Dussehra School Holidays 2026: दशहरा पर स्कूलों में छुट्टियों की भरमार, यूपी-बिहार से दिल्ली-NCR और कोलकाता तक का जानें हाल

Dussehra School Holidays 2026: दशहरा पर स्कूलों में छुट्टियों की भरमार, यूपी-बिहार से दिल्ली-NCR और कोलकाता तक का जानें हाल


Last Updated:

Dussehra School Holidays 2026: साल 2026 में दशहरा 20 अक्टूबर को है. उत्तर प्रदेश, दिल्ली, बिहार, पश्चिम बंगाल और तेलंगाना समेत विभिन्न राज्यों में स्कूलों की छुट्टियों का शेड्यूल अलग-अलग है. जानिए आपके राज्य में दशहरा के अवसर पर स्कूल कितने दिन बंद रहेंगे.

Zoom

Dussehra School Holidays 2026: दशहरा के अवसर पर कई राज्यों में लंबी छुट्टी मिलेगी

नई दिल्ली (Dussehra School Holidays 2026). दशहरा असत्य पर सत्य की जीत और बुराई पर अच्छाई का प्रतीक है. विजयादशमी यानी दशहरा का पावन पर्व देशभर में उत्साह के साथ मनाया जाता है. साल 2026 में दशहरा 20 अक्टूबर, मंगलवार के दिन है. इस खास मौके पर मार्केट में रौनक बढ़ जाती है और रावण दहन की तैयारियां जोरों पर होती हैं. वहीं स्कूली बच्चों और उनके अभिभावकों को भी लंबी छुट्टियों का बेसब्री से इंतजार रहता है. विभिन्न राज्यों में स्कूलों की छुट्टियों का शेड्यूल अलग होता है.

आमतौर पर उत्तर भारत के राज्यों में दशहरा के अवसर पर 2-3 दिनों की छुट्टियां मिलती हैं. वहीं दक्षिण भारत और पश्चिम बंगाल और तेलंगाना जैसे पूर्वी राज्यों में ऑटम ब्रेक या दुर्गा पूजा के नाम पर लंबी छुट्टी मिलती है. स्कूली बच्चे छुट्टी का अपडेट जानने के लिए काफी बेकरार रहते हैं. उनके लिए यह पढ़ाई से ब्रेक और मौज-मस्ती का बढ़िया अवसर मिल जाता है. जानिए साल 2026 के इस पावन पर्व पर देश के विभिन्न राज्यों में दशहरा की छुट्टियां कब-कब मिलेंगी.

Dussehra School Holidays 2026: कब और कितने दिन स्कूल बंद रहेंगे?

दशहरा 20 अक्टूबर 2026 (मंगलवार) को है. सोमवार की छुट्टी लेकर इसे लॉन्ग वीकेंड बनाया जा सकता है. कई राज्यों में दशहरा की लंबी छुट्टी है. जानिए दशहरा के खास अवसर पर किस राज्य में कितने दिन स्कूल बंद रहेंगे.

उत्तर प्रदेश में 8 दिनों का लंबा ब्रेक

उत्तर प्रदेश के स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों के लिए इस बार दशहरा के अवसर पर कुल 8 दिनों की मौज रहने वाली है. राज्य में दशहरे का मुख्य पर्व 20 अक्टूबर को है. लेकिन शिक्षा विभाग के कैलेंडर के अनुसार छुट्टियां 18 अक्टूबर से शुरू होकर 25 अक्टूबर तक चलेंगी. इसके बाद सोमवार, 26 अक्टूबर को नियमित रूप से स्कूल खुल जाएंगे.

दिल्ली-NCR में कितने दिन स्कूल बंद रहेंगे?

राजधानी दिल्ली और इसके आस-पास के एनसीआर क्षेत्रों में स्कूलों की छुट्टियां थोड़ी सीमित होती हैं. शिक्षा निदेशालय, दिल्ली के हॉलिडे कैलेंडर के अनुसार दिल्ली-एनसीआर के स्कूलों में इस बार मुख्य त्योहार के आस-पास 3 दिनों यानी 18, 19 और 20 अक्टूबर 2026 को अवकाश घोषित किया गया है. इससे बच्चे परिवार के साथ त्योहार का आनंद ले सकेंगे.

पश्चिम बंगाल में दुर्गा पूजा पर 12 दिनों की छुट्टियां

पश्चिम बंगाल में दुर्गा पूजा और दशहरा का उत्सव किसी महाउत्सव से कम नहीं होता. राज्य की संस्कृति को ध्यान में रखते हुए यहां स्कूलों में सबसे लंबी छुट्टियां मिलती हैं. साल 2026 में पश्चिम बंगाल के स्कूलों में 15 अक्टूबर से लेकर 26 अक्टूबर तक यानी पूरे 12 दिनों तक पढ़ाई बंद रहेगी. इस दौरान चारों तरफ सिर्फ उत्सव का माहौल होगा.

तेलंगाना और आंध्र प्रदेश में छुट्टियों का शेड्यूल

दक्षिण भारतीय राज्यों की बात करें तो तेलंगाना में स्टूडेंट्स की चांदी है. यहां ‘समेटिव असेसमेंट-1’ (SA-1) परीक्षाओं के बाद 10 अक्टूबर से शुरू हुई छुट्टियां सीधे 23 अक्टूबर को खत्म होंगी यानी कुल 13 दिनों का अवकाश मिल रहा है. वहीं, आंध्र प्रदेश में 12 अक्टूबर से शुरू हुई छुट्टियां 21 अक्टूबर तक चलेंगी और स्कूल 22 अक्टूबर से दोबारा खुल जाएंगे.

राजस्थान, बिहार और झारखंड में क्या है छुट्टियों का हाल?

राजस्थान के सरकारी स्कूलों में शिविरा पंचांग के तहत 18 से 25 अक्टूबर तक (8 दिन) स्कूल बंद रहेंगे. बिहार में दुर्गा पूजा और दशहरा को देखते हुए सरकारी और सहायता प्राप्त स्कूलों में 17 से 21 अक्टूबर तक (5 दिन) अवकाश रहेगा. इसके अलावा झारखंड एकेडमिक काउंसिल (JAC) के नियमों के मुताबिक 19, 20 और 21 अक्टूबर यानी महाअष्टमी से लेकर विजयादशमी तक तीन दिनों की छुट्टी तय की गई है.



Source link