जुनून हो ऐसा… अमेरिका और हैदराबाद में छोड़ी नौकरी, बोकारो में शुरू किया ये कारोबार, जानें MBA पास रजनी की सफलता का राज

जुनून हो ऐसा… अमेरिका और हैदराबाद में छोड़ी नौकरी, बोकारो में शुरू किया ये कारोबार, जानें MBA पास रजनी की सफलता का राज


बोकारो: झारखंड में बोकारो जिले के सेक्टर-12 स्थित लोहांचल की रहने वाली रजनी शर्मा अपने हुनर और मेहनत के दम पर कारोबार की दुनिया में अलग पहचान बना रही हैं. आंवला कैंडी, आम पापड़, बेल कैंडी और डिहाइड्रेटेड फलों और सब्जियों से तैयार उत्पादों के जरिए उन्होंने अपना व्यवसाय खड़ा किया है. सबसे खास बात यह है कि उनके उत्पादों की मांग बोकारो के साथ-साथ दूसरे शहरों में भी पहुंच रही है. वहीं, अपने कारोबार के माध्यम से वह लगभग 7-8 लोगों को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार भी उपलब्ध कराई हैं.

जानें कैसे आया बिजनेस करने का आइडिया

लोकल 18 से खास बातचीत में रजनी शर्मा ने बताया कि वह पिछले 3 वर्षों से इस कारोबार को चला रही हैं. उनके मन में खुद का व्यवसाय शुरू करने का विचार हैदराबाद में नौकरी के दौरान आया था. वर्ष 2004 में एमबीए की पढ़ाई पूरी करने के बाद उन्होंने सिप्ला और बजाज आलियांज जैसी कंपनियों में काम किया. इसके बाद शादी हुई और वह हैदराबाद के साथ-साथ अमेरिका में भी नौकरी कर चुकी हैं.

परिवार वाले भी हैं कारोबारी

वर्ष 2019 में भारत लौटने के बाद उन्होंने अपने व्यवसाय को लेकर गंभीरता से सोचना शुरू किया. रजनी बताती हैं कि वह एक कारोबारी परिवार से आती हैं और शुरू से ही उनका रुझान बिजनेस की ओर था. इसी सोच के साथ उन्होंने डिहाइड्रेटेड फलों से जुड़े उत्पाद तैयार करने का काम शुरू किया. धीरे-धीरे उन्होंने आंवला कैंडी, बेल कैंडी और आम पापड़ जैसे उत्पादों के जरिए अपने कारोबार को आगे बढ़ाया.

शुरुआत में मिली थी असफलता

रजनी शर्मा के लिए कारोबार की शुरुआत आसान नहीं थी. उन्होंने बताया कि शुरुआती दौर में उन्हें कई चुनौतियों और असफलताओं का सामना करना पड़ा. हालांकि, उन्होंने हार मानने के बजाय बाजार की मांग को समझने और अपने उत्पादों में जरूरी बदलाव करने पर ध्यान दिया इसके बाद धीरे-धीरे कारोबार आगे बढ़ने लगा. उनके अनुसार, छोटे स्तर पर उत्पाद तैयार करना आसान होता है, लेकिन जब उत्पादन बढ़ता है तो उत्पादों की गुणवत्ता बनाए रखना और उन्हें खराब होने से बचाना बड़ी चुनौती बन जाता है. खासकर खाद्य उत्पादों के कारोबार में गुणवत्ता और उत्पादों की सही तरीके से देखभाल करना बेहद जरूरी है.

मां को समर्पित है अपना ब्रांड

रजनी शर्मा अपनी सफलता का श्रेय अपनी मां इंदु देवी शर्मा को देती हैं. उनका कहना है कि मां के आशीर्वाद और समर्थन की वजह से वह आज इस मुकाम तक पहुंच पाई हैं. यही कारण है कि उन्होंने अपने ब्रांड के लोगो में अपनी मां की तस्वीर को जगह दी है. उनके लिए यह कारोबार सिर्फ कमाई का जरिया नहीं, बल्कि अपनी मां के प्रति सम्मान और आभार व्यक्त करने का माध्यम भी है.

कारोबार से 7 से 8 लोगों को मिल रहा रोजगार

वहीं, उनका अगला लक्ष्य अपने उत्पादों को अधिक से अधिक ग्राहकों तक पहुंचाना और कारोबार का धीरे-धीरे विस्तार करना है. फिलहाल उनका व्यवसाय मुख्य रूप से घरेलू बाजार पर केंद्रित है.

मौसम भी कारोबार को करता है प्रभावित

रजनी शर्मा ने बताया कि मौसमी फलों और सब्जियों से जुड़े उत्पादों के कारोबार में मौसम की भी अहम भूमिका होती है. अत्यधिक गर्मी और अनियमित बारिश जैसी परिस्थितियों का असर फलों एवं सब्जियों की उपलब्धता और बाजार पर पड़ता है. इससे कारोबार की योजना बनाने और उत्पादन को व्यवस्थित रखने में चुनौतियां आती है. इसके बावजूद वह अपने व्यवसाय को लगातार आगे बढ़ाने की दिशा में प्रयास कर रही हैं.

नए उद्यमियों को दिया सफलता का मंत्र

रजनी शर्मा का मानना है कि खुद का व्यवसाय शुरू करने के लिए हमेशा बड़े निवेश या बड़े स्तर पर शुरुआत करना जरूरी नहीं है. बल्कि इच्छाशक्ति, सही योजना और मेहनत के साथ छोटे स्तर से भी कारोबार शुरू किया जा सकता है.



Source link