Last Updated:
Who Is IPS Jitendra Kumar : बिहार कैडर के 1993 बैच के वरिष्ठ IPS अधिकारी जितेंद्र कुमार को केंद्र सरकार ने बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है. उन्हें रेलवे प्रोटेक्शन फोर्स यानी RPF का अगला महानिदेशक नियुक्त किया गया है. जितेंद्र कुमार फिलहाल बिहार पुलिस के केंद्रीय चयन पर्षद (सिपाही भर्ती) के अध्यक्ष हैं और BSAP के महानिदेशक का अतिरिक्त प्रभार संभाल रहे हैं. इसके अलावा दारोगा भर्ती से जुड़ी जिम्मेदारी भी उनके पास रही है.
जितेंद्र कुमार को रेलवे प्रोटेक्शन फोर्स (RPF) का अगला महानिदेशक नियुक्त किया गया है.
पटना. बिहार कैडर के 1993 बैच के वरिष्ठ IPS अधिकारी जितेंद्र कुमार को केंद्र सरकार ने बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है. जितेंद्र कुमार को रेलवे प्रोटेक्शन फोर्स (RPF) का अगला महानिदेशक नियुक्त किया गया है. केंद्रीय नियुक्ति संबंधी समिति ने 14 अक्टूबर 2026 को उनकी नियुक्ति को मंजूरी दी. जितेंद्र कुमार मौजूदा RPF महानिदेशक सोनाली मिश्रा की जगह जिम्मेदारी संभालेंगे. उनका कार्यकाल पदभार ग्रहण करने की तारीख से 31 मार्च 2030 तक या अगले आदेश तक रहेगा.
कौन हैं IPS जितेंद्र कुमार?
मूल रूप से उत्तरप्रदेश के रहने वाले आईपीएस जितेंद्र कुमार वर्तमान में बिहार पुलिस के केंद्रीय चयन पर्षद (सिपाही भर्ती) के अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं. वहीं जितेंद्र कुमार के पास बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस (BSAP) के महानिदेशक का अतिरिक्त प्रभार भी है. इसके अलावा जितेंद्र कुमार बिहार पुलिस दारोगा भर्ती की अहम दायित्व को निभा रहे हैं. बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग (BPSSC) के अध्यक्ष केएस द्विवेदी के अवकाश पर जाने के बाद राज्य सरकार ने इस पद की जिम्मेदारी भी जितेंद्र कुमार को सौंपी थी. इस तरह हाल के दिनों में वह बिहार पुलिस में भर्ती से लेकर सशस्त्र पुलिस बल तक कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां एक साथ संभाल रहे थे. उनकी प्रशासनिक कार्यशैली को देखते हुए उन्हें महत्वपूर्ण और संवेदनशील जिम्मेदारियां दी जाती रही हैं. पुलिस महकमे में उनकी पहचान एक ऐसे अधिकारी के तौर पर रही है, जो कामकाज में अनुशासन और प्रक्रिया को खास महत्व देते हैं. वह सार्वजनिक तौर पर ज्यादा बयान देने के बजाय लिखित आदेश, रिकॉर्ड और आधिकारिक प्रक्रिया पर भरोसा करने वाले अधिकारी माने जाते हैं.
करीब 33 साल का पुलिस सेवा का अनुभव
1993 बैच के IPS अधिकारी जितेंद्र कुमार को पुलिस सेवा में करीब 33 वर्षों का अनुभव है. मूल रूप से उत्तर प्रदेश के रहने वाले जितेंद्र कुमार ने बिहार कैडर में रहते हुए पुलिस प्रशासन के कई महत्वपूर्ण पदों पर काम किया है. वह बिहार पुलिस मुख्यालय के साथ-साथ अपराध अनुसंधान विभाग (CID) में भी अतिरिक्त महानिदेशक यानी ADG के पद पर अपनी सेवाएं दे चुके हैं. पुलिस मुख्यालय और CID जैसे महत्वपूर्ण स्थानों पर काम करने के दौरान उन्हें प्रशासनिक और अपराध अनुसंधान से जुड़े मामलों को करीब से देखने का अनुभव मिला. पिछले साल उन्हें DG रैंक में प्रोन्नति दी गई थी. इसके बाद से बिहार पुलिस में उनकी भूमिका और भी महत्वपूर्ण हो गई थी.
गोपालगंज SP भी रह चुके हैं जितेंद्र कुमार
जितेंद्र कुमार बिहार में फील्ड पुलिसिंग की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं. वह गोपालगंज के पुलिस अधीक्षक (SP) रह चुके हैं. फील्ड पोस्टिंग से लेकर पुलिस मुख्यालय और CID तक अलग-अलग स्तर पर काम करने का अनुभव उनके करियर की खासियत माना जाता है. उनका नाम बिहार के DGP पद की रेस में भी चर्चा में रहा है. हालांकि अब केंद्र सरकार की ओर से RPF महानिदेशक के पद पर नियुक्ति के बाद उनकी नई भूमिका तय हो गई है. बिहार पुलिस में लंबे समय तक अहम जिम्मेदारियां संभालने के बाद अब वह केंद्रीय सुरक्षा व्यवस्था के एक महत्वपूर्ण हिस्से की कमान संभालेंगे.
अब RPF की कमान, बड़ी होगी जिम्मेदारी
RPF महानिदेशक के तौर पर जितेंद्र कुमार के सामने देशभर में रेलवे सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत रखने की चुनौती होगी. रेलवे नेटवर्क काफी बड़ा है और रोजाना करोड़ों यात्री ट्रेनों और रेलवे परिसरों का इस्तेमाल करते हैं. ऐसे में यात्रियों की सुरक्षा, रेलवे संपत्तियों की सुरक्षा, ट्रेनों में होने वाले अपराधों की रोकथाम और RPF के बेहतर संचालन जैसी जिम्मेदारियां उनके कार्यक्षेत्र में होंगी. केंद्रीय स्तर पर यह नियुक्ति जितेंद्र कुमार के करीब तीन दशक लंबे पुलिस करियर का एक अहम पड़ाव है. बिहार में भर्ती प्रक्रिया, सशस्त्र पुलिस बल, पुलिस मुख्यालय, CID और फील्ड पुलिसिंग का अनुभव रखने वाले जितेंद्र कुमार अब RPF के महानिदेशक के तौर पर देश की रेलवे सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी संभालेंगे.