ये कैसे डॉक्टर! महिला के पेट से निकली तौलिया, 4 माह पहले कराया था इलाज, कानपुर का अजब-गजब केस


Last Updated:

Kanpur News : एक अस्पताल से सर्जरी के दौरान एक महिला के पेट में तौलिया छोड़ दिए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है. आरोप है कि करीब चार महीने पहले महिला का ऑपरेशन किया गया था. इसके बाद उसे अस्पताल से छुट्टी दे दी गई. मगर, उसके दर्द बढ़ता गया और आखिरकार दूसरे अस्पताल में सच सामने आया.

Top Deals Inside

ये कैसे डॉक्टर! महिला के पेट से निकली तौलिया, 4 माह पहले कराया था इलाजZoom

कानपुर में महिला के पेट से निकली तौलिया.

कानपुर : मरीज अस्पताल में बीमारी का इलाज कराने जाता है, लेकिन अगर ऑपरेशन के बाद उसकी परेशानी बढ़ती रहे और चार महीने बाद दूसरे अस्पताल में दोबारा ऑपरेशन के दौरान पेट से तौलिया निकलने का दावा सामने आए, तो चिकित्सा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े होने लाजिमी है. कानपुर के कल्याणपुर स्थित विश्वास हॉस्पिटल को लेकर ऐसा ही मामला सामने आया है. पीड़ित परिवार ने अस्पताल पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है.

यह है मामला

वीरेंद्र कुमार ने पुलिस से शिकायत की है कि उनकी पत्नी का 10 जून 2026 को पुराने शिवली रोड स्थित विश्वास हॉस्पिटल में ऑपरेशन हुआ था. आरोप है कि ऑपरेशन के बाद महिला की परेशानी कम होने के बजाय बढ़ती गई. करीब चार महीने बाद दूसरे अस्पताल में जांच और दोबारा ऑपरेशन के दौरान महिला के पेट से तौलिया निकलने का दावा किया गया. हालांकि, इस आरोप की पुष्टि मेडिकल रिकॉर्ड और जांच के आधार पर होनी बाकी है.

लाखों रुपये खर्च करने का आरोप

इस मामले में अस्पताल पर दूसरा गंभीर आरोप आयुष्मान भारत योजना से जुड़ा है. वीरेंद्र कुमार का दावा है कि उनकी पत्नी के पास आयुष्मान कार्ड होने के बावजूद उन्हें योजना का लाभ नहीं मिला और इलाज के नाम पर लाखों रुपये खर्च करने पड़े. अब सवाल है कि महिला आयुष्मान योजना के तहत इलाज की पात्र थीं या नहीं, अस्पताल में योजना के तहत इलाज की सुविधा उपलब्ध थी या नहीं और मरीज से ली गई रकम का पूरा हिसाब क्या है.

अस्पताल प्रबंधन ने कुछ भी कहने से किया इनकार

पीड़ित परिवार ने कल्याणपुर थाने में तहरीर देकर मामले की जांच और कार्रवाई की मांग की है. पीड़िता के पति वीरेंद्र कुमार और उनके पिता रामचंद्र ने मामले में न्याय की गुहार लगाई है. वहीं, विश्वास हॉस्पिटल के मालिक और डॉक्टर ने इस मामले पर कुछ भी कहने से इनकार कर दिया. ऐसे में अस्पताल का आधिकारिक पक्ष सामने आना बाकी है.

सीएमओ बोले- शिकायत मिलने पर होगी जांच

कानपुर के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. हरिदत्त नेमि ने कहा कि शिकायत मिलने पर मामले की जांच कराई जाएगी और आरोप सही पाए जाने पर नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने बताया कि पीड़ित पक्ष अभी उनके पास शिकायत लेकर नहीं पहुंचा है. अब मामले में मेडिकल रिकॉर्ड, ऑपरेशन से जुड़े दस्तावेजों और आयुष्मान योजना के तहत इलाज की पात्रता की जांच अहम होगी. यदि लापरवाही की पुष्टि होती है, तो जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई का सवाल उठेगा. फिलहाल, आरोपों की निष्पक्ष जांच और तथ्यों के सामने आने का इंतजार है.



Source link