Last Updated:
Aamir Khans nephew Imran Khan: बॉलीवुड अभिनेता और आमिर खान के भांजे इमरान खान चर्चा में हैं. मुंबई पुलिस ने उन्हें 28 अक्टूबर 2026 तक भारत छोड़ने का नोटिस दिया है. यह कार्रवाई मुंबई के अगस्त क्रांति मैदान में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर हुए प्रदर्शन में शामिल होने के बाद की गई है. अमेरिकी नागरिकता और OCI कार्ड रखने वाले इमरान खान को यह नोटिस क्यों मिला? उनका आमिर खान से क्या रिश्ता है, कहां हुआ उनका जन्म और कहां से की पढ़ाई? जानिए पूरी कहानी.
Aamir khan, Bollywood Actor, Imran Khan News Today: आमिर खान के भांजे इमरान खान को मिला भारत छोड़ने का नोटिस.
Imran Khan educational qualifications: बॉलीवुड अभिनेता इमरान खान इन दिनों अपनी फिल्मों की वजह से नहीं बल्कि एक विरोध प्रदर्शन में शामिल होने के बाद चर्चा में हैं. अभिनेता आमिर खान के भांजे इमरान खान को मुंबई पुलिस की ओर से 28 अक्टूबर 2026 तक भारत छोड़ने का नोटिस दिए जाने की खबर है. यह कार्रवाई मुंबई के अगस्त क्रांति मैदान में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर हुए प्रदर्शन में उनकी भागीदारी के बाद हुई है. इमरान अमेरिकी नागरिक हैं और भारत में ओवरसीज सिटिजन ऑफ इंडिया (OCI) कार्डधारक के तौर पर रहते हैं. ऐसे में इस मामले ने उनके नागरिकता संबंधी दर्जे और विदेशी नागरिकों के राजनीतिक प्रदर्शनों में शामिल होने के नियमों पर भी चर्चा शुरू कर दी है.
कौन हैं इमरान खान?
इमरान खान हिंदी फिल्मों के अभिनेता और फिल्म निर्माता-निर्देशक हैं. उनका जन्म 13 जनवरी 1983 को अमेरिका के मैडिसन में हुआ था. वह अभिनेता आमिर खान के भांजे और फिल्म निर्माता-निर्देशक मंसूर खान के भतीजे हैं. उनके नाना नासिर हुसैन भी हिंदी सिनेमा के जाने-माने निर्माता और निर्देशक रहे हैं. इमरान ने बचपन में ही फिल्मों में काम करना शुरू कर दिया था. बाद में उन्होंने बतौर मुख्य अभिनेता बॉलीवुड में अपनी पहचान बनाई.इमरान को खास पहचान 2008 में रिलीज हुई फिल्म जाने तू… या जाने ना से मिली. इस फिल्म में उनके साथ जेनेलिया डिसूजा थीं. फिल्म सफल रही और इमरान को सर्वश्रेष्ठ नवोदित अभिनेता का फिल्मफेयर पुरस्कार मिला. इसके बाद उन्होंने आई हेट लव स्टोरीज, डेल्ही बेली, मेरे ब्रदर की दुल्हन और एक मैं और एक तू जैसी फिल्मों में काम किया हालांकि 2013 और 2015 के बीच उनकी कई फिल्में बॉक्स ऑफिस पर खास प्रदर्शन नहीं कर पाईं. कट्टी बट्टी के बाद वह लंबे समय तक मुख्यधारा की फिल्मों से दूर रहे. वर्ष 2018 में उन्होंने शॉर्ट फिल्म मिशन मार्स: कीप वॉकिंग इंडिया का निर्देशन भी किया.
इमरान खान के माता-पिता कौन हैं?
