मुंबई ने चंडीगढ़ को पारी और 155 रन से हराया, हैदराबाद ने त्रिपुरा को रौंदा
Last Updated:
रणजी ट्रॉफी 2026-27 में मुंबई की टीम ने जीत के साथ सीजन की शुरुआत की है. एलीट ग्रुप डी मुकाबले में मुंबई ने चंडीगढ़ को पारी और 155 रन से हराया. इस जीत के साथ ही मुंबई की टीम ने बोनस अंक भी हासिल किया. मुकाबले में मुंबई की टीम चंडीगढ़ के खिलाफ बैटिंग और बॉलिंग दोनों में अपना दबदबा बनाकर रखा था. इसके अलावा हैदराबाद ने भी त्रिपुरा को पारी और 40 रन से हराया.
मुंबई ने चंडीगढ़ को हराया
नई दिल्ली: रणजी ट्रॉफी 2026-27 के पहले मैट में मुंबई ने एलीट ग्रुप डी में चंडीगढ़ को पारी और 155 रन से हरा दिया. मुंबई ने तीन दिन के अंदर जीत दर्ज की और बोनस अंक भी हासिल किया. वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में मुंबई के गेंदबाजों ने चंडीगढ़ की दूसरी पारी में भी शानदार प्रदर्शन किया. मुंबई ने इससे पहले सोमवार को मैच के दूसरे दिन चंडीगढ़ की पहली पारी महज 78 रन पर समेट कर 351 रन की बढ़त हासिल कर उसे फॉलोऑन दिया.
चंडीगढ़ ने दूसरे दिन का खेल समाप्त होने तक एक विकेट गंवाया था. मुंबई के गेंदबाजों ने मंगलवार को मेहमान टीम की दूसरी पारी 52.1 ओवर में 196 रन पर समेट दी. शम्स मुलानी ने 69 रन देकर तीन विकेट लिए, जबकि तनुष कोटियान ने 30 रन देकर तीन विकेट चटकाए. इससे पहले मुंबई ने अपनी पहली पारी में 429 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया था. टीम के लिए कप्तान सिद्धेश लाड ने 86, मुशीर खान ने 65 रन, कोटियन ने 58 और मोहित अवस्थी ने नाबाद 56 रन की पारी खेली थी.
हैदराबाद ने त्रिपुरा को पारी और 40 रन से हराया
मुंबई के अलावा एलीट ग्रुप बी में हैदराबाद ने त्रिपुरा के खिलाफ पारी और 40 रनों से दमदार जीत हासिल की. इस जीत के साथ रणजी ट्रॉफी 2026-27 में हैदराबाद ने अपने अभियान का शानदार आगाज किया. तेज गेंदबाज तन्य त्यागराजन और मोहम्मद सिराज ने मिलकर आठ विकेट चटकाए जिससे हैदराबाद ने दूसरी पारी में त्रिपुरा को 120 रन पर समेट दिया. त्रिपुरा ने दूसरे दिन का खेल समाप्त होने तक सात विकेट पर 99 रन बनाए थे. हैदराबाद को इस जीत से बोनस अंक सहित कुल सात अंक मिले.
त्यागराजन ने 52 रन देकर छह विकेट चटकाते हुए त्रिपुरा की बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी जबकि भारत के तेज गेंदबाज सिराज ने नौ ओवर में 19 रन देकर दो विकेट हासिल किए. त्यागराजन ने पहले सत्र में रात के नाबाद बल्लेबाज सेंतु सरकार को जल्दी आउट कर दिया जिसके बाद त्रिपुरा की टीम अधिक देर नहीं टिक सकी. त्रिपुरा ने पहली पारी में 134 रन बनाए थे जिसके जवाब में हैदराबाद ने 294 रन बनाकर बड़ी बढ़त हासिल की थी. हैदराबाद अब 18 अक्टूबर से ग्रुप के अपने दूसरे मुकाबले में आंध्र से भिड़ेगा जबकि त्रिपुरा का सामना असम से होगा.