गरबा नाइट के लिए चाहिए गुजराती लुक? दिल्ली में यहां मिलेंगे खूबसूरत घाघरा-चोली और दुपट्टे, कीमत भी सस्ती

गरबा नाइट के लिए चाहिए गुजराती लुक? दिल्ली में यहां मिलेंगे खूबसूरत घाघरा-चोली और दुपट्टे, कीमत भी सस्ती


नई दिल्लीः नवरात्रि का त्योहार हो और गरबा-डांडिया नाइट की बात न हो, ऐसा कैसे हो सकता है गुजरात में गरबा की अलग ही रौनक देखने को मिलती है, लेकिन अब दिल्ली में भी गरबा और डांडिया नाइट का क्रेज बढ़ रहा है. खासकर लड़कियां इन कार्यक्रमों में शामिल होने के लिए पहले से ही अपनी आउटफिट की तैयारी करने लगती हैं.कोई गुजराती स्टाइल का घाघरा-चोली पहनना चाहती है, तो किसी को मिरर वर्क वाली चनिया-चोली पसंद आती है. अगर आप भी इस नवरात्रि गरबा नाइट के लिए कुछ खास पहनने की सोच रही हैं, तो दिल्ली के INA स्थित दिल्ली हाट में खरीदारी कर सकती हैं.यहां आपको गुजराती पारंपरिक कपड़ों की ऐसी वैरायटी देखने को मिलेगी, जिसमें से अपने लिए एक डिजाइन चुनना भी मुश्किल हो सकता है.खास बात यह है कि यहां सिर्फ घाघरा-चोली ही नहीं, बल्कि चनिया-चोली, कुर्ते, ब्लाउज और खूबसूरत दुपट्टों के भी कई डिजाइन मिल जाएंगे.

गुजराती अज्रख प्रिंट और मिरर वर्क का दिखेगा खूबसूरत मेल
दिल्ली हाट की गुजराती दुकान पर गुजराती पारंपरिक कपड़ों की कई वैरायटी मौजूद हैं.यहां आपको अज्रख प्रिंट के घाघरे देखने को मिलेंगे. खास बात यह है कि ये सभी किस्में गुजरात से लाई गई हैं और इन्हें लाने वाली महिला का नाम संगीता है.गुजरात की पारंपरिक प्रिंटिंग शैलियों में शामिल अज्रख प्रिंट अपने खास डिजाइन और रंगों के लिए जाना जाता है.इसके अलावा मिरर वर्क वाले घाघरे भी यहां मिलते हैं, जो गरबा नाइट के लिए एक शानदार विकल्प हो सकते हैं.यहां अलग-अलग पैटर्न और डिजाइन के घाघरे रखे गए हैं.अगर आपको ट्रेडिशनल लुक पसंद है, तो आप अपनी पसंद के हिसाब से डिजाइन चुन सकती हैं.वहीं, कुछ अलग पहनना चाहती हैं, तो मिरर वर्क और खास कढ़ाई वाले कपड़ों पर भी नजर डाल सकती हैं.

₹1,000 से शुरू हैं घाघरे की कीमत
अगर आप सोच रही हैं कि गुजराती स्टाइल के इन कपड़ों को खरीदने के लिए आपको बहुत ज्यादा पैसे खर्च करने पड़ेंगे, तो यहां अलग-अलग बजट के विकल्प भी मौजूद हैं.दुकान पर घाघरों की कीमत ₹1,000, ₹1,500, ₹2,000 और ₹2,200 तक बताई गई.वहीं, एक खास मस्रू स्कर्ट की कीमत ₹3,500 है, जिस पर खास काम किया गया है.यानी आप अपने बजट और पसंद के हिसाब से खरीदारी कर सकती हैं.हालांकि, डिजाइन और कपड़े के अनुसार कीमत अलग-अलग हो सकती है.

घाघरा-चोली के साथ मिलेंगे कॉर्सेट और कुर्ते भी
दुकान पर सिर्फ पारंपरिक घाघरों तक ही विकल्प सीमित नहीं हैं.यहां कॉर्सेट सेट, कुर्ते और फ्रॉक स्टाइल के कपड़े भी देखने को मिलेंगे.इनमें प्रिंटेड और प्लेन डिजाइन के साथ मिरर वर्क वाले विकल्प भी शामिल हैं.
अगर आप गरबा नाइट में पारंपरिक कपड़ों के साथ थोड़ा अलग लुक चाहती हैं, तो इन डिजाइनों को भी देख सकती हैं.इसके अलावा यहां अलग-अलग तरह के ब्लाउज भी मिलते हैं.इनमें धागे से किया गया काम और मिरर वर्क देखने को मिलता है.ऐसे ब्लाउज को आप अपनी पसंद के घाघरे या स्कर्ट के साथ पहन सकती हैं.

दुपट्टों की भी है अच्छी वैरायटी, ₹700 से शुरू कीमत
गरबा के लिए तैयार होते समय दुपट्टे का चुनाव भी काफी अहम होता है.कई बार एक खूबसूरत दुपट्टा पूरे लुक को खास बना देता है. दिल्ली हाट की दुकान पर कॉटन, मोडल और अज्रख प्रिंट वाले दुपट्टों की वैरायटी भी मौजूद है.
यहां करीब 2.5 मीटर लंबे दुपट्टे मिलते हैं.दुकानदार संगीता जी के मुताबिक, इनकी कीमत ₹700, ₹1,500 और ₹1,800 तक है.अलग-अलग रंगों और पैटर्न में मिलने वाले इन दुपट्टों को आप अपने घाघरा-चोली या कुर्ते के साथ मैच कर सकती हैं.दुपट्टों के अलावा यहां छोटे स्टोल भी मिलते हैं.ऐसे में अगर आप अपने लिए या किसी को गिफ्ट देने के लिए कुछ पारंपरिक खरीदना चाहती हैं, तो ये विकल्प भी देख सकती हैं.

बच्चों से लेकर बड़ों तक के लिए मिलेंगे डिजाइन
दुकान की एक और खास बात यह है कि यहां सिर्फ महिलाओं के लिए ही नहीं, बल्कि बच्चों के लिए भी डिजाइन देखने को मिलते हैं.यानी अगर आप अपने परिवार के साथ गरबा या डांडिया नाइट में जाने की तैयारी कर रही हैं, तो बच्चों के कपड़ों के विकल्प भी तलाश सकती हैं.



Source link