इमरान खान के पिता का नाम अनिल पाल है. वह सॉफ्टवेयर इंजीनियर रहे हैं और अमेरिका की सिलिकॉन वैली में टेक्नोलॉजी क्षेत्र में काम कर चुके हैं. उनकी मां नुजहत खान मनोवैज्ञानिक हैं और उनका संबंध फिल्मी परिवार से है. नुजहत फिल्म निर्माता-निर्देशक नासिर हुसैन की बेटी और मंसूर खान की बहन हैं. आमिर खान नुजहत के चचेरे भाई हैं इसी रिश्ते से इमरान आमिर खान के भांजे लगते हैं. इमरान के माता-पिता का तलाक तब हो गया था, जब वह बहुत छोटे थे. इसके बाद उनकी परवरिश मुख्य रूप से उनकी मां ने की. उनके जन्म के समय नाम इमरान पाल था, लेकिन माता-पिता के अलग होने के बाद वह इमरान खान नाम से पहचाने जाने लगे. उनके परिवार की पृष्ठभूमि और आमिर खान से रिश्ते के कारण भी उन्हें शुरुआती दौर में हिंदी फिल्म जगत में पहचान मिली.
कहां से हुई इमरान खान की पढ़ाई-लिखाई?
इमरान खान की शुरुआती पढ़ाई मुंबई के बॉम्बे स्कॉटिश स्कूल में हुई. इसके बाद उन्होंने तमिलनाडु के कुन्नूर स्थित ब्लू माउंटेन स्कूल में पढ़ाई की. उन्होंने ऊटी के एक गुरुकुल में भी कुछ समय बिताया. बाद में वह अमेरिका में अपने पिता के पास कैलिफोर्निया के सनीवेल चले गए और वहां फ्रीमोंट हाई स्कूल में पढ़ाई की. इमरान की दिलचस्पी अभिनय के साथ-साथ फिल्म निर्माण में भी थी. इसी वजह से उन्होंने लॉस एंजिलिस स्थित न्यूयॉर्क फिल्म एकेडमी से फिल्म निर्माण की पढ़ाई की. भारत लौटने के बाद उन्होंने मुंबई के किशोर नमित कपूर एक्टिंग इंस्टीट्यूट में अभिनय का प्रशिक्षण भी लिया. इस तरह उनकी शिक्षा भारत और अमेरिका दोनों जगह हुई.
10 अक्टूबर को मुंबई में क्या हुआ था?
इमरान खान को भारत छोड़ने का नोटिस मिलने की वजह 10 अक्टूबर 2026 को मुंबई के अगस्त क्रांति मैदान में हुआ विरोध प्रदर्शन है. यह प्रदर्शन कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के समर्थन में आयोजित किया गया था. प्रदर्शनकारियों की मांग मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की थी. इस मांग के पीछे मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR को लेकर कथित अनियमितताओं के आरोप थे. मुंबई पुलिस का कहना था कि प्रदर्शन के लिए अनुमति नहीं ली गई थी. पुलिस के मुताबिक बॉम्बे हाई कोर्ट के निर्देशों के तहत प्रदर्शन के लिए आजाद मैदान निर्धारित है. वहीं, CJP से जुड़े लोगों ने दावा किया कि उन्होंने पुलिस को ईमेल के जरिए अनुमति मांगी थी, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला. इस दौरान 400 से ज्यादा लोगों को हिरासत में लिए जाने की खबर सामने आई थी. इमरान खान भी हिरासत में लिए गए लोगों में शामिल थे.
क्यों दिया गया भारत छोड़ने का नोटिस?
इस मामले में बीजेपी नेता किरीट सोमैया ने 12 अक्टूबर को मुंबई पुलिस से शिकायत की थी. उन्होंने इमरान खान की अमेरिकी नागरिकता और OCI कार्ड का हवाला देते हुए सवाल उठाया था कि क्या कोई विदेशी नागरिक राजनीतिक प्रदर्शन में हिस्सा ले सकता है. उन्होंने अभिनेता के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी. इसके बाद 15 अक्टूबर को सामने आई रिपोर्टों के मुताबिक मुंबई पुलिस ने इमरान खान को 28 अक्टूबर 2026 तक भारत छोड़ने का नोटिस जारी किया. पुलिस का कहना है कि भारतीय नागरिक नहीं होने के बावजूद राजनीतिक प्रदर्शन में शामिल होने के मामले में उनके खिलाफ इमिग्रेशन कानून के तहत कार्रवाई की गई है.