Last Updated:
Prem Watsa IDBI Bank : भारतवंशी कनाडाई बिजनेसमैन प्रेम वत्स की कंपनी फेयरफैक्स फाइनेंशियल होल्डिंग्स एचडीएफसी बैंक में 60.72 फीसदी हिस्सेदारी खरीदेगी. प्रेम वत्स का जन्म 5 अगस्त 1950 को हैदराबाद में हुआ था. वे उच्च शिक्षा के लिए कनाडा गए थे. उन्हें कनाडा का वॉरेन बफेट कहा जाता है.
कनाडा पहुंचने के शुरुआती दिन प्रेम वत्स के लिए बेहद संघर्षपूर्ण रहे थे. (फाइल फोटो : रॉयटर्स)
नई दिल्ली. केंद्र सरकार द्वारा आईडीबीआई बैंक (IDBI Bank) में 60.72 फीसदी हिस्सेदारी की बिक्री को मंजूरी दिए जाने के बाद एक नाम अचानक हर जुबान पर चर्चा में है. वो है प्रेम वत्स. कनाडाई वित्तीय कंपनी फेयरफैक्स फाइनेंशियल होल्डिंग्स (Fairfax Financial Holdings) के जरिए भारत के बैंकिंग इतिहास की सबसे बड़ी डील करने वाले प्रेम वत्स भारतीय मूल के अरबपति कारोबारी हैं. वत्स को कनाडा का वॉरेन बफेट कहा जाता है और उनकी अनुमानित नेटवर्थ करीब 25 हजार करोड़ रुपये है. हैदराबाद में जन्में प्रेम वत्स ने अपनी मेहनत और सूझबूझ के बलबुते ही नाम और दाम कमाया है. अब आईडीबीआई बैंक के मालिक बनने जा रहे प्रेम वत्स कभी भारत से जेब में महज कुछ रुपये लेकर एक आम छात्र के रूप में विदेश गए थे.
प्रेम वत्स का जन्म 5 अगस्त 1950 को हैदराबाद के एक मध्यमवर्गीय परिवार में हुआ था. शुरू से ही पढ़ाई-लिखाई में मेधावी रहे वत्स ने 1971 में देश के प्रतिष्ठित संस्थान IIT मद्रास से केमिकल इंजीनियरिंग में डिग्री हासिल की. उनके पिता ने उन्हें विदेश में मैनेजमेंट की पढाई करने को कहा. बेहतर अवसरों की तलाश में वत्स कनाडा रवाना हो गए. वहां उन्होंने वेस्टर्न ओंटारियो यूनिवर्सिटी के बिजनेस स्कूल में एमबीए (MBA) पाठ्यक्रम में दाखिला लिया. उनके इस फैसले ने उनकी सोच और जीवन की दिशा ही बदल दी.
जेब में थे महज 64 रुपये, घर-घर बेचे अप्लायंसेज
कनाडा पहुंचने के शुरुआती दिन प्रेम वत्स के लिए बेहद संघर्षपूर्ण रहे. भारत से वे महज आठ कनाडाई डॉलर (उस समय केवल 64 रुपये) ही लेकर भारत से कनाडा आए थे. नए देश में अपनी पढ़ाई का खर्च उठाने और रहने-खाने का इंतजाम करने के लिए उन्होंने कभी काम को छोटा नहीं समझा. उन्होंने एक होम अप्लायंसेज कंपनी के उपकरण डोर-टू-डोरजाकर बेचे. वे यूनिवर्सिटी में क्लास अटैंड करते, फिर भागकर काम पर जाते और फिर देर रात तक पढ़ते. चुनौतियों का डटकर मुकाबला किया और सफलतापूर्वक अपनी मास्टर्स डिग्री पूरी की.
1974 में की पहली नौकरी
साल 1974 में प्रेम वत्स ने कनाडा की कन्फेडरेशन लाइफ इंश्योरेंस कंपनी में बतौर स्टॉक पोर्टफोलियो मैनेजर अपने करियर की शुरुआत की. यहीं उन्होंने इंश्योरेंस, रिस्क मैनेजमेंट और वैल्यू इनवेस्टिंग की बारीकियां समझीं. कुछ वर्षों के अनुभव के बाद उन्होंने इन्वेस्टमेंट मैनेजमेंट के लिए हैम्ब्लिन वत्सा इन्वेस्टमेंट काउंसिल लिमिटेड बनाई. इसके बाद साल 1985 में उन्होंने टोरंटो स्थित फाइनेंशियल सर्विसेज कंपनी फेयरफैक्स फाइनेंशियल का अधिग्रहण किया.