वनडे डेब्यू के 12 दिन के भीतर आकिब नबी बने चमचमाती कार के मालिक
Last Updated:
जम्मू-कश्मीर के तेज गेंदबाज आकिब को नबी को हाल ही में वेस्टइंडीज के खिलाफ घरेलू वनडे सीरीज में डेब्यू का मौका मिला था. टीम इंडिया में डेब्यू के साथ ही आकिब ने एक नई चमचाती हुई कार खरीदी है. आकिब ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर कर जानकारी दी. आकिब जब शो रूम पहुंचे तो वहां स्टाफ ने उनके साथ सेल्फी और ऑटोग्राफ भी लिया.
आकिब नबी ने खरीदी नई कार
नई दिल्ली: जम्मू-कश्मीर के तेज गेंदबाज आकिब नबी को घरेलू क्रिकेट में दमदार प्रदर्शन का इनाम आखिरकार मिल गया. हाल ही में वेस्टइंडीज के खिलाफ संपन्न हुई तीन मैचों की वनडे सीरीज में आकिब को टीम इंडिया के लिए डेब्यू करने का मौका मिला. हालांकि, अपने डेब्यू मैच में आकिब कुछ खास प्रदर्शन नहीं कर सके, लेकिन जम्मू-कश्मीर से निकलकर भारतीय टीम में जगह बनाना ही उनके लिए किसी बड़ी उपलब्धि से कम नहीं है. यही वजह है कि डेब्यू के 12 दिन बाद जब आकिब अपने होमटाउन में कार खरीदने के लिए शोरूम पहुंचे, तो उनका किसी सेलिब्रिटी की तरह स्वागत किया गया.
आकिब नबी ने खरीदी नई कार
कैसा रहा आकिब नबी का वनडे डेब्यू?
आकिब को वेस्टइंडीज के खिलाफ गुवाहाटी में खेले गए दूसरे वनडे मैच में डेब्यू का मौका मिला था. अपने पहले वनडे मैच में आकिब ने 8.5 ओवर गेंदबाजी की, जिसमें उन्होंने 84 रन खर्च किए और उन्हें एक भी विकेट नहीं मिला. इस मुकाबले में टीम इंडिया के सभी गेंदबाज महंगे साबित हुए थे. यही वजह रही कि कैरेबियाई टीम ने 405 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया. हालांकि, अच्छी बात यह रही कि भारतीय टीम ने भी शानदार बल्लेबाजी की. कप्तान शुभमन गिल ने 223 रन और रोहित शर्मा ने 101 रन की पारी खेलकर टीम इंडिया को रिकॉर्ड लक्ष्य का पीछा करते हुए जीत दिलाई.
आकिब के लिए पिछला घरेलू सीजन रहा दमदार
आकिब नबी के लिए पिछला घरेलू सीजन बेहद शानदार रहा था. वह रणजी ट्रॉफी में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज बने थे. उनके इसी बेहतरीन प्रदर्शन का नतीजा था कि आईपीएल ऑक्शन में दिल्ली कैपिटल्स ने उन पर 8.40 करोड़ रुपए की बोली लगाकर अपनी टीम में शामिल किया. इसके अलावा, आकिब ने लगातार अपने प्रदर्शन में निरंतरता बनाए रखी, जिसके चलते चयनकर्ताओं ने उन्हें भारतीय टीम में जगह दी.