Last Updated:
Houthi Attack Saudi Arabia: सऊदी अरब के पूर्वी शहर धहरान में सरकारी तेल कंपनी अरामको के एक प्रशासनिक भवन पर हमले के बाद आग लग गई. सऊदी ऊर्जा मंत्रालय के मुताबिक, इस घटना में किसी की मौत या घायल होने की खबर नहीं…और पढ़ें
सऊदी अरामकों की साइट पर हमला.
Saudi Arabia VS Houthi Live: सऊदी अरब और यमन के हूती विद्रोहियों के बीच की जंग अब तेल ठिकानों और एयरपोर्ट्स तक पहुंच गया है. पहले सऊदी ने हूतियों के तेल ठिकाने पर हमला किया. इसके बाद मंगलवार को देर रात सऊदी अरब के पूर्वी शहर धहरान में देश की सरकारी तेल कंपनी अरामको (Aramco) की एक बिल्डिंग को निशाना बनाया गया. हमले के बाद वहां आग लग गई. सऊदी ऊर्जा मंत्रालय के एक अधिकारी ने सरकारी समाचार एजेंसी SPA को इसकी जानकारी दी. अधिकारियों के मुताबिक, इस घटना में किसी की मौत या घायल होने की खबर नहीं है. दूसरी ओर, सऊदी अरब ने दावा किया कि हूतियों की ओर से रियाद पर दागी गई मिसाइलों को हवा में ही रोक दिया गया, लेकिन उनके मलबे से चार लोग घायल हो गए और 15 घरों को नुकसान पहुंचा.
यह घटनाक्रम ऐसे समय हुआ है, जब हूती विद्रोहियों ने सऊदी अरब के तेल ठिकानों के आसपास मौजूद कर्मचारियों और आम नागरिकों को वहां से हटने की चेतावनी दी थी. हूतियों ने इन ठिकानों को अपना निशाना बताया था. इसके बाद सऊदी नेतृत्व वाले गठबंधन ने यमन की राजधानी सना में हूतियों के नियंत्रण वाले तेल केंद्र को खाली कराने का आदेश दिया था.
अरामको के ठिकाने पर हमले से बढ़ा तनाव
सऊदी ऊर्जा मंत्रालय के मुताबिक, धहरान स्थित अरामको के प्रशासनिक भवन पर हमले के बाद आग लग गई थी. अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाने और स्थिति संभालने की कार्रवाई की. इस हमले में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है. अरामको सऊदी अरब की सरकारी तेल कंपनी है और देश के ऊर्जा क्षेत्र में इसकी अहम भूमिका है. कंपनी के ठिकाने को निशाना बनाए जाने से सऊदी अरब के तेल और ऊर्जा बुनियादी ढांचे की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है.
हूतियों के प्रवक्ता याह्या सरी ने मंगलवार को सऊदी अरब के तेल ठिकानों के पास मौजूद लोगों को वहां से हटने की चेतावनी दी थी. यह चेतावनी सऊदी नेतृत्व वाले गठबंधन के उस आदेश के बाद आई, जिसमें यमन की सरकारी तेल कंपनी के सना स्थित अल-सबाह केंद्रीय केंद्र को खाली कराने को कहा गया था. सरी ने चेतावनी दी थी कि अगर सऊदी अरब सना पर हमला करता है, तो रियाद को इसका कड़ा और दर्दनाक जवाब दिया जाएगा. हूती प्रवक्ता ने सोशल मीडिया मंच टेलीग्राम पर भी इसी तरह का संदेश दिया था.
सना के तेल केंद्र पर हमला
सऊदी नेतृत्व वाले गठबंधन की ओर से अल-सबाह तेल केंद्र खाली कराने का आदेश दिए जाने के कुछ समय बाद सना में धमाकों की आवाजें सुने जाने की खबर आई. अल जजीरा की रिपोर्ट के मुताबिक, सना में तेल केंद्र को निशाना बनाए जाने के बाद धमाके हुए. हूती समर्थक मीडिया संस्थानों ने दावा किया कि सऊदी समर्थित बलों ने राजधानी सना के अल-सबाह इलाके में तेल केंद्र पर हवाई हमले किए. हालांकि, इस बारे में सऊदी अरब की ओर से अभी कोई बयान नहीं आया है. हूती अधिकारियों ने कहा था कि तेल कंपनी के भंडारण केंद्र खाली थे और वहां हमला होने से तेल के भंडार या आम लोगों को होने वाली आपूर्ति पर असर नहीं पड़ेगा. इसके बावजूद, शहर के कुछ पेट्रोल पंपों पर गाड़ियों की लंबी कतारें लगने की खबरें आईं. लोगों को ईंधन की कमी होने का डर था.
