लें. कंपनियों का कहना है कि यात्रियों और विमान चालक दल की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया गया है.
एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस ने क्या कहा?
एयर इंडिया ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर जारी यात्रा परामर्श में बताया कि सऊदी अरब की मौजूदा स्थिति के कारण रियाद, जेद्दा और दम्माम के लिए तथा वहां से आने वाली उसकी सभी उड़ानें 20 अक्टूबर तक रद्द रहेंगी. कंपनी ने कहा कि रद्द उड़ानों से प्रभावित यात्रियों को टिकट का पूरा पैसा वापस किया जाएगा. एयरलाइन के मुताबिक यात्रियों और चालक दल की सुरक्षा उसकी पहली प्राथमिकता है. एयर इंडिया एक्सप्रेस ने भी इन तीनों शहरों के लिए उड़ानें 20 अक्टूबर तक निलंबित रखने का फैसला किया है. कंपनी ने यात्रियों को मुफ्त में यात्रा की तारीख बदलने या पूरा रिफंड लेने का विकल्प दिया है. एयरलाइन ने कहा कि वह स्थिति पर लगातार नजर रख रही है और जरूरत के अनुसार आगे के फैसले लेगी.
इंडिगो और अकासा एयर ने भी बढ़ाई रोक
इंडिगो ने गुरुवार को घोषणा की थी कि रियाद, जेद्दा, दम्माम और मदीना के लिए तथा वहां से आने वाली उड़ानें 24 अक्टूबर तक रद्द रहेंगी. वहीं अकासा एयर ने रियाद के लिए उड़ानों पर लगी रोक 24 अक्टूबर तक और जेद्दा के लिए उड़ानों पर लगी रोक 21 अक्टूबर तक बढ़ा दी है. अकासा एयर ने प्रभावित यात्रियों को पूरा रिफंड लेने या बिना अतिरिक्त शुल्क के यात्रा की तारीख बदलने का विकल्प दिया है.
यात्रियों के लिए जरूरी सलाह
एयरलाइंस ने यात्रियों से कहा है कि वे यात्रा से पहले अपनी उड़ान की ताजा जानकारी आधिकारिक वेबसाइट या संबंधित एयरलाइन के सोशल मीडिया अकाउंट पर देखें. साथ ही टिकट बुक करते समय दिया गया मोबाइल नंबर और ईमेल पता अपडेट रखें, ताकि उड़ान में बदलाव की सूचना समय पर मिल सके. फिलहाल उड़ान सेवाएं दोबारा शुरू करने का फैसला सऊदी अरब की सुरक्षा स्थिति की समीक्षा के बाद लिया जाएगा. सऊदी अरब जाने या वहां से भारत लौटने की योजना बना रहे यात्रियों को सलाह दी गई है कि बिना पुख्ता जानकारी के नहीं निकलें.