Khandwa News: महान पार्श्व गायक किशोर कुमार की 39वीं पुण्यतिथि के अवसर पर उनकी जन्मस्थली खंडवा में भव्य आयोजन किया गया. खंडवा के पुलिस परेड ग्राउंड पर आयोजित गरिमामय कार्यक्रम में कला और सिनेमा जगत की प्रसिद्ध हस्ती, अभिनेता रघुवीर यादव को अभिनय के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए ‘राष्ट्रीय किशोर कुमार सम्मान’ से अलंकृत किया गया.
5 लाख रुपये और प्रशस्ति पट्टिका से अलंकृत
मध्य प्रदेश शासन के इस प्रतिष्ठित सम्मान के तहत अभिनेता रघुवीर यादव को 5 लाख रुपये की सम्मान राशि और प्रशस्ति पट्टिका भेंट की गई. रघुवीर यादव न केवल एक मंजे हुए अभिनेता हैं, बल्कि वे एक प्रतिभाशाली गायक और संगीतकार भी हैं. उन्होंने ‘सलाम बॉम्बे!’, ‘बैंडिट क्वीन’, ‘दिल से’, ‘लगान’, ‘वॉटर’ और ‘पीपली लाइव’ जैसी यादगार फिल्मों में अपने जीवंत अभिनय से दर्शकों के दिलों में अमिट छाप छोड़ी है. साथ ही, चर्चित वेब सीरीज ‘पंचायत’ में उनके द्वारा निभाए गए ‘प्रधान जी’ के किरदार ने उन्हें नई पीढ़ी के बीच भी बेहद लोकप्रिय बनाया है.
रघुवीर यादव ने कहा- जिम्मेदारी और बढ़ गई
सम्मान प्राप्त करने के बाद रघुवीर यादव ने अपनी भावनाएं व्यक्त कीं. उन्होंने कहा कि यह सम्मान उनके लिए बेहद महत्वपूर्ण है. इस सम्मान के मिलने से अब उनकी जिम्मेदारी और बढ़ गई है कि उनसे कहीं कोई गलत या कमतर काम न हो जाए. इसके अलावा, रघुवीर यादव ने किशोर कुमार को देश का सर्वोच्च सम्मान ‘भारत रत्न’ दिए जाने की मांग का भी खुलकर समर्थन किया.
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव वर्चुअली जुड़े
कार्यक्रम में मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव वर्चुअली जुड़े. उन्होंने खंडवा को दादाजी धूनीवाले, माखन दा और किशोर दा की अद्भुत नगरी बताया. मुख्यमंत्री ने रघुवीर यादव की सराहना करते हुए कहा कि वे रंगमंच से लेकर स्क्रीन तक के लाजवाब अभिनेता हैं और सौंधी तथा देहाती लेकिन जीवंत आवाज के धनी हैं. फिल्म ‘पीपली लाइव’ में उनके कार्य को याद करते हुए सीएम ने कहा कि रघुवीर यादव का सम्मान करते हुए वे और मध्य प्रदेश सरकार स्वयं गौरवान्वित महसूस कर रही है.
सीएम ने किशोर दा को याद करते हुए कहा कि 39 साल पहले उनके जाने के बाद भी लगता है कि यह कल की ही बात है. वे शताब्दी के अद्भुत कलाकार थे, जो कहते थे, ‘दूध जलेबी खाएंगे, खंडवा में बस जाएंगे’. सीएम ने यह भी कहा कि सरकार का प्रयास है कि खंडवा में उन्नत एयरपोर्ट बने ताकि रात में भी हेलीकॉप्टर उड़ सके.
स्मारक बनाने में दिक्कत!
समारोह में कैबिनेट मंत्री विजय शाह और प्रभारी मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी सहित कई जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे. प्रभारी मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी ने कहा कि किशोर कुमार करोड़ों दिलों पर राज करते हैं और वे सदैव प्रेरणा के केंद्र रहेंगे. उन्होंने जानकारी दी कि सरकार किशोर दा के पैतृक आवास को स्मारक बनाने के लिए तैयार है, लेकिन इसमें कुछ तकनीकी दिक्कतें आ रही हैं.
1997 में हुई थी सम्मान की शुरुआत
बता दें कि मध्य प्रदेश शासन द्वारा वर्ष 1997 में राष्ट्रीय किशोर कुमार सम्मान की शुरुआत की गई थी. यह सम्मान सिनेमा के क्षेत्र में निर्देशन, अभिनय, पटकथा लेखन और गीत लेखन के लिए प्रदान किया जाता है. अब तक 29 विभूतियों को इससे अलंकृत किया जा चुका है, जिनमें अमिताभ बच्चन, शत्रुघ्न सिन्हा, मनोज कुमार और दिलीप कुमार जैसे दिग्गज कलाकार शामिल हैं. मुख्य समारोह के उपरांत आयोजित सांस्कृतिक संध्या में प्रसिद्ध गायक सुदेश भोसले के आर्केस्ट्रा ने किशोर दा के कालजयी नगमे प्रस्तुत कर समां बांध दिया.