Amit Shah 2029 election prediction। Amit Shah on Rahul Gandhi Allegation। 2029 चुनाव में एनडीए प्रचंड बहुमत से जीतेगा… राहुल गांधी को अमित शाह का करार


होमताजा खबरदेश

2029 चुनाव में NDA प्रचंड बहुमत से जीतेगा… राहुल गांधी को अमित शाह का जवाब

Last Updated:

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने गुजरात निकाय चुनाव के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कांग्रेस नेता राहुल गांधी के सभी आरोपों को बेबुनियाद बताया. शाह ने राहुल द्वारा चुनाव अधिकारी के इस्तीफे की मांग को खारिज करते हुए बड़ा दावा किया कि आगामी 2029 के लोकसभा चुनाव में एनडीए एक बार फिर प्रचंड बहुमत के साथ सत्ता में आएगी. इस दौरान उन्होंने कांग्रेस पार्टी को संविधान विरोधी भी करार दिया.

Top Deals Inside

2029 चुनाव में NDA प्रचंड बहुमत से जीतेगा… राहुल गांधी को अमित शाह का जवाबZoom

अमित शाह ने गुजरात निकाय चुनावों के नतीजों पर बात की. (PTI)

गुजरात निकाय चुनाव नतीजों के बाद गृह मंत्री अमित शाह ने विपक्षी दलों पर जोरदार हमला बोला है. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर राहुल गांधी के उन बयानों को सिरे से खारिज किया, जिसमें उन्होंने चुनाव आयोग के प्रमुख ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग उठाई थी. शाह ने दो टूक कहा कि कांग्रेस के सारे आरोप पूरी तरह बेबुनियाद और निराधार हैं. इस दौरान शाह ने आत्मविश्वास से भरते हुए बड़ा दावा किया कि आगामी 2029 के लोकसभा चुनाव में एनडीए एक बार फिर प्रचंड बहुमत के साथ सत्ता में वापसी करेगी. उन्होंने कांग्रेस पर सीधा निशाना साधते हुए उसे संविधान विरोधी पार्टी करार दिया.

चुनाव नतीजों पर अमित शाह का कांग्रेस पर जोरदार प्रहार
गुजरात, राजस्थान और त्रिपुरा में हुए स्थानीय निकाय चुनावों में भारतीय जनता पार्टी और एनडीए की शानदार जीत पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि इन चुनावों के नतीजे राहुल गांधी के लिए एक बड़ा सबक हैं. अमित शाह ने राजस्थान निकाय चुनाव के आंकड़े प्रस्तुत करते हुए बताया कि बीजेपी ने 90% नगर निगमों, 66% नगर परिषदों और 65% नगर पालिकाओं पर परचम लहराया है. उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि राजस्थान के 85% से अधिक वार्डों में आम आदमी पार्टी की जमानत तक जब्त हो गई है. इसके अलावा त्रिपुरा के गांव समिति चुनावों में एनडीए को 77.5% वोट शेयर के साथ लगभग 4,000 सीटों पर प्रचंड जीत हासिल हुई है, जबकि कांग्रेस सिमटकर महज 14 सीटों पर रह गई.

‘ईवीएम’ के आरोपों की निकली हवा
अमित शाह ने कांग्रेस द्वारा चुनाव नतीजों के लिए बैलेट मशीनों (EVM) पर मढ़े जाने वाले आरोपों पर करारा प्रहार किया. उन्होंने स्पष्ट किया कि ये स्थानीय निकाय चुनाव बैलेट पेपर से कराए गए थे, जिसने कांग्रेस के उस फर्जी नैरेटिव को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया है कि बीजेपी केवल मशीनों के दम पर जीतती है. शाह ने राहुल गांधी पर सीधा हमला बोलते हुए याद दिलाया कि त्रिपुरा में पिछले 33 वर्षों और पश्चिम बंगाल में 54 वर्षों से कांग्रेस का कोई मुख्यमंत्री नहीं बना है. गुजरात में भी कांग्रेस पिछले 41 सालों (1985 के बाद) से एक भी चुनाव नहीं जीत पाई है. उन्होंने सवाल उठाया कि जब दशकों से कांग्रेस हार रही है, तो क्या यह भी हालिया घटनाक्रमों का नतीजा है? जब से राहुल गांधी कांग्रेस के मुख्य चेहरा, अध्यक्ष और नेता प्रतिपक्ष बने हैं, तब से पार्टी लगातार हार का सामना कर रही है.

2029 में प्रचंड बहुमत का दावा
गुजरात निकाय चुनाव के ताजा परिणामों का जिक्र करते हुए गृह मंत्री ने कहा कि दो नगर पालिकाओं और एक नगर निगम (गांधीनगर) की कुल 104 सीटों में से बीजेपी ने 90 सीटों पर कब्जा जमाया है. उनके अपने संसदीय क्षेत्र गांधीनगर नगर निगम में बीजेपी ने 44 में से 38 सीटें जीती हैं, जहां बीजेपी के वोट शेयर में 10% की बढ़ोतरी दर्ज की गई है. वहीं दूसरी ओर, आम आदमी पार्टी ने सभी 32 सीटों पर चुनाव लड़ा और हर एक सीट पर उसकी जमानत जब्त हो गई.

अमित शाह ने राहुल गांधी और उनके सहयोगियों को सचेत करते हुए कहा कि देश की जनता घुसपैठियों को बचाने की उनकी राजनीति को समझ चुकी है. उन्होंने दावा किया कि 2029 के आम चुनावों में भी कांग्रेस को लगातार चौथी करारी हार का सामना करना पड़ेगा और एनडीए प्रचंड बहुमत के साथ केंद्र में वापसी करेगी. उन्होंने त्रिपुरा, राजस्थान, गुजरात, बंगाल और असम की जनता का आभार जताया कि उन्होंने झूठे प्रचार के बीच नरेंद्र मोदी और बीजेपी के ‘कमल’ के निशान पर भरोसा जताया.



Source link