तमिलनाडु CM से 1 करोड़ की मदद का झांसा देकर ठगे ₹7.5 लाख, जबलपुर में बुजुर्ग महिला साइबर ठगी का शिकार


Last Updated:

Jabalpur Crime News: जबलपुर के गोरखपुर क्षेत्र में साइबर ठगी का मामला सामने आया है. फेसबुक लिंक के जरिए एक बुजुर्ग को तमिलनाडु के मुख्यमंत्री से ₹1 करोड़ की आर्थिक सहायता और लोन दिलाने का झांसा दिया गया. झांसे में आकर पीड़ित ने 7 बैंक खातों में ₹7.5 लाख ट्रांसफर कर दिए.

Top Deals Inside

तमिलनाडु CM से 1 करोड़ की मदद का झांसा देकर ठगे ₹7.5 लाख, महिला से ठगीZoom

जबलपुर में चौंकाने वाली साइबर ठगी.

Jabalpur News: जबलपुर में साइबर अपराध का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है. गोरखपुर थाना क्षेत्र में रहने वाली एक बुजुर्ग साइबर ठगों का शिकार बन गईं. ठगों ने बुजुर्ग को तमिलनाडु के मुख्यमंत्री से एक करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता और लोन (ऋण) दिलाने का झांसा दिया. इस फर्जी वादे के जरिए आरोपियों ने बुजुर्ग से साढ़े सात लाख रुपये ठग लिए.

जानकारी के मुताबिक, इस पूरी साइबर ठगी की शुरुआत फेसबुक पर मिले एक अनजान लिंक से हुई थी. लिंक पर क्लिक करते ही साइबर अपराधियों ने बुजुर्ग से संपर्क साधा. आरोपियों ने उन्हें तमिलनाडु के मुख्यमंत्री से 1 करोड़ रुपये की वित्तीय मदद और ऋण दिलाने का भरोसा दिलाया.

सात बैंक खातों में ट्रांसफर कराए ₹7.5 लाख
आर्थिक सहायता के लालच में आकर बुजुर्ग ठगों के झांसे में आ गईं. इसके बाद शातिर आरोपियों ने बुजुर्ग को सात अलग-अलग बैंक खातों के नंबर दिए. बुजुर्ग ने आरोपियों के कहे अनुसार इन सात खातों में कुल 7 लाख 50 हजार रुपये ट्रांसफर कर दिए. साढ़े सात लाख रुपये ऐंठने के बाद भी ठगों की मांग खत्म नहीं हुई. उन्होंने बुजुर्ग से 60 हजार रुपये और जमा कराने की मांग की. जब आरोपियों ने 60 हजार रुपये और मांगे, तब बुजुर्ग को अपने साथ हुई धोखाधड़ी का अहसास हुआ. इसके तुरंत बाद पीड़ित पुलिस के पास पहुंचीं.

गोरखपुर पुलिस ने मामला दर्ज कर शुरू की जांच
ठगी का अहसास होते ही पीड़ित बुजुर्ग ने गोरखपुर थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई. पीड़िता की शिकायत पर गोरखपुर थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है. पुलिस ने उन सभी सात बैंक खातों की जानकारी जुटाना शुरू कर दिया है, जिनमें ठगी की रकम भेजी गई थी. पुलिस आरोपियों की पहचान करने और पूरे नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है.

पुलिस की अपील: सोशल मीडिया पर सतर्क रहें
गोरखपुर थाना प्रभारी नितिन कमल ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है. उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर आर्थिक सहायता या बड़े लोन के लालच में न आएं. किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक करने या पैसे ट्रांसफर करने से पहले जानकारी की पुष्टि अवश्य करें.



Source link