दिल्ली की महिलाओं के लिए खुशखबरी! अब पार्क में नहीं होगा किसी का खौफ, बच्चों संग जमकर कर पाएंगी मस्ती


होमताजा खबरDelhi

दिल्ली की महिलाओं के लिए खुशखबरी! पार्क में नहीं होगा खौफ,जमकर कर पाएंगी मस्ती

Last Updated:

दिल्ली में महिलाओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए MCD ने शहर के सभी 250 वार्डों में अलग पार्क बनाने की योजना बनाई है. इन पार्कों में सिर्फ महिलाओं और बच्चों को एंट्री मिलेगी. महिलाओं को ओपन जिम, अलग टॉयलेट और चेंजिंग रूम जैसी सुविधाएं भी मिलेंगी. लेकिन क्या अलग पार्क बनाने से महिलाओं की सुरक्षा की समस्या हल हो पाएगी? जानिए इस योजना से जुड़ी हर जरूरी बात.

Top Deals Inside

दिल्ली की महिलाओं के लिए खुशखबरी! पार्क में नहीं होगा खौफ,जमकर कर पाएंगी मस्तीZoom

दिल्ली में बनेंगे 250 पिंक पार्क

Delhi: आए दिन रेप की खबरें सामने आती रहती हैं, जिससे पूरे देश में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं. इसी बीच, राजधानी दिल्ली में महिलाओं की सुरक्षा के लिए एक बड़ा कदम उठाने की तैयारी है. दिल्ली नगर निगम (MCD) शहर के सभी 250 वार्डों में महिलाओं के लिए अलग पार्क बनाने की योजना बना रहा है. इन पार्कों में महिलाओं और बच्चों को ही एंट्री मिलेगी. तो चलिए जानते हैं कि इन महिला पार्कों में कौन-कौन सी सुविधाएं मिलेंगी और महिलाओं की सुरक्षा के लिए क्या इंतजाम किए जाएंगे.

पार्कों में मिलेंगी कौन-कौन सी सुविधाएं?

योजना के मुताबिक, इन पार्कों में केवल महिलाओं और बच्चों को ही एंट्री दी जाएगी. प्रवेश और निकास गेटों में भी महिला सुरक्षा गार्ड तैनात की जाएंगी. पार्कों में CCTV कैमरे भी लगाए जाएंगे, ताकि वहां आने-जाने वालों पर नजर रखी जा सके. इसके अलावा महिलाओं के लिए ओपन जिम, अलग टॉयलेट और कपड़े बदलने के लिए कमरे बनाने की योजना है. निगम के अधिकारियों को अलग-अलग इलाकों में सर्वे करके ऐसी जगहों की पहचान करने को कहा गया है, जहां इन पार्कों को विकसित किया जा सकता है.

क्यों बनाई जा रही है अलग पार्क?

हाल ही में दक्षिण दिल्ली के आस्था कुंज पार्क में एक नाबालिग छात्रा के साथ गैंगरेप की घटना सामने आई थी. इस घटना के बाद सार्वजनिक जगहों पर महिलाओं की सुरक्षा को लेकर चिंता और बढ़ गई. इसी को देखते हुए MCD ने महिलाओं के लिए अलग पार्क बनाने का फैसला किया है. स्टैंडिंग कमेटी की अध्यक्ष सत्या शर्मा के मुताबिक, इन पार्कों को बनाने का मकसद महिलाओं को सुरक्षित माहौल देना है, ताकि वे बिना किसी डर के पार्क में टहल सकें और दूसरी सुविधाओं का इस्तेमाल कर सकें.

पहले भी बना था पिंक पार्क

पिंक पार्क बनाने की ये पहल पहली बार नहीं है. इससे पहले भी मार्च 2022 में रामलीला मैदान के पास माता सुंदरी रोड पर एक पिंक पार्क बनाया गया था. इसे तैयार करने में करीब 25 लाख रुपये खर्च हुए थे. हालांकि, समय के साथ पार्क की हालत खराब हो गई और इसका इस्तेमाल भी कम हो गया. दिल्ली में ऐसे पार्क बनाने की योजनाएं संसाधनों की कमी के कारण आगे नहीं बढ़ सकीं. MCD के पास हजारों पार्क हैं, लेकिन उनकी देखभाल और सुरक्षा के लिए गार्ड, CCTV कैमरे और माली तक की कमी बताई गई है.

कैसे सुधरेगी सुरक्षा?

महिलाओं के लिए अलग पार्क बनाने की योजना पर कुछ लोगों ने सवाल भी उठाए हैं. ईस्ट दिल्ली RWA जॉइंट फ्रंट के प्रमुख बीएस वोहरा का कहना है कि हर वार्ड में एक पार्क तय कर देने से समस्या हल नहीं होगी. कई वार्डों का क्षेत्र काफी बड़ा है. ऐसे में महिलाओं को रोजाना टहलने के लिए दूर जाना पड़ सकता है.
वहीं, महिलाओं की सुरक्षा के लिए काम करने वाली संस्था Safetipin की सह-संस्थापक कल्पना विश्वनाथ का मानना है कि अलग पार्क बनाने के बजाय दिल्ली के सभी पार्कों को सुरक्षित बनाया जाना चाहिए.

उन्होंने कहा कि पार्कों में पर्याप्त रोशनी, सुरक्षा गार्ड और नियमित गश्त की व्यवस्था होनी चाहिए. अब देखना होगा कि MCD की यह योजना जमीन पर कब उतरती है. साथ ही, यह भी अहम होगा कि महिलाओं के लिए नए पार्क बनाने के साथ-साथ राजधानी के बाकी पार्कों की सुरक्षा पर कितना ध्यान दिया जाता है.



Source link