Last Updated:
Muhammad Yunus Slammed as Terrorist in US: बांग्लादेश में पूर्व अंतरिम सरकार के प्रमुख मोहम्मद यूनुस को अमेरिका में कड़े विरोध का सामना करना पड़ा. उनके अपने ही देश के प्रवासी लोगों ने उन्हें जॉन एफ. कैनेडी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर ‘आतंकवादी और हत्यारा’ कहकर बेइज्जती की.
बांग्लादेशियों ने यूनुस को अमेरिका में घेरा. (सोशल मीडिया)
Bangladeshi Calls Muhammad Yunus Terrorist: कहते हैं कि जैसी इंसान की करनी होती है, वैसी ही भरनी. बांग्लादेश की पूर्व अंतरिम सरकार के प्रमुख और नोबेल पुरस्कार विजेता मुहम्मद यूनुस के साथ भी ऐसा ही हो रहा है. जिस अमेरिका में वो शान के साथ सिर उठाकर चलते थे, अब वहीं पर उन्हें अपने ही देश के लोग ‘आंतकवादी और हत्यारा’ कह रहे हैं वो कुछ बोल तक नहीं पा रहे. न्यूयॉर्क के जॉन एफ. कैनेडी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर कुछ बांग्लादेशी प्रवासियों ने उन्हें घेरकर नारेबाजी की और यूनुस इसका जवाब तक नहीं दे पाए.
प्रदर्शनकारियों ने उन पर बांग्लादेश में हिंसा, लोगों की मौत और लोकतांत्रिक व्यवस्था को नुकसान पहुंचाने जैसे गंभीर आरोप लगाए. सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में कुछ लोग यूनुस पर चिल्लाते हुए नजर आते हैं. एक प्रदर्शनकारी को यह कहते सुना जा सकता है- ‘तुम आतंकवादी हो, तुमने बांग्लादेश में लोगों को मारा है. यहां क्यों आए हो?’ कुछ अन्य लोगों ने वापस जाओ के नारे भी लगाए.
मोहम्मद यूनुस पर क्यों भड़क उठे लोग?
बांग्लादेशी मीडिया रिपोर्टों की मानें तो मोहम्मद यूनुस के साथ यह घटना एयरपोर्ट के टर्मिनल-8 पर हुई. यूनुस दोहा से कतर एयरवेज की उड़ान के जरिये न्यूयॉर्क पहुंचे थे. उन्हें व्हीलचेयर पर बैठाकर बाहर ले जाते समय लोगों को विरोध करते देखा जा सकता है.
मोहम्मद यूनुस को बांग्लादेशियों ने सुनाया. (क्रेडिट- @Ekattor_71)
प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि यूनुस के अंतरिम शासन के दौरान राजनीतिक हिंसा बढ़ी, हजारों पुलिसकर्मियों की जान गई और बड़ी संख्या में लोगों को गिरफ्तार किया गया. वहां मौजूद सुरक्षा कर्मियों ने प्रदर्शनकारियों को यूनुस से दूर किया लेकिन वे उनके पीछे-पीछे दूर तक चले गए.
शेख हसीना के हटने के बाद बढ़ा तनाव
अगस्त, 2024 में शेख हसीना की सरकार गिरने के बाद बांग्लादेश राजनीतिक उथल-पुथल के दौर से गुजरा. इसके बाद यूनुस ने अंतरिम सरकार की कमान संभाली थी. उनके कार्यकाल के दौरान हिंदुओं की हत्याएं, कानून-व्यवस्था और राजनीतिक बदले को लेकर कार्रवाई का आरोप लगाया गया. इस दौरान हिंदू समुदायों और धार्मिक स्थलों पर हमलों, मनमानी गिरफ्तारियों तथा हिरासत में मौतों की शिकायतों ने भी चिंता बढ़ाई. भारत के साथ बांग्लादेश के संबंधों और अल्पसंख्यकों की सुरक्षा को लेकर भी यूनुस की आलोचना होती रही है. फिलहाल न्यूयॉर्क एयरपोर्ट पर हुए विरोध और प्रदर्शनकारियों के आरोपों पर यूनुस की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है.