Last Updated:
Bhojpur News: भोजपुर जिला पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नाबालिग लड़कियों से जबरन नर्तकी का काम कराने वाले गिरोह का खुलासा किया है. पुलिस अधीक्षक को मिली गुप्त सूचना के आधार पर धोबहां थाना पुलिस ने ऑपरेशन नया सवेरा के तहत विशेष टीम बनाकर बगीचे में छापेमारी की और 12 लड़कियों को मुक्त कराया है, जिसमें एक महिला भी शामिल है. पुलिस ने मौके से गिरोह के दो संचालकों को गिरफ्तार किया है.
भोजपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, ऑपरेशन सवेरा के तहत मुक्त कराई गईं 12 लड़कियां
आरा. बिहार के भोजपुर जिले में पुलिस ने ऑपरेशन नया सवेरा 3.0 के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए 12 लड़कियों को मुक्त कराया है. पुलिस के अनुसार, लड़कियों को नौकरी दिलाने का झांसा देकर अलग-अलग जगहों से लाया गया था और उनकी इच्छा के खिलाफ नर्तकी का काम कराया जा रहा था. इनमें नौ नाबालिग और तीन बालिग लड़कियां शामिल हैं. मामले में एक महिला समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है. मुक्त कराई गई लड़कियों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने और उनके परिजनों तक भेजने की प्रक्रिया की गई है.
गुप्त सूचना पर धोबहां में छापेमारी
मामला धोबहां थाना क्षेत्र के धोबहां गांव के बगीचे का है. पुलिस को सूचना मिली थी कि यहां बने टिन और करकट के एक अस्थायी घर में कुछ लड़कियों को जबरन रखा गया है. इसके बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई. टीम ने छापेमारी कर वहां से 12 लड़कियों को मुक्त कराया.
रोजगार के नाम पर धोखाधड़ी में फंसीं लड़कियां
पुलिस के मुताबिक, लड़कियों को रोजगार देने का भरोसा देकर बुलाया गया था. यहां पहुंचने के बाद उनसे कथित तौर पर जबरन नर्तकी का काम कराया जाने लगा. विरोध करने पर उन्हें बंधक बनाकर रखने की बात भी सामने आई है. मुक्त कराई गई लड़कियां बिहार के अलग-अलग जिलों के अलावा पश्चिम बंगाल और छत्तीसगढ़ की रहने वाली बताई गई हैं.
मुकेश पासवान और जूली कुमारी गिरफ्तार
पुलिस ने इस मामले में मुकेश कुमार पासवान और उत्तर प्रदेश के महाराजगंज जिले की रहने वाली जूली कुमारी को गिरफ्तार किया है. शुरुआती जांच में गिरोह से जुड़े पांच लोगों के नाम सामने आए हैं. इनमें धोबहां के केशो पासवान, किशोर राम और मानपुर के सोनू यादव भी शामिल बताए गए हैं. पुलिस बाकी आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर रही है.
पॉक्सो और जेजे एक्ट के तहत कार्रवाई
सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी-1 सुशील कुमार के अनुसार, मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष टीम ने कार्रवाई की. इस मामले में पॉक्सो एक्ट, किशोर न्याय अधिनियम और बाल श्रम से संबंधित प्रावधानों समेत अन्य धाराओं में प्राथमिकी दर्ज किए जाने की जानकारी सामने आई है. पुलिस लड़कियों के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच कर रही है. पुलिस का कहना है कि ऑपरेशन नया सवेरा 3.0 के तहत मानव तस्करी और शोषण के मामलों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा