Last Updated:
Dhal Singh Bisen: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा किए गए बड़े राजनीतिक फेरबदल में मध्य प्रदेश के पूर्व सांसद और कद्दावर नेता डॉ. ढाल सिंह बिसेन को उत्तराखंड का नया राज्यपाल नियुक्त किया गया है. वह लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) गुरमीत सिंह की जगह लेंगे. जमीन से जुड़े नेता के रूप में पहचान रखने वाले बिसेन मध्य प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री भी रह चुके हैं.
उत्तराखंड नए राज्यपाल ढाल सिंह बिसेन.
देहरादून: केंद्र सरकार की सलाह पर राष्ट्रपति द्रौपदी मूर्मु ने सोमवार देर शाम को 6 राज्यों के राज्यपाल बदलने के आदेश दिए हैं. इसी क्रम में मध्य प्रदेश के पूर्व सांसद और दिग्गज भाजपा नेता डॉ. ढाल सिंह बिसेन को उत्तराखंड का नया राज्यपाल नियुक्त किया गया है. वह वर्तमान राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) गुरमीत सिंह का स्थान लेंगे.
कौन हैं डॉ. ढाल सिंह बिसेन? मध्य प्रदेश के सिवनी जिले से ताल्लुक रखने वाले डॉ. ढाल सिंह बिसेन की गिनती भारतीय जनता पार्टी के बेहद अनुभवी, अनुशासित और जमीन से जुड़े नेताओं में होती है. राजनीति में आने से पहले वह चिकित्सा के क्षेत्र से जुड़े रहे हैं. एक कुशल चिकित्सक व कृषि विशेषज्ञ के रूप में जाने जाते हैं. संघ पृष्ठभूमि और मजबूत संगठनात्मक पकड़ के चलते उन्होंने पार्टी के भीतर कई अहम जिम्मेदारियां मिलीं. उनका राजनीतिक कद इस बात से आंका जा सकता है कि वह मध्य प्रदेश की राजनीति से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक अपनी सक्रिय छाप छोड़ चुके हैं.
शानदार राजनीतिक और विधायी सफर
डॉ. बिसेन का राजनीतिक करियर लंबा और उपलब्धियों से भरा रहा है:-
- विधायक के रूप में सेवाएं: वह मध्य प्रदेश विधानसभा में कई बार विधायक चुने गए (वर्ष 1990, 1993, 1998 और 2003).
- कैबिनेट मंत्री: मध्य प्रदेश सरकार में वर्ष 2003 से 2005 के बीच उन्होंने कैबिनेट मंत्री के रूप में महत्वपूर्ण विभागों की कमान संभाली.
- वित्त आयोग के अध्यक्ष: वर्ष 2011 से 2013 तक उन्होंने मध्य प्रदेश के चौथे राज्य वित्त आयोग के अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी संभाली.
- लोकसभा सांसद: वर्ष 2019 के आम चुनावों में वह मध्य प्रदेश की बालाघाट लोकसभा सीट से भारी बहुमत से सांसद चुने गए और संसद में क्षेत्र की मजबूत आवाज बने.
सीएम पुष्कर सिंह धामी ने दी बधाई
डॉ. ढाल सिंह बिसेन को उत्तराखंड का राज्यपाल बनाए जाने पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रसन्नता व्यक्त की है. सीएम धामी ने नवनियुक्त राज्यपाल को आत्मीय बधाई देते हुए विश्वास जताया है कि उनके लंबे प्रशासनिक और राजनीतिक अनुभव का लाभ देवभूमि उत्तराखंड को मिलेगा. उनके मार्गदर्शन में राज्य विकास के नए आयाम गढ़ेगा.
सीएम पुष्कर सिंह धामी ने दी बधाई.
उत्तराखंड में नए अध्याय की शुरुआत
लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) गुरमीत सिंह का कार्यकाल पूरा होने के बाद अब डॉ. ढाल सिंह बिसेन के कंधों पर उत्तराखंड के संवैधानिक संरक्षक की जिम्मेदारी होगी. एक अनुभवी राजनेता और प्रशासक के तौर पर उनका देवभूमि आना राज्य के राजनीतिक और प्रशासनिक संतुलन की दृष्टि से काफी अहम माना जा रहा है.