Last Updated:
ग्वालियर के उटीला इलाके से 30 सितंबर को लापता हुई 15 साल की नाबालिग छात्रा को पुलिस ने इंदौर से बरामद कर लिया. छात्रा कोचिंग के लिए घर से निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी. परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने अपहरण का मामला दर्ज कर तलाश शुरू की. पुलिस ने CCTV फुटेज की मदद से छात्रा के सफर का पता लगाया.
ग्वालियर से गायब छात्रा इंदौर से बरामद
ग्वालियर. ग्वालियर की उटीला से 15 साल की एक नाबालिग छात्रा कोचिंग के लिए निकली थी और फिर घर नहीं लौटी. परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने अपहरण का केस दर्ज कर छात्रा की तलाश शुरू की. ग्वालियर पुलिस में CCTV फुटेज के जरिए ट्रैक कर ग्वालियर से भोपाल और फिर इंदौर तक 625 किलोमीटर का सफर तय किया. इस दौरान 350 CCTV कैमरों को खंगाल कर इंदौर से छात्रा को बरामद किया.
मामला ग्वालियर के उटीला थाना क्षेत्र के इलाके का है जहां 30 सितंबर को 15 साल की नाबालिग छात्रा लापता हुई थी. परिजनों ने उटीला थाने में शिकायत की थी. परिजनों ने बताया कि छात्रा कोचिंग गई थी लेकिन उसके बाद नहीं लौटी उसका फोन भी लगातार स्विच ऑफ आ रहा है.
शिकायत के बाद पुलिस ने अपहरण का केस दर्ज़ कर जांच शुरू की. पुलिस टीम ने नाबालिग छात्रा की तलाश के लिए बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन के CCTV फुटेज चेक किए. जिसमें नाबालिग छात्रा ग्वालियर रेलवे स्टेशन से भोपाल जाने वाली ट्रेन में बैठकर जाती हुई दिखी, जिसके आधार पर ग्वालियर पुलिस भोपाल पहुंची.
करीब 350 सीसीटीवी कैमरे की रिकॉर्डिंग की चेक
भोपाल रेलवे स्टेशन के कैमरे चेक करने पर पाया कि छात्रा ट्रेन से उतरकर इंदौर जाने वाली बस में बैठकर इंदौर गई है. पुलिस ने CCTV फुटेजों के आधार पर इंदौर के कृष्णानगर इलाके में दबिश दी. इंदौर में एक संदेही युवक के घर से छात्रा को दस्तयाब किया गया. खास बात यह है कि पुलिस ने नाबालिग छात्रा को तलाशने के लिए ग्वालियर से भोपाल और फिर इंदौर तक करीब 625 किलोमीटर का सफर किया. इस दौरान पुलिस ने ग्वालियर रेलवे स्टेशन से बीना-भोपाल-इंदौर के करीब 350 सीसीटीवी कैमरे के लगभग 96 घंटे की रिकॉर्डिंग को चेक किया. पूरे सीसीटीवी से रूट ट्रैक कर छात्रा को इंदौर के कृष्णानगर इलाके से बरामद किया. पुलिस छात्रा और उसके साथ पकड़ाए इंदौर निवासी संदेही युवक को ग्वालियर लेकर आई है. यहां कोर्ट में पेश कर अगली कार्रवाई की जाएगी.