Last Updated:
Purnia Free Toolkit Scheme: पूर्णिया जिला नियोजनालय के नियोजन पदाधिकारी आदित्य प्रकाश ने इस बारे में खास जानकारी देते हुए बताया कि बिहार सरकार के श्रम संसाधन विभाग और जिला नियोजनालय की तरफ से हर साल टूलकिट का वितरण किया जाता है. 18 से 35 वर्ष की आयु के कोई भी महिला या पुरुष इस योजना का लाभ उठा सकते है. उन्होंने बताया कि इस योजना का लाभ लेने के लिए आवेदक के पास किसी मान्यता प्राप्त संस्थान से ट्रेनिंग का अनुभव और सर्टिफिकेट होना जरूरी है.
पूर्णियाः अगर आपके अंदर हुनर है और आप कुछ नया सीखकर खुद को रोजगार से जोड़ना चाहते है तो बिहार सरकार आपके हुनर के मुताबिक मुफ्त टूलकिट उपलब्ध करा रही है. इसकी मदद से आप आसानी से अपना नया कारोबार शुरू कर सकते है या अपने पुराने व्यापार को आगे बढ़ाकर ज्यादा मुनाफा कमा सकते है. आइए जानते है इस पूरी योजना के बारे में और इसका लाभ उठाने का आसान तरीका.
पूर्णिया जिला नियोजनालय के नियोजन पदाधिकारी आदित्य प्रकाश ने इस बारे में खास जानकारी देते हुए बताया कि बिहार सरकार के श्रम संसाधन विभाग और जिला नियोजनालय की तरफ से हर साल टूलकिट का वितरण किया जाता है. 18 से 35 वर्ष की आयु के कोई भी महिला या पुरुष इस योजना का लाभ उठा सकते है. उन्होंने बताया कि इस योजना का लाभ लेने के लिए आवेदक के पास किसी मान्यता प्राप्त संस्थान से ट्रेनिंग का अनुभव और सर्टिफिकेट होना जरूरी है. साथ ही आवेदक का नेशनल करियर सर्विस (NCS) पोर्टल पर कम से कम 6 महीने पुराना रजिस्ट्रेशन होना चाहिए और परिवार की वार्षिक आय 3 लाख रुपये से कम होनी चाहिए.
ऐसे आवेदक इस योजना के लिए पात्र माने जाते है. पूर्णिया जिले की जो महिलाएं आत्मनिर्भर बनना चाहती है और खुद का स्वरोजगार (जैसे ब्यूटी पार्लर, सिलाई-कढ़ाई मशीन या अन्य पसंद के ट्रेड) शुरू करना चाहती है वे इसका लाभ ले सकती है. अगर महिलाओं ने इन ट्रेड में ट्रेनिंग ली है और उनके पास मान्यता प्राप्त संस्थान का सर्टिफिकेट है तो वे आसानी से जिला नियोजनालय के मरंगा बियाडा (BIADA) स्थित कार्यालय में संपर्क कर सकती है. इसके अलावा खुद से ऑनलाइन आवेदन करके भी इस योजना का लाभ लिया जा सकता है.
ऐसे करें आवेदन, जानें पूरी प्रक्रिया
इस टूलकिट योजना का लाभ उठाने के लिए आप ‘बिहार रोजगार सेतु’ पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते है. आवेदन की प्रक्रिया इस प्रकार है: 1. सबसे पहले पोर्टल पर जाकर अपनी आईडी बनाएं और रजिस्ट्रेशन करें.
2. इसके बाद आपको एक डिफॉल्ट पासवर्ड मिलेगा, जिसकी मदद से पोर्टल पर लॉगिन करें.
3. पोर्टल को ब्राउज़ करने पर आपको ‘टूलकिट’ का विकल्प मिलेगा.
4. वहां मांगी गई सभी जरूरी जानकारी भरें.
5. आपके आवेदन की जांच जिला नियोजनालय के संबंधित अधिकारी द्वारा की जाएगी.
6. आवेदन स्वीकृत होने पर अधिकारी आपको फोन करके कार्यालय बुलाएंगे और आपको मुफ्त टूलकिट प्रदान किया जाएगा.