Chilli Potato Recipe: अब घर पर बनाएं चटपटा चिली पोटैटो, बस इन 3 सॉस का करें इस्तेमाल, स्वाद होगा लाजवाब

Chilli Potato Recipe: अब घर पर बनाएं चटपटा चिली पोटैटो, बस इन 3 सॉस का करें इस्तेमाल, स्वाद होगा लाजवाब


दिल्ली: चिली पोटैटो का नाम सुनते ही मुंह में पानी आ जाता है. बाहर से क्रिस्पी और अंदर से नरम आलू, साथ में तीखी-मीठी चटपटी सॉस का स्वाद इसे खास बनाता है. यही वजह है कि बच्चों से लेकर बड़ों तक, हर किसी को चिली पोटैटो खाना पसंद होता है, लेकिन जब इसे घर पर बनाने की बात आती है, तो अक्सर बाजार जैसा स्वाद नहीं मिल पाता है.

ऐसे में सवाल उठता है कि आखिर ठेले या दुकान पर मिलने वाले चिली पोटैटो में ऐसा क्या खास होता है, जो घर पर बनाने पर नहीं आता है. अगर आप भी घर पर बाजार जैसा चिली पोटैटो बनाना चाहते हैं, तो इसमें आपकी मदद कर सकते हैं. 22-23 साल से चाइनीज डिश बनाने का अनुभव रखने वाले बानेश से लोकल 18 की टीम ने खास बातचीत की. उन्होंने बताया कि चिली पोटैटो का स्वाद बढ़ाने के लिए सही सॉस का इस्तेमाल करना बेहद जरूरी है.

चिली पोटैटो बनाने के लिए किन चीजों की पड़ेगी जरूरत

दिल्ली के अशोक नगर मेट्रो स्टेशन के पास दुकान लगाने वाले बानेश के मुताबिक, चिली पोटैटो बनाने के लिए सबसे पहले आलू को तैयार करके फ्राई करना होता है. आलू को फ्राई करने के बाद इसमें अलग-अलग सॉस मिलाई जाती हैं, जो इस डिश को चटपटा स्वाद देती हैं. इसके लिए टमाटर सॉस, ग्रीन चिली सॉस और मोमोज सॉस जैसी चीजों का इस्तेमाल किया जाता है. इसके अलावा स्वाद बढ़ाने के लिए चाइनीज नमक भी डाला जाता है. इन सभी चीजों को सही मात्रा में मिलाने से चिली पोटैटो का स्वाद बेहतर हो जाता है.

पहले फ्राई किए जाते हैं आलू, फिर आता है सॉस का नंबर

चिली पोटैटो बनाने की शुरुआत आलू को फ्राई करने से होती है. बानेश पहले ही आलू को फ्राई करके तैयार रखते हैं. इसके बाद फ्राई किए हुए आलू में सॉस मिलाने की प्रक्रिया शुरू होती है. इस दौरान अलग-अलग सॉस को आलू के साथ अच्छी तरह मिलाया जाता है, ताकि हर टुकड़े पर सॉस का स्वाद आ सके. टमाटर सॉस जहां इसमें हल्का मीठा और खट्टा स्वाद लाती है. वहीं, ग्रीन चिली सॉस इसे तीखापन देती है. मोमोज सॉस और दूसरे मसाले इसके स्वाद को और बढ़ाने में मदद करते हैं.

घर पर चिली पोटैटो बनाते समय इन बातों का रखें ध्यान

अगर आप घर पर चिली पोटैटो बना रहे हैं, तो आलू को अच्छी तरह फ्राई करना जरूरी है. इससे आलू में कुरकुरापन आता है. वहीं, सॉस मिलाते समय उनकी मात्रा का ध्यान रखें, ताकि स्वाद न ज्यादा तीखा हो और न ही ज्यादा मीठा. सॉस को आलू के साथ अच्छी तरह मिलाएं, जिससे हर टुकड़े में चटपटा स्वाद आए. चिली पोटैटो को बनाने के बाद गर्मागर्म परोसें, ताकि इसका कुरकुरापन और स्वाद बना रहे.

इस तरह कुछ जरूरी सॉस और सही तरीके से तैयार किए गए आलू की मदद से आप घर पर भी चिली पोटैटो बना सकते हैं. हालांकि, बाजार जैसा स्वाद पाने के लिए सॉस की सही मात्रा और आलू का कुरकुरापन सबसे ज्यादा मायने रखता है.



Source link