Last Updated:
Rekha Arya News: उत्तराखंड की कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य ने अपने पति गधारी लाल साहू के खिलाफ कैंट थाने में एफआईआर दर्ज कराई है. उन्होंने पति पर अवैध संबंधों, मारपीट, जातिसूचक गालियां देने, जान से मारने की धमकी और फर्जी हस्ताक्षर कर कंपनी से हटाने का आरोप लगाया है. एक वायरल ऑडियो सामने आने के बाद मंत्री ने अपनी और बच्चों की सुरक्षा की गुहार लगाई है. इसके बाद अचानक तबीयत खराब हो गई. उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है.
अस्पताल में भर्ती उत्तराखंड सरकार की मंत्री रेखा आर्या.
देहरादून: उत्तराखंड सरकार में कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य के पारिवारिक जीवन में भूचाल आ गया है. उन्होंने अपने पति गधारी लाल साहू उर्फ पप्पू गिरधारी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराया है. उन्होंने अपने पति पर अन्य महिलाओं से अवैध संबंध रखने, लगातार मारपीट करने, जातिसूचक गालियां देने और जान से मारने की धमकी देने जैसे संगीन आरोप लगाए हैं.
मंत्री रेखा आर्य ने एक ऑडियो रिकॉर्डिंग के जरिए कई खुलासे किए हैं. इसमें उनके पति द्वारा कथित तौर पर एक महिला के साथ मिलकर साजिश रचने और धमकी देने की बातें सामने आई हैं. शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि उनके पति ने उनके कूट रचित (फर्जी) हस्ताक्षर कर और जाली दस्तावेजों के आधार पर उन्हें संबंधित कंपनियों के निदेशक के पद से हटा दिया, जबकि उन्होंने ऐसा कोई त्यागपत्र या दस्तावेज नहीं दिया था.
अस्पताल में रेखा आर्या
सुरक्षा की गुहार और बच्चों पर मंडराता खतरा
दर्ज कराई गई एफआईआर और पुलिस को दी गई शिकायत में मंत्री ने अपनी और अपने नाबालिग बच्चों की जान को गंभीर खतरा बताया है. उन्होंने कहा कि उनके पति का बदलता व्यवहार और अन्य महिलाओं के साथ अवैध संबंधों का विरोध करने पर उन्हें शारीरिक व मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा है. यहां तक कि सरकारी आवास में स्टाफ के सामने भी उन्हें अपमानित किया गया. लगातार मिल रही धमकियों के बाद उन्हें अपनी सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए यह कड़ा कदम उठाना पड़ा है.
एफआईआर की कॉपी
अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद अस्पताल में भर्ती
पति के खिलाफ पुलिस में औपचारिक शिकायत दर्ज कराने और वीडियो जारी कर अपना दर्द बयां करने के ठीक बाद कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य की अचानक तबीयत बिगड़ गई. मानसिक और शारीरिक तनाव के अत्यधिक बढ़ने के कारण उन्हें तुरंत दून के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उनका इलाज चल रहा है. अस्पताल से उनकी तस्वीरें भी सामने आई हैं जिनमें वे बेड पर लेटी नजर आ रही हैं और मेडिकल स्टाफ उनका स्वास्थ्य परीक्षण कर रहा है.
पुलिस जांच और आगे की कार्रवाई
देहरादून के कैंट थाने में दी गई इस लिखित शिकायत और एफआईआर के आधार पर पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी है. एक महिला कैबिनेट मंत्री द्वारा अपने ही पति पर इस तरह के गंभीर आपराधिक और पारिवारिक प्रताड़ना के आरोप लगाए जाने से यह मामला तूल पकड़ता जा रहा है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि ऑडियो क्लिप, दस्तावेजों और लगाए गए सभी आरोपों की गहनता से छानबीन की जा रही है, जिसके बाद नियमानुसार आगे की सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.