ट्रंप ने तुर्की की मदद लेने के दिए संकेत
सऊदी अरब की कैबिनेट ने मंगलवार को कहा कि देश पर हूतियों के हमलों के गंभीर परिणाम होंगे. सऊदी प्रेस एजेंसी के मुताबिक, बैठक की अध्यक्षता क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान ने की. वहीं, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मंगलवार को कहा कि हूती विद्रोही बहुत बुरा व्यवहार कर रहे हैं. उन्होंने पत्रकारों से बातचीत में संकेत दिया कि वह तुर्की के राष्ट्रपति रेसेप तैयप एर्दोगन से सऊदी अरब के हितों की रक्षा में मदद करने के लिए कह सकते हैं. ट्रंप ने कहा कि उन्हें लगता है कि राष्ट्रपति एर्दोगन उनके अनुरोध पर मदद करेंगे. हालांकि, तुर्की की संभावित भूमिका को लेकर किसी अंतिम फैसले की जानकारी सामने नहीं आई है. इस बीच, सऊदी नेतृत्व वाले गठबंधन ने कहा कि उसके बलों ने रियाद के उत्तर में तीन ड्रोन को भी रोक लिया. सऊदी अरब यमन की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मान्यता प्राप्त सरकार का समर्थन करता है और हाल के हफ्तों में हूतियों के खिलाफ हवाई हमले कर रहा है.
October 14, 202606:05 IST
Saudi Arabia Pakistan Defence LIVE: पाकिस्तान ने मक्का-मदीना की हिफाजत को बताया जिम्मेदारी
सऊदी अरब-पाकिस्तान रक्षा लाइव: पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने सऊदी अरब की संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता की रक्षा के लिए बिना शर्त समर्थन दोहराया है. उन्होंने कहा कि पाकिस्तान के सभी रक्षा संसाधन सऊदी अरब के लिए उपलब्ध हैं और मक्का-मदीना के पवित्र स्थलों की सुरक्षा उसकी अहम जिम्मेदारी है. रिपोर्ट के मुताबिक, मक्का रक्षा समझौते के तहत रियाद में सचिवालय, नेतृत्व और सैन्य संसाधनों की तैनाती से जुड़े ढांचे को अंतिम रूप दिया गया है. पूरी व्यवस्था आने वाले दिनों या हफ्तों में लागू होने की उम्मीद है.
October 14, 202605:55 IST
Saudi Aramco Attack LIVE: सऊदी अरामको की बिल्डिंग पर हमले से लगी आग

सऊदी अरब-हूती युद्ध लाइव: सऊदी अरब के ऊर्जा मंत्रालय के मुताबिक, मंगलवार शाम पूर्वी शहर धहरान में सऊदी अरामको की एक प्रशासनिक बिल्डिंग पर हमला हुआ, जिससे वहां मामूली आग लग गई. घटना में किसी के घायल होने की खबर नहीं है. हमले की जिम्मेदारी अभी तक किसी संगठन ने नहीं ली है.
October 14, 202605:54 IST
Saudi Arabia Houthi War LIVE: सऊदी अरब के अल-खर्ज में क्रूज मिसाइल मार गिराने का दावा
सऊदी अरब-हूती युद्ध लाइव: सऊदी नेतृत्व वाले गठबंधन ने रियाद प्रांत के अल-खर्ज गवर्नरेट में एक क्रूज मिसाइल को रोककर नष्ट करने का दावा किया है. रिपोर्ट के मुताबिक, हूती पिछले कई घंटों से सऊदी क्षेत्र पर लगातार मिसाइल और ड्रोन हमले कर रहे हैं. इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है.