राहुल गांधी पर महिला पत्रकार को धक्का देने का आरोप, SC में सुनवाई 26 को
Last Updated:
राहुल गांधी पर महिला पत्रकार को धक्का देने के आरोप मामले में सुप्रीम कोर्ट 26 अक्टूबर को सुनवाई करेगा. बीजेपी प्रवक्ता गौरव भाटिया ने सीजेआई के सामने यह मामला उठाया था.
राहुल गांधी पर महिला पत्रकार को धक्का देने के आरोपों पर सुप्रीम कोर्ट में 26 को सुनवाई होगी. फोटो- रायटर
राहुल गांधी पर महिला पत्रकार को धक्का देने के आरोपों पर अब सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई होनी है. भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता और वकील गौरव भाटिया ने सीजेआई की अध्यक्षता वाली बेंच के सामने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी पर महिला पत्रकार को धक्का देने के आरोप का मामला रखा.
उन्होंने कोर्ट से इस आवेदन पर सुनवाई की तारीख तय करने और यह स्पष्ट करने का अनुरोध किया कि मामले में नोटिस जारी किया गया है या नहीं.
इस पर सीजेआई ने कहा कि कल हमारे सामने जो भी याचिकाएं रखी गई थीं, उन सभी में हम पहले ही नोटिस जारी कर चुके हैं. हम 26 अक्टूबर को सुनवाई करेंगे.
इसी से जुड़े एक अन्य मामले में वकील जय अनंत देहाद्राई की ओर से भी सीजेआई की अध्यक्षता वाली बेंच के सामने मामला रखा गया. उन्होंने आशंका जताई कि इस प्रदर्शन के कारण कनॉट प्लेस के दुकानदारों और व्यापारियों को आर्थिक नुकसान हो सकता है.
इस पर चीफ जस्टिस ने कहा कि हमें उम्मीद है कि सभी लोग समझदारी से काम लेंगे. छोटी दुकानें चलाने वाले लोग त्योहार के मौसम में कमाई करते हैं. अगर उनका कारोबार प्रभावित हुआ, तो उनके पूरे परिवार को आर्थिक परेशानी हो सकती है.
जस्टिस बागची ने कहा कि प्रदर्शन करने वालों के अधिकारों के साथ-साथ छोटे व्यापारियों की रोजी-रोटी का भी ध्यान रखना जरूरी है. अगर प्रदर्शन के कारण दुकानदारों को आर्थिक नुकसान होता है, तो सुप्रीम कोर्ट अपने संवैधानिक अधिकारों का इस्तेमाल कर सकता है. फिलहाल, पहले देखते हैं कि आगे क्या होता है.
बता दें कि दिल्ली में 12 अक्टूबर को इंडिया ब्लॉक के सुप्रीम कोर्ट मार्च के दौरान लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी पर एक महिला पत्रकार के साथ बदसलूकी और धक्का-मुक्की का आरोप लगा है.
आरोप लगाने वाली पत्रकार ने दावा किया है कि वह तीन महीने की गर्भवती हैं. इस मामले में दायर याचिका पर सुप्रीम कोर्ट 26 अक्टूबर को सुनवाई करेगा.