नई दिल्ली. क्रिकेट की दुनिया में एक समय ऐसा था जब बाबर आजम का नाम महज़ एक खिलाड़ी का नहीं, बल्कि भरोसे और रिकॉर्ड्स का दूसरा नाम बन चुका था. देखते ही देखते इस पाकिस्तानी बल्लेबाज ने खेल के हर फॉर्मेट में अपनी धाक जमाई और टीम की कमान अपने हाथों में ले ली. मैदान पर उनके बल्ले की खनक ने उन्हें दुनिया के चुनिंदा सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाजों की फेहरिस्त में ला खड़ा किया था. इस रुतबे के साथ वह दुनिया के सबसे महंगे क्रिकेटरों में भी शुमार हो गए. लेकिन, खेल का मैदान हमेशा एक सा नहीं रहता. पिछले दो सालों में उनके प्रदर्शन में आई गिरावट ने उन्हें आलोचकों के कटघरे में ला खड़ा किया, जिसके चलते उन्हें कप्तानी तक छोड़नी पड़ी. हालांकि फिर से उन्हें टेस्ट टीम की कमान सौंप दी गई है. इन सबके बीच बाबर की नेटवर्थ में लगातार बढ़ोतरी हो रही है.
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक बाबर आजम (Babar Azam) की नेटवर्थ लगभग 41 करोड़ है. बाबर आज आज भी पाकिस्तान सुपर लीग यानी पीएसएल के सबसे महंगे खिलाड़ियों में गिने जाते हैं. उनके इस सफर की शुरुआत साल 2016 में इस्लामाबाद यूनाइटेड के साथ सिल्वर कैटेगरी से हुई थी, जहां उन्हें 25,000 अमेरिकी डॉलर यानी करीब 20 लाख रुपये मिलते थे. इसके अगले साल वह कराची किंग्स से जुड़े और धीरे-धीरे तरक्की करते हुए गोल्ड से डायमंड और फिर प्रतिष्ठित प्लेटिनम टियर तक पहुंचे. साल 2020 से 2022 के बीच, कराची किंग्स की कप्तानी संभालते हुए उनकी सैलरी 130,000 से 170,000 डॉलर यानी करीब 1 से 1.24 करोड़ रुपये तक पहुंच गई थी. इसके बाद साल 2023 में वह पेशावर जाल्मी के कप्तान बने और साल 2025 तक आते-आते वह प्रति सीजन 220,000 अमेरिकी डॉलर यानी लगभग 1.88 करोड़ रुपये कमाने लगे. इसके अलावा उन्हें बिग बैश लीग 2025-26 के लिए सिडनी सिक्सर्स ने प्लेटिनम कैटेगरी में ड्राफ्ट किया, जहां एक पूरे सीजन के लिए उन्हें 420,000 ऑस्ट्रेलियाई डॉलर यानी लगभग 2.35 करोड़ रुपये मिले.
सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट में डिमोशन और सैलरी में भारी कटौती
हालांकि, मैदान के बाहर उनके लिए एक बड़ा झटका तब आया जब पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड यानी पीसीबी ने अपने 2025-26 के नए सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट्स का ऐलान किया. इतिहास में पहली बार पीसीबी ने किसी भी खिलाड़ी को अपने शीर्ष यानी कैटेगरी ए का अनुबंध नहीं दिया है. कभी कैटेगरी ए की शान बढ़ाने वाले बाबर को अब डिमोट करके कैटेगरी बी में डाल दिया गया है. इसके चलते अब उन्हें हर महीने 30 लाख पाकिस्तानी रुपये यानी करीब 9.28 लाख रुपये मिलेंगे, जो पहले मिलने वाले 45 लाख पाकिस्तानी रुपये यानी करीब 13.95 लाख रुपये से काफी कम हैं. इस बदलाव से उनकी मासिक कमाई में लगभग साढ़े चार लाख भारतीय रुपये की सीधी कटौती हुई है. इतना ही नहीं, ऐसी खबरें भी सामने आ रही हैं कि पीसीबी आईसीसी की कमाई से मिलने वाले तीन प्रतिशत रेवेन्यू शेयर को भी खत्म करने पर विचार कर रहा है, जिससे खिलाड़ियों की कमाई पर और गहरी चोट पड़ सकती है.
ब्रांड एंडोर्समेंट से होती है मोटी कमाई
पीसीबी के अनुबंध में हुए इस घाटे के बावजूद, इस 31 वर्षीय बल्लेबाज का जलवा कमर्शियल बाजार में अब भी बरकरार है. विभिन्न क्षेत्रों के बड़े ब्रांड्स आज भी उनके साथ जुड़ने के लिए बेताब रहते हैं. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, वह अपने हर एक विज्ञापन या एंडोर्समेंट के लिए लगभग 50 लाख रुपये चार्ज करते हैं. हेड एंड शोल्डर, ओप्पो, पेप्सिको पाकिस्तान, हुआवेई, एचबीएल और गेटोरेड जैसे ग्लोबल दिग्गजों के अलावा उन्होंने ग्रे निकोल्स और सीए स्पोर्ट्स जैसे क्रिकेट उपकरण बनाने वाले ब्रांड्स के साथ भी काम किया है. इसके अलावा, वह फाइनेंस, टेक्नोलॉजी, फैशन और लाइफस्टाइल से जुड़ी कंपनियों जैसे बैंक अल्फाला, जैजकैश, यूफोन 4जी और अलकरम स्टूडियो का चेहरा भी बन चुके हैं.
लग्जरी कारों और सुपरबाइक्स के शौकीन
कमाई के इस उतार-चढ़ाव के बीच, पाकिस्तानी बल्लेबाजी के इस स्तंभ की जीवनशैली किसी राजा-महाराजा से कम नहीं है. उनके पास लग्जरी गाड़ियों और सुपरबाइक्स का एक शानदार बेड़ा है. उनके कार कलेक्शन में एक ऑडी ए5, उनके भाई द्वारा गिफ्ट की गई ऑडी ई-ट्रॉन जीटी, एक ब्लैक हुंडई सोनाटा और एक पर्पल लैम्बोर्गिनी एवेंटाडोर शामिल हैं. इसके अलावा उनके गैरेज में रेड बीएआईसी बीजे40 प्लस जीप, एक एमजी एचएस एसेंस के साथ-साथ यामाहा आर1 और बीएमडब्ल्यू आरआर 310 जैसी सुपरबाइक्स भी मौजूद हैं.
लाहौर में आलीशान आशियाना और 40 करोड़ का फार्महाउस
बात अगर उनके आशियाने की करें, तो बाबर का मुख्य निवास लाहौर के पॉश इलाके डीएचए फेज 5 में है, जिसे मशहूर आर्किटेक्ट्स आर्ची क्यूब्स ने डिजाइन किया है. इसके अलावा, लाहौर में उनका एक आलीशान फार्महाउस भी है, जिसे आजम फार्म हाउस के नाम से जाना जाता है. इस शानदार प्रॉपर्टी की कुल कीमत लगभग 40 करोड़ रुपये आंकी जाती है. करियर के इस मोड़ पर फॉर्म भले ही उनका इम्तिहान ले रहा हो, लेकिन मैदान पर उनकी वापसी की उम्मीद और उनका यह शानदार साम्राज्य इस बात की गवाही देता है कि क्रिकेट की दुनिया में उनका कद अभी भी बहुत ऊंचा है.