Last Updated:
Kasganj News: कासगंज के मामों गांव में एक 42 वर्षीय महिला मुन्नी देवी ने मोबाइल टावर पर चढ़कर हाई-वोल्टेज ड्रामा किया. महिला की बेटी दो साल पहले लापता हो गई थी, जिसकी रिपोर्ट सोरों थाने में दर्ज थी. पुलिस द्वारा कोई प्रभावी कार्रवाई न करने से नाराज होकर उसने यह कदम उठाया. हालांकि, सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद महिला को सकुशल नीचे उतारा. इस घटना से प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है.
पुलिस जब लापता बेटी को खोजने में नाकाम रही, तो गुस्से में टावर पर चढ़ी 42 साल की महिला.
कासगंज: उत्तर प्रदेश के कासगंज जिले से एक हैरान कर देने वाला और रोंगटे खड़े कर देने वाला मामला सामने आया है. न्याय की आस लगाए बैठी एक 42 वर्षीय महिला ने अपनी बेटी के दो साल से लापता होने और पुलिस द्वारा कोई कार्रवाई न किए जाने से तंग आकर मोबाइल टावर पर चढ़कर गई. यह घटना कोतवाली सदर क्षेत्र के मामों गांव की है. अचानक एक महिला के टावर पर चढ़ जाने से स्थानीय पुलिस प्रशासन और खुफिया तंत्र में हड़कंप मच गया.
टावर पर चढ़ने वाली महिला की पहचान मुन्नी देवी पत्नी ऋषिपाल सिंह के रूप में हुई है. वह सोरों थाना के जरौथा गांव की रहने वाली हैं. महिला का आरोप है कि करीब दो वर्ष पूर्व उनकी नाबालिग बेटी रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गई थी. इसके बाद उन्होंने पुलिस में इसकी शिकायत कराई थी. हालांकि, सही समय पर शिकायत के बाद भी पुलिस के कानों पर जूं नहीं रेंगी. पुलिस ने गुमशुदगी / अपहरण मामले में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया जो इस प्रकार है- अपराध संख्या 155/2024. इसके बाद लड़की को ढूंढ़ने के बजाए पुलिस ने इसे ठंडे बस्ते में डाल दिया. दो साल बीत जाने के बाद भी पुलिस न तो नाबालिग लड़की का कोई सुराग लगा पाई और न ही उसकी बरामदगी के लिए कोई प्रभावी कार्रवाई की.
पुलिस के खिलाफ भड़का गुस्सा
पुलिस की इसी लचर कार्यशैली और महीनों की टालमटोल महिला परेशान हो गई थी. गुस्से में आकर आखिरकार मां मुन्नी देवी ने न्याय पाने के लिए यह खतरनाक कदम उठाया. महिला की एक ही मांग और जिद थी कि जब तक उसकी बेटी का पता नहीं चलेगा और पुलिस सख्त कदम नहीं उठाएगी, वह नीचे नहीं उतरेगी. इस की जानकारी मिलते ही कोतवाली सदर पुलिस, स्थानीय प्रशासनिक अमला और फायर ब्रिगेड की टीम तुरंत रेस्क्यू उपकरण के साथ मौके पर पहुंच गई और राहत कार्य शुरू किया गया.
महिला को टावर से उतारा
मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों और अधिकारियों ने सूझबूझ और धैर्य का परिचय देते हुए घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद महिला को समझा-बुझाकर और उचित कार्रवाई का भरोसा देकर आखिरकार सकुशल टावर से नीचे उतार लिया. महिला के सुरक्षित नीचे उतरने पर पुलिस और प्रशासन ने राहत की सांस ली है. फिलहाल, पुलिस अधिकारियों ने पीड़ित परिवार को आश्वासन दिया है कि उनकी बेटी की तलाश के लिए पुलिस टीमों को और सक्रिय कर दिया गया है तथा मामले में आवश्यक और सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है.