Plane Hijack: प्लेन से आया हाईजैक का सिग्नल, जर्मनी में मची खलबली, फाइटर जेट ने विमान को घेरा


होमदुनियायूरोप

प्लेन से आया हाईजैक का सिग्नल, जर्मनी में मची खलबली, फाइटर जेट ने विमान घेरा

Agency:एजेंसियां

Last Updated:

ग्रीस के कोर्फू से जर्मनी के नूर्नबर्ग जा रही कोरेन्डन एयरलाइंस की फ्लाइट ने मंगलवार को गलती से हाईजैक अलर्ट भेज दिया. विमान से रेडियो संपर्क नहीं हो पाने के कारण कई यूरोपीय देशों में अलर्ट जारी हुआ. क्रोएशिया से राफेल लड़ाकू विमान और जर्मनी से भी फाइटर जेट रवाना किए गए. नूर्नबर्ग एयरपोर्ट पर उड़ानें रोक दी गईं.

Top Deals Inside

प्लेन से आया हाईजैक का सिग्नल, जर्मनी में मची खलबली, फाइटर जेट ने विमान घेराZoom

जर्मनी ने फाइटरजेट भेजे. (Reuters)

Greece News: ग्रीस के खूबसूरत द्वीप कोर्फू से जर्मनी के न्यूरेमबर्ग जा रही एक यात्री फ्लाइट ने मंगलवार को अचानक हाईजैक का अलर्ट भेज दिया. इस सिग्नल से कई यूरोपीय देशों में हड़कंप मच गया. विमान से रेडियो के जरिए संपर्क नहीं हो पाने पर लड़ाकू विमान रवाना किए गए और जर्मनी के न्यूरेमबर्ग एयरपोर्ट पर कुछ समय के लिए विमानों को उड़ान भरने से रोक दिया. हालांकि, विमान के सुरक्षित उतरने के बाद जांच में किसी तरह का खतरा नहीं मिला. जर्मन पुलिस के मुताबिक, कॉरेंडम एयरलाइंस की फ्लाइट कोर्फू से दक्षिणी जर्मनी के न्यूरेमबर्ग जा रही थी. इसी दौरान विमान से गलती से हाईजैक अलर्ट ट्रांसमिट हो गया. पुलिस ने बताया कि विमान से रेडियो के जरिए संपर्क नहीं हो पा रहा था, जिससे यह स्पष्ट करना मुश्किल हो गया कि आखिर स्थिति क्या है.

विमान को रोकने के लिए भेजे गए फाइटर जेट

विमान से संपर्क नहीं हो पाने के कारण कई यूरोपीय देशों में अलर्ट जारी करना पड़ा. हालात की गंभीरता को देखते हुए क्रोएशिया से एक राफेल लड़ाकू विमान को बोइंग यात्री विमान को इंटरसेप्ट करने के लिए रवाना किया गया. जर्मनी की सेना ने भी अपने लड़ाकू विमान भेजे. हाईजैक अलर्ट मिलते ही न्यूरेमबर्ग एयरपोर्ट पर उड़ानों का संचालन कुछ समय के लिए रोक दिया गया. मौके पर पुलिस की तैनाती भी की गई. इसके बाद जर्मन लड़ाकू विमानों ने यात्री विमान को एस्कॉर्ट करते हुए सुरक्षित लैंडिंग तक पहुंचाया. विमान के उतरने के बाद पुलिस ने उसकी जांच की. इस दौरान कोई खतरा नहीं मिला. शुरुआती अलर्ट के कारण सुरक्षा एजेंसियां सक्रिय हो गई थीं, लेकिन जांच में ऐसी कोई स्थिति सामने नहीं आई, जिससे यात्रियों या विमान को खतरा होने की पुष्टि होती.

विमान कंपनी ने क्या कहा?

द इंडिपेंडेंट की रिपोर्ट के मुताबिक एयरलाइन कंपनी ने बाद में स्पष्ट किया कि रेडियो सिस्टम में खराबी के कारण हाईजैक सिग्नल गलती से जारी हुआ था और यात्रियों को कभी कोई खतरा नहीं था. इससे पहले न्यूरेमबर्ग एयरपोर्ट पर मंगलवार तड़के भी उड़ानों का संचालन कुछ समय के लिए रोका गया था. उस समय पायलटों ने संदिग्ध ड्रोन देखे जाने की सूचना दी थी. इसके बाद एयरपोर्ट पर उड़ानें थोड़ी देर के लिए प्रभावित हुईं. जर्मनी के कई एयरपोर्ट पिछले कुछ महीनों में ड्रोन देखे जाने के कारण कुछ समय के लिए बंद करने पड़े हैं. इन घटनाओं को लेकर अक्सर रूस पर शक जताया जाता रहा है.



Source link