Last Updated:
Bullet Train Latest Update : 508 किलोमीटर लंबे मुंबई- अहमदाबाद बुलेट ट्रेन प्रोजेक्ट का निर्माण कार्य जोर-शोर से चल रहा है. इस रूट पर वडोदरा भी आता है. यहां बुलेट ट्रेन शहर के बीच से गुजरेगी. बुलेट ट्रेन के लिए एलिवेटेड ट्रैक बिछाने को यहां पोर्टल बीम बनकर तैयार हो गए हैं. इन्हें भीड़-भाड़ वाले इलाके में बनाना इंजीनियरों के सामने किसी चुनौती से कम न था.
शहर बीच से बुलेट ट्रेन की पटरियों को निकालना किसी अग्निपरीक्षा से कम नहीं है. (फोटो साभार : @nhsrcl/X)
नई दिल्ली. देश के पहले बुलेट ट्रेन प्रोजेक्ट के निर्माण का काम जोर-शोर से चल रहा है. मुंबई-अहमदाबाद हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर के एक मुश्किल और पेचीदा काम को इंजीनियरों पूरा कर दिया है. वडोदरा में 14 विशाल पोर्टल बीम का निर्माण पूरा हो गया है. हर बीम का वजन करीब 1,500 टन है. इन बीम के बन जाने के बाद अब अब वडोदरा में एलिवेटेड ट्रैक बिछाने का काम शुरू होगा.
करीब 1.08 लाख करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से बन रहा 508 किलोमीटर लंबा यह हाई-स्पीड कॉरिडोर महाराष्ट्र और गुजरात को जोड़ेगा. 320 किमी/घंटे की टॉप स्पीड से चलने वाली इस ट्रेन के मार्ग में कुल 12 स्टेशन होंगे. इनमें 4 स्टेशन महाराष्ट्रमें और 8 गुजरात में होंगे.
क्यों मुश्किल था पोर्टल बीम का निर्माण
नेशनल हाई स्पीड रेल कॉर्पोरेशन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट शेयर कर बुलेट ट्रेन प्रोजेक्ट में मिली इस बड़ी सफलता की जानकारी दी है. वडोदरा में बुलेट ट्रेन स्टेशन शहर के बीचों-बीच बनाया जाएगा. शहर बीच से बुलेट ट्रेन की पटरियों को निकालना किसी अग्निपरीक्षा से कम नहीं है. बुलेट ट्रेन का रूट यहां से गुजरने वाली 5 मुख्य रेलवे लाइनों के ऊपर से जाएगा, जिसमें देश का सबसे व्यस्त दिल्ली-मुंबई मेन रूट शामिल है. इस पर दिन-रात राजधानी और अन्य सुपरफास्ट ट्रेनें दौड़ती हैं. चालू ट्रैफिक के बीच जरा सी चूक बड़ा हादसा करा सकती थी. ऐसे में इंजीनियरों ने मौके पर ही (On-site Casting) सटीकता के साथ इन 14 विशाल पोर्टल बीमों को तैयार कर इस ऐतिहासिक चुनौती को पार कर लिया.
अब आगे क्या?
सभी 14 भारी-भरकम पोर्टल बीम तैयार होने के बाद अब काम के अगले फेज की उलटी गिनती शुरू हो चुकी है. अब इन बीमों के ऊपर गर्डर (Girders) लॉन्च किए जाएंगे. ये गर्डर ही वह मजबूत आधार बनेंगे जिस पर बुलेट ट्रेन का एलिवेटेड ट्रैक टिकेगा. और इसी ट्रैक पर 320 किलोमीटर प्रति घंटे की तूफानी रफ्तार से बुलेट ट्रेन गुजरेगी.
साबरमती 480 मीटर ऊंचा पुल भी बनकर तैयार
गुजरात के हिस्से में सिर्फ वडोदरा ही नहीं, बल्कि अहमदाबाद में भी निर्माण कार्य ने जबरदस्त छलांग लगाई है. साबरमती नदी पर 480 मीटर लंबे विशाल नदी पुल का निर्माण कार्य पूरा कर लिया गया है.