Last Updated:
Success Story: सरकारी शिक्षक की नौकरी छोड़कर विठ्ठल गुरुजी ने खेती को अपना व्यवसाय बनाया. 50 एकड़ से शुरू हुआ उनका कारोबार अब 200 एकड़ तक पहुंच गया है और उनके खेतों में उत्पादित केले का देश-विदेश में निर्यात होता है.
Success Story: मेहनत लगन और खेती के प्रति जुनून हो तो किसान कृषि के क्षेत्र में भी नई ऊंचाइयां हासिल कर सकता है. इसका उदाहरण किसान विठ्ठल गुरुजी हैं जिन्होंने सरकारी शिक्षक की नौकरी छोड़कर खेती-किसानी को अपना व्यवसाय बनाया. उन्होंने 50 एकड़ पुश्तैनी जमीन से खेती की शुरुआत की थी. आज उनका खेती का कारोबार करीब 200 एकड़ तक पहुंच गया है. केले के उत्पादन और निर्यात के कारण उन्होंने क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बनाई है.
किसान ने दी जानकारी
लोकल 18 की टीम को किसान विठ्ठल गुरुजी बताते हैं कि पहले शिक्षक के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे थे. लेकिन खेती के प्रति रुचि और पुश्तैनी जमीन को बेहतर तरीके से उपयोग में लाने के उद्देश्य से उन्होंने नौकरी छोड़ने का फैसला किया. इसके बाद उन्होंने खेती को ही अपना मुख्य व्यवसाय बना लिया. शुरुआत में 50 एकड़ जमीन पर खेती करने वाले विठ्ठल गुरुजी ने धीरे-धीरे अपने कृषि कार्य का विस्तार किया और आज करीब 200 एकड़ जमीन पर विभिन्न फसलों का उत्पादन कर रहे हैं. उनके खेतों में केला, कपास, गन्ना, मक्का, चना, सोयाबीन और विभिन्न प्रकार की सब्जियों की खेती की जाती है. अलग-अलग फसलों के उत्पादन से वे कृषि कार्य को व्यापक स्तर पर संचालित कर रहे हैं. इनमें केला प्रमुख फसल है जिसकी मांग देश के साथ विदेशों में भी है. उनके खेतों में उत्पादित केले का देश-विदेश तक निर्यात किया जाता है. इससे उनकी पहचान एक बड़े किसान के रूप में बनी है.
100 से अधिक लोगों को मिल रहा रोजगार
विठ्ठल गुरुजी की खेती केवल उनके परिवार की आजीविका तक सीमित नहीं है बल्कि इससे क्षेत्र के लोगों को भी रोजगार मिल रहा है. उनके अनुसार, खेतों में कृषि कार्य के लिए 100 से अधिक लोगों को रोजगार मिला है. बड़े स्तर पर खेती होने से बुवाई, फसल की देखभाल, कटाई और अन्य कृषि कार्यों में लोगों को काम मिलता है. विठ्ठल गुरुजी की कहानी उन लोगों के लिए प्रेरणा है जो खेती को केवल पारंपरिक व्यवसाय मानते हैं.उन्होंने नौकरी छोड़कर कृषि को अपनाया और अपनी मेहनत से खेती का दायरा बढ़ाया. आज उनका सफर बताता है कि आधुनिक सोच, परिश्रम और सही प्रबंधन के साथ खेती को बड़े व्यवसाय के रूप में विकसित किया जा सकता है.