Last Updated:
दिल्ली में हुए एक कॉन्सर्ट के दौरान अपनी आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर रैपर हनी सिंह की मुश्किलें बढ़ती ही जा रही हैं. महाराष्ट्र साइबर सेल ने उन्हें 16 अक्टूबर को पूछताछ के लिए पेश होने का सख्त समन जारी किया था. हालांकि, रैपर ने 22 अक्टूबर तक का समय मांगा था, जिसे जांच अधिकारियों ने खारिज कर दिया. इससे पहले भी वह तीन बार पेशी से बच चुके हैं. अगर वह अब भी जांच में शामिल नहीं होते हैं, तो उनके खिलाफ लुक आउट सर्कुलर जारी किया जा सकता है.
आपत्तिजनक टिप्पणी मामले में बुरी तरह फंसे हनी सिंह. (फोटो साभार: Instagram@yoyohoneysingh)
नई दिल्ली. मशहूर रैपर और सिंगर हनी सिंह की मुश्किलें फिर बढ़ती दिख रही हैं. दिल्ली में एक कॉन्सर्ट के दौरान दी गई विवादित टिप्पणी के सिलसिले में महाराष्ट्र साइबर सेल ने उन्हें समन भेजकर आज यानी 16 अक्टूबर को पूछताछ के लिए तलब किया है. हालांकि, हनी सिंह ने जांच एजेंसी से 22 अक्टूबर तक का वक्त देने की गुजारिश की थी, लेकिन अधिकारियों ने उनकी इस राहत याचिका को साफ खारिज कर दिया. साइबर सेल अब तय शेड्यूल के मुताबिक ही इस मामले में हनी सिंह से पूछताछ करने की तैयारी में है और अगर वह पेश नहीं होते हैं तो उनके खिलाफ लुक आउट सर्कुलर जारी हो सकता है.
महाराष्ट्र साइबर सेल के मुताबिक, हनी सिंह को इससे पहले भी तीन बार पूछताछ के लिए बुलाया गया था, लेकिन वह जांच अधिकारियों के सामने पेश नहीं हुए. हर बार उन्होंने विदेश में होने का हवाला देते हुए पेशी के लिए अतिरिक्त समय मांगा था. अब उन्होंने एक बार फिर 22 अक्टूबर तक की मोहलत देने की अपील की, लेकिन जांच अधिकारियों ने इसे स्वीकार नहीं किया. इसके बजाय उन्हें 16 अक्टूबर को ही पूछताछ के लिए उपस्थित होने का निर्देश दिया गया है.
हनी सिंह के खिलाफ जारी हो सकता है लुक आउट सर्कुलर
महाराष्ट्र साइबर सेल में दर्ज हुई शिकायत
वायरल वीडियो के बाद एक शिकायतकर्ता ने महाराष्ट्र साइबर सेल में शिकायत दर्ज कराई. इसी शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू की गई. जांच एजेंसी को इस मामले में हनी सिंह का बयान दर्ज करना है और वह उनसे घटना से जुड़ी जानकारी हासिल करना चाहती है. इसी सिलसिले में उन्हें बार-बार समन भेजकर पूछताछ के लिए बुलाया गया.
हनी सिंह ने पेश होने के लिए मांगा था और वक्त
सितंबर में भी महाराष्ट्र साइबर ने हनी सिंह को जांच में शामिल होने के लिए नोटिस भेजा था. 14 सितंबर को जारी नोटिस को फाइनल रिमाइंडर बताया गया था. इसमें उन्हें 5 अक्टूबर को सुबह 11 बजे मुंबई के वर्ल्ड ट्रेड सेंटर स्थित महाराष्ट्र साइबर कार्यालय में पेश होने का निर्देश दिया गया था. हालांकि, वह तय तारीख पर भी नहीं पहुंचे और उन्होंने पेशी के लिए और समय मांगा. इसके बाद अब उन्हें 16 अक्टूबर को पूछताछ के लिए बुलाया गया है.