Last Updated:
India Women vs Zimbabwe Women: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में शहीद वीर नारायण क्रिकेट स्टेडियम में भारतीय महिला टीम और जिम्बाब्वे महिला टीम के बीच T20I मुकाबला खेला जाएगा. खास बात यह है कि छत्तीसगढ़ में यह महिला क्रिकेट का पहला इंटरनेशनल मैच होने जा रहा है. भारत और जिम्बाब्वे के बीच टी20 सीरीज की शुरुआत 16 अक्टूबर से होगी और इसमें कुल तीन मुकाबले खेले जाएंगे. तीनों मैचों के लिए महिलाओं की स्टेडियम में फ्री एंट्री दी जाएगी.
छत्तीसगढ़ में महिलाओं को स्टेडियम में फ्री एंट्री
Raipur: छत्तीसगढ़ राज्य का गठन एक नवंबर 2000 को हुआ था. उसके बाद से ही राज्य लगातार विकास और प्रगति कर रहा है. मार्च 2026 में छत्तीसगढ़ को नक्सलमुक्त घोषित किया गया था. अब छत्तीसगढ़ में एक काम और पहली बार होने जा रहा है, जी हां छत्तीसगढ़ में महिला इंटरनेशनल क्रिकेट मैच पहली बार होने जा रहा है. यह मैच रायपुर के शहीद वीर नारायण इंटरनेशनल क्रिकेट होगा. भारतीय महिला टीम और जिम्बाब्वे महिला टीम के बीच तीन टी20 मैचों की सीरीज खेली जाएगी.
महिलाओं को स्टेडियम में मिलेगी फ्री एंट्री
भारत और जिम्बाब्वे के बीच होने वाली टी20 सीरीज को लेकर छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट के पदाधिकारी मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से मिले. इस दौरान सीएम साय ने महिला दर्शकों के लिए स्टेडियम में फ्री एंट्री का सुझाव दिया. इस पर छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ ने सहमति जता दी है. अब टी20 सीरीज के तीनों मैचों के लिए महिलाओं को स्टेडियम में फ्री एंट्री मिलेगी और वह आराम से स्टेडियम में जाकर मैच देख सकेंगी.
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि पहली बार इंटरनेशनल महिला क्रिकेट मुकाबले का आयोजन प्लेयर्स के लिए प्रेरणादायी साबित होगा. इसके अलावा उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में लगातार खेलों और खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने का काम किया जा रहा है. बुनियादी ढांचा तैयार किया जा रहा है. बड़े खेल आयोजनों की मेजबानी से प्रदेश में खेल संस्कृति और स्थानीय खिलाड़ियों को सीखने का अवसर मिलता है. इस दौरान सीएम को पहला मैच देखने के लिए आमंत्रित भी किया गया.
भारतीय टीम में मौजूद हैं स्टार खिलाड़ी
टी20 सीरीज के लिए भारतीय टीम की कमान स्मृति मंधाना के हाथों में है. वहीं टीम में शेफाली वर्मा, हरमनप्रीत कौर जैसे धाकड़ बल्लेबाज भी मौजूद हैं. बॉलिंग की जिम्मेदारी क्रांति गौड़ और श्री चरणी संभालती हुई नजर आएंगी. भारत के दीप्ति शर्मा जैसी स्टार ऑलराउंडर भी मौजूद है, जो चंद गेंदों में ही मैच का रुख बदल देती है.
16 अक्टूबर को होगा पहला मुकाबला
भारतीय महिला टीम जिम्बावे के खिलाफ टी20 सीरीज का पहला मुकाबला 16 अक्टूबर को, दूसरा मुकाबला 18 अक्टूबर को और तीसरा मैच 20 अक्टूबर को खेलेगी. ऐसे में रायपुर में क्रिकेट फैंस को एक अलग ही रोमांच देखने को मिलेगा.