दरभंगा में कार्गो हब, गर्दनीबाग में टेक पार्क और ग्रामीण सड़कों पर बड़ा फैसला; सम्राट कैबिनेट की बैठक में 23 एजेंडों पर मुहर

दरभंगा में कार्गो हब, गर्दनीबाग में टेक पार्क और ग्रामीण सड़कों पर बड़ा फैसला; सम्राट कैबिनेट की बैठक में 23 एजेंडों पर मुहर


पटना. बिहार में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में सोमवार को हुई कैबिनेट की बैठक समाप्त हो गई. बैठक में कुल 23 एजेंडों पर मुहर लगी. कैबिनेट ने दरभंगा में लॉजिस्टिक पार्क और कार्गो हब के निर्माण के लिए भूमि अधिग्रहण से संबंधित प्रस्ताव को मंजूरी दी. इसके अलावा गर्दनीबाग टेक पार्क के निर्माण और विकास के लिए एनबीसीसी (इंडिया) लिमिटेड, नई दिल्ली के चयन तथा कंपनी के साथ समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर करने की स्वीकृति दी गई.

बैठक में ग्रामीण सड़कों की नियमित मरम्मत, नवीनीकरण और रखरखाव को व्यवस्थित करने के लिए ग्रामीण सड़क अनुरक्षण एवं प्रबंधन कार्यक्रम लागू करने के प्रस्ताव को भी मंजूरी मिली. वहीं, बिहार सरकार के पूर्व मंत्री और गुजरात एवं राजस्थान के पूर्व राज्यपाल स्वर्गीय कैलाशपति मिश्र की जयंती प्रत्येक वर्ष 5 अक्टूबर को पटना स्थित भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (ICAR) परिसर में राजकीय समारोह के रूप में मनाने का निर्णय लिया गया.

दरभंगा में लॉजिस्टिक पार्क और कार्गो हब

कैबिनेट ने दरभंगा में लॉजिस्टिक पार्क और कार्गो हब के निर्माण के लिए भूमि अधिग्रहण से जुड़े प्रस्ताव को मंजूरी दी. उपलब्ध जानकारी के अनुसार, 49.9973 एकड़ भूमि अर्जित करने के लिए 2,25,91,30,742 रुपये की मुआवजा राशि स्वीकृत की गई है. प्रस्ताव में 50.0004 एकड़ भूमि के अधिग्रहण का भी उल्लेख है.

गर्दनीबाग में बनेगा टेक पार्क

पटना के गर्दनीबाग में टेक पार्क के निर्माण और विकास के लिए एनबीसीसी (इंडिया) लिमिटेड, नई दिल्ली को नामांकन के आधार पर चयनित करने की स्वीकृति दी गई. इसके लिए बिहार वित्त (संशोधन) नियमावली, 2024 के नियम संख्या 131 के तहत कार्रवाई और सूचना प्रावैधिकी विभाग तथा एनबीसीसी के बीच समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर करने की मंजूरी दी गई है.

ग्रामीण सड़कों के रखरखाव के लिए नई व्यवस्था

ग्रामीण कार्य विभाग के अंतर्गत ग्रामीण सड़कों के नियमित और व्यवस्थित सुधार, मरम्मत, नवीनीकरण तथा पांच वर्षों तक रखरखाव के लिए ग्रामीण सड़क अनुरक्षण एवं प्रबंधन कार्यक्रम लागू किया जाएगा. इसका उद्देश्य ग्रामीण सड़कों के रखरखाव को व्यवस्थित करना है.

कैलाशपति मिश्र की जयंती राजकीय समारोह के रूप में मनेगी

कैबिनेट ने स्वर्गीय कैलाशपति मिश्र की जयंती प्रत्येक वर्ष 5 अक्टूबर को पटना स्थित भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (ICAR) परिसर में राजकीय समारोह के रूप में मनाने की स्वीकृति दी. कैलाशपति मिश्र गुजरात और राजस्थान के राज्यपाल रहने के साथ बिहार सरकार में मंत्री भी रह चुके थे.



Source link