यूट्यूब-फेसबुक से सीखा खेती का नया तरीका, अब दो एकड़ से हो रही लाखों की कमाई
Last Updated:
Mixed Farming: मध्य प्रदेश के बुरहानपुर जिले के भोलाना गांव के किसान शिवराम सोशल मीडिया से मिक्स खेती सीखकर दो एकड़ जमीन से सालाना 3 से 4 लाख रुपये कमा रहे हैं. वे अलग-अलग फसलों की खेती कर रहे हैं और अन्य लोगों को भी रोजगार दे रहे हैं.
Mixed Farming: मध्य प्रदेश के बुरहानपुर जिले में किसान अब पारंपरिक खेती के साथ नए तरीकों को अपनाकर अपनी आमदनी बढ़ाने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं. जिले के भोलाना गांव के किसान शिवराम इसकी मिसाल बनकर उभरे हैं. उन्होंने सोशल मीडिया के माध्यम से मिक्स खेती की जानकारी हासिल की और इसे अपनी खेती में अपनाकर अच्छी कमाई का जरिया बनाया. आज वे महज दो एकड़ जमीन पर अलग-अलग फसलों की खेती कर सालाना करीब 3 से 4 लाख रुपये की कमाई कर रहे हैं. यह पहल बताती है कि किसान पारंपरिक खेती के साथ नई जानकारी और अलग-अलग फसलों को अपनाकर अपनी आर्थिक स्थिति मजबूत करने की दिशा में प्रयास कर सकते हैं. दो एकड़ जमीन पर मिक्स खेती के जरिए अच्छी कमाई करने वाले शिवराम दूसरे किसानों के लिए भी प्रेरणा बन रहे हैं.
किसान ने दी जानकारी
लोकल 18 की टीम को किसान शिवराम अपने खेत में सब्जी-भाजी के साथ कपास, मक्का और सोयाबीन की खेती करते हैं. एक ही खेत में अलग-अलग फसलों को उगाने की इस पद्धति से वे अपनी खेती को विविधता दे रहे हैं. इससे उन्हें केवल एक फसल पर निर्भर नहीं रहना पड़ता. अलग-अलग फसलों के माध्यम से आमदनी के कई विकल्प भी मिलते हैं.
सोशल मीडिया से मिली मिक्स खेती की प्रेरणा
किसान शिवराम बताते हैं कि उन्होंने सोशल मीडिया के माध्यम से मिक्स खेती के बारे में जानकारी हासिल की थी. इसके बाद उन्होंने अपने खेत में इस पद्धति को अपनाने का निर्णय लिया. पिछले पांच वर्षों से वे लगातार मिक्स खेती कर रहे हैं. उनके अनुसार, खेती में नए तरीकों की जानकारी हासिल करना और उन्हें अपनी जमीन के हिसाब से अपनाना किसानों के लिए उपयोगी साबित हो सकता है.
चार से पांच लोगों को मिल रहा रोजगार
शिवराम की खेती की खास बात केवल उनकी आमदनी ही नहीं, बल्कि इससे मिलने वाला रोजगार भी है. वे अपने खेत में चार से पांच लोगों को काम उपलब्ध करा रहे हैं. इस तरह उनकी खेती परिवार की आय बढ़ाने के साथ दूसरे लोगों की आजीविका का साधन भी बन रही है.