Anna Sinha IPS Success Story: पिता प्रोफेसर-पति आईएएस, अन्ना सिन्हा PhD कर बनीं IPS अफसर, यूपीएससी में थी AIR 112


Last Updated:

Anna Sinha IPS Success Story: पहले ही प्रयास में यूपीएससी सीएसई क्रैक करने वाली होनहार आईपीएस अन्ना सिन्हा को जम्मू-कश्मीर के रामबन जिले का एसएसपी नियुक्त किया गया है. उन्होंने इकोनॉमिक्स में पीएचडी की है और भरतनाट्यम डांसर भी हैं. पढ़िए जेएनयू प्रोफेसर की आईपीएस बेटी अन्ना सिन्हा की सक्सेस स्टोरी.

Top Deals Inside

पिता प्रोफेसर-पति IAS, अन्ना सिन्हा PhD कर बनीं IPS, यूपीएससी में थी रैंक 112Zoom

Anna Sinha IPS Success Story: आईपीएस अन्ना सिन्हा के पति आईएएस अफसर हैं

नई दिल्ली (Anna Sinha IPS Story). यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा देश की सबसे कठिन परीक्षा है. हर साल लाखों युवा इस रेस में शामिल होते हैं. लेकिन सफलता सिर्फ बुलंद हौसलों और पक्की स्ट्रैटेजी वालों को मिलती है. तेज-तर्रार आईपीएस अन्ना सिन्हा ने अपने पहले ही प्रयास में यूपीएससी परीक्षा क्रैक कर ली थी. उन्होंने अपनी बहुमुखी प्रतिभा से साबित कर दिया कि लगन से इंसान हर क्षेत्र में झंडे गाड़ सकता है. IPS अन्ना सिन्हा को जम्मू-कश्मीर के संवेदनशील रामबन जिले में SSP की जिम्मेदारी सौंपी गई है.

आईपीएस अन्ना सिन्हा दिल्ली की आबोहवा में पली-बढ़ी हैं. उन्होंने एकेडमिक जगत से लेकर प्रशासनिक मैदान तक अपनी खास मिसाल कायम की है. आईपीएस अन्ना सिन्हा के जीवन का सफर उन तमाम युवाओं के लिए खुली किताब है, जो बिना किसी दबाव के अपने दम पर कुछ बड़ा करना चाहते हैं. जानिए जेएनयू के प्रोफेसर की बेटी और बेहद मेधावी छात्रा से जम्मू-कश्मीर की आयरन लेडी पुलिस अधिकारी बनने तक अन्ना सिन्हा का सफर कैसा रहा. पढ़िए सक्सेस स्टोरी.

आईपीएस अन्ना सिन्हा बायोग्राफी

अन्ना सिन्हा ऐसे पढ़े-लिखे परिवार से हैं, जहां शिक्षा को जीवन का सबसे बड़ा गहना माना जाता है. उनके पिता जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) में प्रोफेसर हैं और मां बनारस हिंदू यूनिवर्सिटी में अध्यापन से जुड़ी रही हैं. घर का बौद्धिक माहौल बचपन से ही अन्ना के अंदर कुछ बड़ा करने की ललक पैदा करता रहा. उन्होंने अपनी स्कूली शिक्षा दिल्ली के स्प्रिंगडेल स्कूल से पूरी की. वह स्कूल प्रिफेक्ट और हाउस कैप्टन के साथ-साथ कई क्लबों की अध्यक्ष भी रहीं. अन्ना सिन्हा के पति विधु शेखर आईएएस अफसर हैं.

आईपीएस अन्ना सिन्हा एजुकेशन क्वॉलिफिकेशन

अन्ना सिन्हा ने दिल्ली यूनिवर्सिटी के रामजस कॉलेज से इकोनॉमिक्स में ऑनर्स की डिग्री डिस्टिंक्शन के साथ हासिल की, कॉलेज के दिनों में वह मॉडल यूनाइटेड नेशंस और डिबेटिंग सोसाइटी से जुड़ी रहीं. इससे उनकी लीडरशिप स्किल को मजबूती मिली. इसके बाद अन्ना ने डॉ. बीआर अंबेडकर यूनिवर्सिटी से इकोनॉमिक्स में मास्टर्स किया. वहां उन्हें ‘डीन एकेडमिक एक्सीलेंस अवॉर्ड’ से नवाजा गया. इसके बाद उन्होंने इसी यूनिवर्सिटी में पीएचडी (अर्थशास्त्र) में दाखिला लिया और यूजीसी नेट-जेआरएफ पास की.

पढ़ाई के साथ क्रैक की यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा

अन्ना सिन्हा पीएचडी की पढ़ाई के साथ-साथ यूपीएससी सीएसई की तैयारी भी करती रहीं. उनकी मेहनत रंग लाई और उन्होंने साल 2021 की यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा में पहले ही प्रयास में ऑल इंडिया रैंक 112 हासिल कर ली. इसके बाद उन्होंने हैदराबाद की प्रसिद्ध नालसार यूनिवर्सिटी ऑफ लॉ से क्रिमिनोलॉजी में मास्टर्स की डिग्री भी हासिल की. इकोनॉमिक्स की गहरी समझ और कानून की पढ़ाई ने उन्हें बेहतरीन और संवेदनशील प्रशासनिक अधिकारी बनने में बहुत मदद की.

कला और संगीत में भी नंबर 1

IPS अन्ना सिन्हा की शख्सियत किताबों और फाइल तक सीमित नहीं है. वह कला और संस्कृति के क्षेत्र में भी उतनी ही माहिर हैं. उन्हें हिंदुस्तानी शास्त्रीय संगीत और नृत्य में गहरी रुचि है. उन्होंने प्रसिद्ध तमिल संगम से भरतनाट्यम की फॉर्मल ट्रेनिंग ली है. इंस्टाग्राम पर उनके 66000 से ज्यादा फॉलोअर्स हैं. DGFT, नीति आयोग और BRICS जैसे मंचों पर काम करने का अनुभव रखने वाली अन्ना ने साबित कर दिया कि सफल करियर के लिए सिर्फ एक दिशा में दौड़ना जरूरी नहीं है. शौक और स्किल्स आपको भीड़ से अलग रखते हैं.

जम्मू-कश्मीर के रामबन में मिली जिम्मेदारी

आईपीएस अन्ना सिन्हा को जम्मू-कश्मीर के रामबन जिले की कानून-व्यवस्था संभालने की अहम जिम्मेदारी मिली है. रामबन जैसे पहाड़ी और संवेदनशील जिले में बतौर एसएसपी उनकी तैनाती इम्तिहान की तरह है. यहां उनके प्रशासनिक कौशल और नेतृत्व की असली परीक्षा होगी. ईमानदारी, मेहनत और शानदार सूझबूझ के बल पर वह लगातार आगे बढ़ रही हैं. अन्ना सिन्हा का सफर देशभर के उन लाखों यूपीएससी उम्मीदवारों के लिए प्रेरणा है जो अपनी मेहनत के दम पर देश की तकदीर और तस्वीर, दोनों बदलना चाहते हैं.



Source link