Last Updated:
Belgium Vessel News: आजकल आप एक नाम बड़ा सुन रहे होंगे. वो है- 308 पहिया वाला मल्टी एक्सल वैक्यूम बॉयलर. ये कोई ऐसी वैसी मशीन नहीं है, बल्कि बेल्जियम से लाई गई है. अब हर किसी का ध्यान इसी पर है. मगर, इस बॉयलर से प्रशासन के हाथ-पैर फूल गए हैं.
बेल्जियम से आए वेसल से मुसीबत.
सिद्धार्थनगर : आज कल बेल्जियम से भारत आई एक मशीन किसी इंसान से भी ज्यादा सोशल मीडिया पर वायरल हो गई है. यह कोई ऐसी वैसी मशीन नहीं है, बल्कि इसके लिए 308 पहिए वाले विशालकाय ट्रक की जरूरत तक पड़ गई. सोचिए जैसे जैसे समय बीत रहा पहिए तक हटाने पड़ रहे. यानी कि अब 250 पहियों के सहारे धीरे-धीरे ट्रक आगे बढ़ रहा है. इस बाहुबली ट्रक तो हालत हुई है खस्ता. साथ ही अब बीएसएनएल को भी भारी पड़ गया. दरअसल, बीएसएनएल की ओवरहेड वायर ट्रक की चपेट में आकर टूट गए.
308 में से बचे 250 पहियों वाला ‘बाहुबली’ ट्रक फिलहाल यूपी के सिद्धार्थनगर से गुजरा है. इस ट्रक पर बायोप्लास्टिक संयंत्र के लिए बेल्जियम से मंगाई गई भारी मशीन लदी हुई है. बस्ती जिले से डुमरियागंज तहसील क्षेत्र में प्रवेश कर यह ट्रक लखीमपुर के कुम्भी ले जाया जा रहा है, जहां पाली लैक्टिक एसिड आधारित बायोप्लास्टिक संयंत्र स्थापित किया जाना है. इस मशीन का वजन 164 टन से अधिक और लंबाई 41 मीटर है. धीमी गति के कारण सड़क पर जाम की स्थिति बन गई और लोगों की भीड़ जुट गई.
‘बाहुबली’ ट्रक की अधिक ऊंचाई के कारण रास्ते में कई जगहों पर दिक्कतें आईं. इस वेसल के लिए वाराणसी हो या कोई और शहर रास्ते में आने वाले हाई-टेंशन बिजली तारों को हटाने, पेड़ों की छंटाई करने और कई जगहों पर पुल या फुट-ओवर ब्रिज के हिस्सों को अस्थायी रूप से हटाने का काम किया गया है. वहीं, असनहरा, भानपुर, दुबौली और बेवा चौराहे पर बीएसएनएल के ओवरहेड वायर ट्रक की चपेट में आकर टूट गए. इसकी वजह से संबंधित क्षेत्रों में इंटरनेट सेवा कुछ समय के लिए पूरी तरह बाधित रही. हालांकि, कुछ जगहों पर तारों को तुरंत जोड़कर इंटरनेट सेवा बहाल कर दी गई, जबकि बेवा चौराहे पर टूटे वायर को ठीक करने का काम जारी रहा.
विशालकाय ट्रक की आवाजाही को सुगम बनाने के लिए इसके आगे एक क्रेन चल रही थी, जो रास्ते में आ रही पेड़ों की डालियों को काटकर रास्ता साफ कर रही थी. इसके अलावा, ट्रक के दोनों तरफ कर्मचारी लंबे-लंबे बांस लेकर पैदल चल रहे थे, ताकि बिजली के तारों को ऊपर उठाकर ट्रक को सुरक्षित निकाला जा सके. भवानीगंज थाना क्षेत्र के भड़रिया में यह ट्रक रात लगभग 9 बजे पहुंचा. यहां से आगे बलरामपुर जिले की सीमा शुरू होने और रात होने की वजह से ट्रक भड़रिया में ही रुका.