उत्तर प्रदेश के बहुचर्चित सौरभ राजपूत हत्याकांड में कोर्ट ने दोषी मुस्कान रस्तोगी और साहिल शुक्ला को मौत की सजा सुना दी गई है. जब मेरठ की अदालत में इन दोनों को सजा सुनाई गई, तो दोनों रोने लगे. साहिल और मुस्कान ने पहले सौरभ के खाने में नशीली चीज मिलाई और उसके बाद हत्या कर दी. बाद में शव के टुकड़े नीले ड्रम में छिपा दिए. अब उन्हें उनके किए की सजा मिल गई है. दूसरी तरफ सौरभ जैसा ही कुछ इंदौर के राजा रघुवंशी के साथ हुआ था. लेकिन सबसे बड़ा सवाल जो सिर उठाए खड़ा है. वह यह है कि इस केस में न्याय कब तक हो पाएगा.
पत्नी के साथ हनीमून मनाने मेघालय गए थे राजा रघुवंशी
इंदौर के रहने वाले राजा रघुवंशी की शादी सोनम से हुई थी. इसके बाद वह हनीमून मनाने के लिए मेघालय गए हुए थे. कुछ दिनों के बाद दोनों लापता हो गए थे. फिर राजा का शव एक खाई से मिला था और सोनम गायब थी. इसी वजह से हत्या के शक की सुई उसी पर गई. बाद में पुलिस ने उत्तर प्रदेश के गाजीपुर से सोनम रघुवंशी को पकड़ा था. सोनम पर उसके प्रेमी राज कुशवाहा के साथ राजा की हत्या की साजिश करने और उसे मारने का आरोप लगा.
अभी जेल के अंदर है सोनम रघुवंशी
फिर पुलिस ने सोनम रघुवंशी सहित पांच आरोपियों को पकड़कर मेघालय कोर्ट में पेश किया और पुलिस को रिमांड मिल गई. बाद में सोनम को जमानत मिल गई थी. लेकिन इसके बाद ट्विस्ट तब आया, जब सुप्रीम कोर्ट ने उसकी जमानत रद्द कर दी थी और उसने कोर्ट में सरेंडर कर दिया था. अभी वह जेल के अंदर है.
राजा रघुवंशी केस की पूरी टाइमलाइन, कब क्या हुआ?
11 मई 2025: इंदौर के रहने वाले राजा रघुवंशी और सोनम की धूमधाम से शादी हुई. किसी को अंदाजा नहीं था कि खुशियों का यह माहौल जल्द ही मातम में बदलने वाला है.
20 मई 2025: यह नया जोड़ा अपना हनीमून मनाने के लिए इंदौर से मेघालय के लिए रवाना हुआ.
23 मई 2025: राजा रघुवंशी और सोनम रघुवंशी अचानक रहस्यमय तरीके से लापता हो गए. परिवारवालों का इनसे संपर्क टूट गया. इसी दिन पुलिस को लावारिस एक्टिवा मिली.
इसके बाद दो जून 2025 को राजा रघुवंशी का शव एक गहरी में मिला. शव सड़-गल चुका था. बाद में राजा के हाथ में बने टैटू से शव की पहचान हुई.
3 जून 2025: पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या की पुष्टि हुई. शव पर कई निशान बने हुए थे, जो धारदार हथियार के बताए गए थे.
30 अक्टूबर 2025: शिलॉग कोर्ट ने सोनम और आरोपियों पर हत्या और उसकी साजिश के आरोप तय किए.
30 अप्रैल 2026: सोनम रघुवंशी को जमानत मिल गई.
23 जुलाई 2026: सुप्रीम कोर्ट ने सोनम रघुवंशी की बेल रद्द कर दी.
29 जुलाई 2026: सोनम रघुवंशी कोर्ट में सरेंडर कर दिया.
6 महीने में ट्रायल पूरा नहीं हुआ तो जमानत अर्जी दे सकती है सोनम
सुप्रीम कोर्ट ने सोनम रघुवंशी की जमानत रद्द करते हुए कहा था कि गिरफ्तारी के समय आरोपी को कारणों की पूरी जानकारी नहीं थी और गिरफ्तारी मेमो में टाइपिंग गलती थी, तो उसे जमानत का आधार नहीं माना जा सकता है. लेकिन कोर्ट ने यह भी कहा था कि केस का ट्रायल आखिरी चरण में है. अगर 6 महीने के अंदर केस का ट्रायल पूरा नहीं होता है, तो सोनम बेल के लिए नई अर्जी दे सकती है.
केस में चार्जशीट हो चुकी है दाखिल
दूसरी तरफ राजा रघुवंशी मर्डर केस में चार्जशीट पहले ही दाखिल हो चुकी है. अब बस चार्ज फ्रेम होना बाकी हैं. बताया जा रहा है कि चार्जशीट में मेघालय पुलिस ने अभी तक कुल 94 गवाहों को रखा है. अब 6 महीने के अंदर इन सभी गवाहों की गवाही हो पाती है या नहीं. काफी कुछ इस पर निर्भर करेगा. उसके बाद ही केस का फैसला आ सकेगा. दूसरी तरफ अगर 6 महीने में केस का ट्रायल पूरा नहीं होता है, तो सोनम बेल के लिए अर्जी दे देगी.
अब एक सवाल जो हर किसी के जेहन में है कि क्या नीले ड्रम वाले केस की तरह ही राजा रघुवंशी के परिवार को भी देश की अदालत से न्याय मिल पाएगा, तो इसका जवाब तो आने वाला वक्त ही बताएगा. सभी की निगाहें अब इस केस पर टिक गई हैं.