दिल्‍ली के कई स्‍कूलों को बम से उड़ाने की धमकी, मौके पर पहुंची पुलिस – Multiple Schools In Delhi Receive Bomb Threats Security Personnel On High Alert


होमताजा खबरDelhi

दिल्‍ली के कई स्‍कूलों को बम से उड़ाने की धमकी, मचा हड़कंप

Last Updated:

Delhi School Bomb Threat: देश की राजधानी होने के नाते दिल्‍ली में सुरक्षा के पुख्‍ता इंतजाम रहते हैं. इसके बावजूद कई बार ऐसी घटनाएं सामने आती हैं, जिससे प्रशासन के साथ ही आमलोग भी सकते में आ जाते हैं.

Top Deals Inside

दिल्‍ली के कई स्‍कूलों को बम से उड़ाने की धमकी, मचा हड़कंपZoom

दिल्‍ली के कई स्‍कूलों को बम से उड़ाने की धमकी दी गई है. (सांकेतिक तस्‍वीर)

Delhi School Bomb Threat: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के कई स्कूलों को गुरुवार 15 अक्‍टूबर 2026 को बम से उड़ाने की धमकी भरे ईमेल मिलने से हड़कंप मच गया. सूचना मिलते ही पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गईं. स्कूल परिसरों में सुरक्षा जांच शुरू कर दी गई और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचकर तलाशी अभियान में जुट गईं. अधिकारियों के मुताबिक, अब तक स्कूलों में कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है.

समाचार एजेंसी PTI के अनुसार, धमकी मिलने के बाद पुलिसकर्मियों को संबंधित स्कूलों में तैनात किया गया. सुरक्षा एजेंसियां पूरे परिसर की बारीकी से जांच कर रही हैं, ताकि किसी भी संभावित खतरे से निपटा जा सके. फिलहाल स्थिति पर नजर रखी जा रही है. दिल्ली में स्कूलों को धमकी मिलने की यह घटना ऐसे समय सामने आई है, जब सोमवार को नोएडा के भी कई स्कूलों को इसी तरह के धमकी भरे ईमेल मिले थे. इनमें सेक्टर-16 स्थित एपीजे स्कूल, स्टेप बाय स्टेप स्कूल और दिल्ली पब्लिक स्कूल (डीपीएस), जीबीएन शामिल थे. इन स्कूलों में भी बम निरोधक दस्ते, डॉग स्क्वॉड, पुलिसकर्मियों और दमकल विभाग की टीमों ने पहुंचकर जांच की थी. पुलिस ने उस समय भी किसी संदिग्ध वस्तु के मिलने की पुष्टि नहीं की थी.

गौतमबुद्ध नगर पुलिस के अनुसार, सोमवार को धमकी भरे ईमेल की सूचना मिलने के बाद स्थानीय पुलिस टीमों ने तत्काल कार्रवाई की थी. स्कूल परिसरों की जांच बम निरोधक दस्ते, डॉग स्क्वॉड, एएससी टीम और दमकल विभाग की मदद से की गई थी. पुलिस ने यह भी बताया था कि धमकी भरे ईमेल की तकनीकी जांच साइबर टीम कर रही है. मामले को गंभीरता से लेते हुए सभी आवश्यक सावधानियां बरती जा रही हैं.

दिल्ली-एनसीआर में स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिलने की यह कोई पहली घटना नहीं है. इससे पहले 21 सितंबर को दिल्ली के कई स्कूलों को भी धमकी भरे ईमेल मिले थे. इनमें हौज खास स्थित मदर्स इंटरनेशनल स्कूल, चाणक्यपुरी स्थित नेवी चिल्ड्रन स्कूल और बाल भारती स्कूल शामिल थे. लगातार मिल रही ऐसी धमकियों के मद्देनजर सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हैं. हालांकि, अब तक की जांच में किसी संदिग्ध वस्तु के नहीं मिलने से राहत मिली है, लेकिन ईमेल के स्रोत और धमकियों की वास्तविकता का पता लगाने के लिए जांच महत्वपूर्ण बनी हुई है.



Source link