Last Updated:
Good News : ग्रेटर नोएडा में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए चार नए रूट पर इलेक्ट्रिक बसों का संचालन शुरू हो गया है. इसके साथ ही ग्रेटर नोएडा क्षेत्र में चलने वाली ई-बसों की संख्या 25 से बढ़ाकर 35 कर दी गई है.
नोएडा इलेक्ट्रिक बसें शुरू.
ग्रेटर नोएडा : उत्तर प्रदेश सरकार लोगों को राहत देने के लिए एक के बाद एक बड़े फैसले ले रही है. अब नोएडा एयरपोर्ट, दनकौर और यमुना सिटी जाने वाले यात्रियों के लिए बड़ी खबर है. ग्रेटर नोएडा में सार्वजनिक परिवहन को बेहतर बनाने के लिए चार नए रूट पर इलेक्ट्रिक बसों को चलाने का फैसला लिया गया है. इसका संचालन शुरू हो गया है. इसके साथ ही क्षेत्र में चलने वाली ई-बसों की संख्या 25 से बढ़कर 35 हो गई है. नए रूट शुरू होने से यात्रियों को आने-जाने में सहूलियत मिलेगी और कई प्रमुख इलाकों की कनेक्टिविटी बेहतर होगी.
आठ हुए ई-बसों के रूट
जून में नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना प्राधिकरण क्षेत्रों में कुल 100 इलेक्ट्रिक बसों का संचालन शुरू किया गया था. इनमें 50 बसें नोएडा प्राधिकरण, जबकि ग्रेटर नोएडा और यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में 25-25 बसें चलाई जा रही हैं. ग्रेटर नोएडा में पहले चार रूट पर बसों का संचालन हो रहा था. अब चार नए रूट शुरू होने के बाद इनकी संख्या आठ हो गई है.
यात्रियों की संख्या के हिसाब से बढ़ेंगी बसें
सीनियर मैनेजर अर्बन सर्विसेज सन्नी यादव के मुताबिक, जिन मार्गों पर यात्रियों की संख्या अधिक है, वहां बसों की संख्या बढ़ाई गई है. इसके लिए सर्वेक्षण कराया जा रहा है. सर्वे के आधार पर चरणबद्ध तरीके से बसों की संख्या और रूट बढ़ाए जाएंगे. इसका उद्देश्य अधिक से अधिक सेक्टर और आसपास के कस्बों को सार्वजनिक परिवहन से जोड़ना है.
चार से अधिक जगह बने चार्जिंग स्टेशन
इलेक्ट्रिक बसों के नियमित संचालन में चार्जिंग की समस्या न आए, इसके लिए ग्रेटर नोएडा में चार्जिंग स्टेशन भी बढ़ाए जा रहे हैं. अब तक चार से अधिक स्थानों पर चार्जिंग स्टेशन लगाए जा चुके हैं. इससे बसों को चार्ज करने और संचालन व्यवस्था को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी.
इन चार नए रूट पर शुरू हुईं ई-बसें
- सेक्टर-37 नोएडा से दनकौर टाउन: फेज-2, परी चौक और बिलासपुर होते हुए.
- बॉटनिकल गार्डन से नोएडा एयरपोर्ट: एडवांट बिल्डिंग, परी चौक और गौड़ यमुना सिटी होते हुए.
- एडवांट बिल्डिंग से नॉलेज पार्क-2: नॉलेज पार्क-1, स्वर्ण नगरी, जगत फार्म और परी चौक होते हुए.
- बॉटनिकल गार्डन से मिर्जापुर कट, यमुना सिटी: एडवांट बिल्डिंग और परी चौक होते हुए.
नए रूट शुरू होने से नोएडा एयरपोर्ट, नॉलेज पार्क और यमुना सिटी की ओर जाने वाले यात्रियों को सार्वजनिक परिवहन का अतिरिक्त विकल्प मिलेगा. आने वाले समय में सर्वे के आधार पर बसों और रूट की संख्या बढ़ाने की योजना है.