कौन हैं चैड लेकॉक? जिन्होंने 1 ओवर में 5 विकेट लेकर मचा दिया भूचाल
Last Updated:
क्रिकेट के मैदान पर अगर कोई गेंदबाज लगातार तीन गेंदों पर तीन विकेट लेकर हैट्रिक पूरी करता है, तो वह एक बड़ी उपलब्धि होती है, लेकिन क्या हो जब एक ओवर की 6 गेंदों में कोई गेंदबाज 5 विकेट निकाल ले? ऐसा ही एक अनोखा और अविश्वसनीय कारनामा साउथ अफ्रीका के चैड लेकॉक ने किया है, जिसने क्रिकेट जगत में भूचाल ला दिया है.
चैड लेकॉक ने एक ओवर में झटके 5 विकेट
नई दिल्ली: क्रिकेट के मैदान पर अक्सर यह सुनने और देखने को मिलता है कि किसी बल्लेबाज ने 6 गेंदों पर 6 छक्के उड़ा दिए या एक ओवर की सभी गेंदों पर बाउंड्री जड़ दी. आज के मॉडर्न-डे क्रिकेट में फैंस भी पहली गेंद से ही चौके-छक्के देखना पसंद करते हैं. यही कारण है कि पिचें भी बल्लेबाजों के लिए मददगार बनाई जाती हैं. लेकिन ऐसे माहौल में, जहां बल्लेबाजों का बोलबाला रहता है, अगर कोई गेंदबाज एक ओवर में 5 विकेट ले ले, तो यह अविश्वसनीय लगता है. हालांकि, हकीकत में साउथ अफ्रीका के चैड लेकॉक ने ऐसा कर दिखाया है. ऐसे में, आइए जानते हैं कि कौन हैं चैड लेकॉक?
कौन हैं 1 ओवर में 5 विकेट लेने वाले चैड लेकॉक?
चैड लेकॉक साउथ अफ्रीका के एक पेस बॉलिंग ऑलराउंडर हैं. चैड ने सीएसए टी20 चैलेंज में क्वाजुलू-नटाल इनलैंड टस्कर्स के लिए खेलते हुए टाइटंस के खिलाफ एक ओवर में 5 विकेट लेकर सनसनी मचा दी. इस अद्भुत कारनामे से पहले चैड के बारे में बहुत कम लोग जानते थे, लेकिन क्रिकेट के प्रति उनका लगाव बचपन से ही रहा है. क्वाजुलू-नटाल क्रिकेट से ताल्लुक रखने वाले इस ऑलराउंडर ने डरबन के ग्लेनवुड हाई स्कूल से अपने खेल को निखारना शुरू किया था, जहां उन्होंने 10वीं कक्षा में ही अपनी बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों से सभी को प्रभावित करना शुरू कर दिया था.
साल 2019 में लेकॉक ने एक क्रिकेट एक्सचेंज प्रोग्राम के तहत आयरलैंड में रेलवे यूनियन क्रिकेट क्लब का प्रतिनिधित्व किया था. क्लब की पहली प्लेइंग इलेवन के साथ अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने शानदार प्रदर्शन किया. उन्होंने 341 रन बनाए और 18 विकेट झटके. उन्होंने क्लब की अंडर-17 और अंडर-19 टीमों के लिए शतक भी जड़े और एक ही ओवर में छह छक्के लगाकर धमाल मचाया था.
डबल हैट्रिक लेकर लेकॉक ने किया कमाल?
चैड लेकॉक ने क्वाजुलू-नटाल के लिए दमदार खेल दिखाते हुए अपने चार ओवर के स्पेल में 26 रन देकर 6 विकेट लिए, जिसमें उन्होंने एक ओवर में 5 विकेट अपने नाम कर लिया. लेकॉक इस तरह मेंस टी20 क्रिकेट में दुनिया के केवल चौथे ऐसे गेंदबाज बने हैं, जिन्होंने एक ओवर में 5 विकेट लेने का कारनामा किया है. लेकॉक ने जिस ओवर में 5 विकेट लिए उसमें सिर्फ 2 रन खर्च किए थे. उन्होंने ओवर की पहली गेंद पर विकेट लिया. इसके बाद दूसरी गेंद पर बल्लेबाज ने 2 रन लिए, लेकिन इसके बाद लेकॉक ने बैक टू बैक 4 विकेट लेकर डबल हैट्रिक पूरी की. जब कोई गेंदबाज लगातार चार गेंद पर 4 विकेट लेता है तो उसे डबल हैट्रिक कहा जाता है.