Last Updated:
Churu Principal Dies in Gym: चूरू से एक प्रिंसिपल की जिम में अचानक मौत का मामला सामने आया है. जानकारी के अनुसार, प्रिंसिपल जिम में दौड़ रहे थे, तभी अचानक गिर पड़े. उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया. घटना का सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है. फिलहाल उपलब्ध जानकारी में प्रिंसिपल की मौत के कारणों का खुलासा नहीं हुआ है.
सरकारी स्कूल के प्रधानाचार्य की अचानक गिरने से मौत हो गई
चूरू: सरदारशहर में जिम में एक्सरसाइज करते समय एक सरकारी स्कूल के प्रधानाचार्य की अचानक गिरने से मौत हो गई. घटना के बाद सामने आए सीसीटीवी वीडियो में प्रधानाचार्य जिम में ट्रेडमिल पर दौड़ते नजर आ रहे हैं. इसी दौरान अचानक उनका पैर फिसलता है और वह नीचे गिर पड़ते हैं. घटना के बाद उन्हें तत्काल राजकीय अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. हादसे की सूचना के बाद परिजनों में शोक छा गया.
सरदारशहर पुलिस थाने के एएसआई धर्मवीर ने बताया कि नीमरासर निवासी गौरीशंकर पुत्र मांगीलाल मेघवाल ने पुलिस को रिपोर्ट देकर बताया कि उनके बड़े भाई 49 वर्षीय बीरबलराम मेघवाल आसपालसर गांव के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में प्रधानाचार्य के पद पर कार्यरत थे. वह अपने परिवार के साथ सरदारशहर में रहते थे.
चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया
रिपोर्ट के अनुसार, बीरबलराम मेघवाल मंगलवार शाम को फिटनेस जिम में एक्सरसाइज करने गए थे. इस दौरान वह ट्रेडमिल मशीन पर दौड़ रहे थे. अचानक उनका पैर फिसल गया और वह फर्श पर गिर पड़े. गिरने से उनके सिर में चोट आई. जिम में मौजूद लोगों की मदद से उन्हें तुरंत राजकीय अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन वहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
पुलिस ने मामले में आगे की जांच शुरू कर दी
घटना का सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है. वीडियो में बीरबलराम मेघवाल ट्रेडमिल पर दौड़ते दिखाई दे रहे हैं. इसी दौरान अचानक वह संतुलन खोकर नीचे गिर जाते हैं. घटना के बाद उनकी मौत की खबर क्षेत्र में फैल गई और परिचितों व शुभचिंतकों में शोक की लहर दौड़ गई. स्थानीय लोगों के अनुसार, प्रधानाचार्य की मौत की वजह हृदय गति रुकना भी हो सकती है. हालांकि, अभी तक मौत के वास्तविक कारण की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. पुलिस ने परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सुपुर्द कर दिया है. पुलिस ने मामले में आगे की जांच शुरू कर दी है.
परिवार में मातम पसरा
पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही बीरबलराम मेघवाल की मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा. अचानक हुई इस घटना से परिवार में मातम पसरा हुआ है.