Last Updated:
Anant Singh Video : बिहार में आठ सीटों पर होने वाले एमएलसी चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मी तेज है. पटना स्नातक सीट पर जेडीयू के नीरज कुमार और जन सुराज के डॉ. अनुज सिंह के बीच मुकाबला है. इस बीच जेडीयू विधायक अनंत सिंह का एक बयान चर्चा में आ गया है. बुधवार को डॉ. अनुज सिंह के समर्थन में प्रचार करने निकले अनंत सिंह ने बिना नाम लिए कहा, ‘हम पुदीना सिंह हैं, 23 तारीख को उनका गैस निकाल देंगे.’
अनंत सिंह ने बिना नाम लिए कहा, ‘हम पुदीना सिंह हैं, 23 तारीख को उनका गैस निकाल देंगे.
पटना. बिहार में आठ सीटों पर होने वाले एमएलसी चुनाव (Bihar MLC Election) को लेकर सियासी सरगर्मी तेज है. प्रत्याशी अपने-अपने पक्ष में समर्थन जुटाने के लिए चुनाव प्रचार में पूरी ताकत लगा रहे हैं. पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में जेडीयू के प्रत्याशी नीरज कुमार और जन सुराज के प्रत्याशी डॉ. अनुज सिंह के बीच मुकाबला है. इस बीच जेडीयू विधायक अनंत सिंह का एक बयान चर्चा में है. अनंत सिंह जेडीयू प्रत्याशी नीरज कुमार के समर्थन में प्रचार करने के बजाय जन सुराज प्रत्याशी डॉ. अनुज सिंह के समर्थन में चुनावी मैदान में उतरे हैं.
बुधवार, 14 अक्टूबर को अनंत सिंह अपने समर्थकों के साथ डॉ. अनुज सिंह के पक्ष में प्रचार करने निकले. इसी दौरान उन्होंने नीरज कुमार पर तीखा हमला बोला. उनका एक वीडियो सामने आया है, जिसमें वह कहते सुनाई दे रहे हैं, ‘हम पुदीना सिंह हैं, गैस निकाल देंगे’. दरअसल अनंत सिंह से जब चुनाव प्रचार को लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने कहा कि वह प्रचार करने जा रहे हैं. इसी दौरान उन्होंने बिना नाम लिए नीरज कुमार की ओर इशारा करते हुए कहा कि हम पुदीना सिंह हैं. 23 तारीख को उनका गैस बाहर कर देंगे’
नीरज कुमार के खिलाफ प्रचार कर रहे अनंत सिंह
इस चुनाव में अनंत सिंह का रुख जेडीयू के लिए खास तौर पर चर्चा का विषय बना हुआ है. जेडीयू ने पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से नीरज कुमार को उम्मीदवार बनाया है, लेकिन अनंत सिंह खुलकर उनके विरोध में प्रचार कर रहे हैं. वह जन सुराज के प्रत्याशी डॉ. अनुज सिंह के समर्थन में चुनावी क्षेत्र में घूम रहे हैं.
बुधवार को अनंत सिंह और भोजपुरी अभिनेता गुंजन सिंह भी डॉ. अनुज सिंह के समर्थन में रोड शो के दौरान हिलसा पहुंचे. इस दौरान अनंत सिंह ने नीरज कुमार पर निशाना साधते हुए अपनी नाराजगी जाहिर की.
पार्टी की बैठक के बाद भी जारी है विरोध
अनंत सिंह और नीरज कुमार के बीच विवाद पहले से ही चर्चा में है. पार्टी के भीतर इस मामले को लेकर बातचीत और बैठक भी हो चुकी है. इसके बावजूद अनंत सिंह अपने रुख पर कायम नजर आ रहे हैं और नीरज कुमार के खिलाफ प्रचार कर रहे हैं. वहीं, जेडीयू के वरिष्ठ नेता नीरज कुमार के समर्थन में लगातार प्रचार कर रहे हैं. निशांत कुमार भी नीरज कुमार के लिए प्रचार करने में जुटे हैं.
23 अक्टूबर को होना है मतदान
बिहार में आठ एमएलसी सीटों के लिए चुनाव होने वाला है. मतदान 23 अक्टूबर को होगा और नतीजे 27 अक्टूबर को घोषित किए जाएंगे. पटना स्नातक सीट पर जेडीयू के नीरज कुमार के सामने जन सुराज के डॉ. अनुज सिंह समेत कई उम्मीदवार मैदान में हैं. अब अनंत सिंह के ‘गैस निकाल देंगे’ वाले बयान के बाद सियासी चर्चा तेज हो गई है. हालांकि नीरज कुमार की ओर से अभी कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है.